भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान और बीसीसीआई के पूर्व अध्यक्ष सौरव गांगुली और उनकी पत्नी को जान से मारने की धमकी मिल रही है। रिपोर्ट्स के अनुसार, सौरव गांगुली और उनकी पत्नी डोना गांगुली को धमकी भरे पत्र मिले हैं, जिनमें उन्हें और परिवार को खत्म करने की धमकी दी गई है। इस मामले में सौरव गांगुली के परिवार की ओर से कोलकाता के ठाकुरपुकुर पुलिस थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और परिवार की सुरक्षा की समीक्षा भी की जा रही है।

 

रिपोर्ट्स के मुताबिक, गांगुली परिवार को इस तरह के पत्र पिछले करीब छह महीनों से मिल रहे थे। बताया जा रहा है कि शुरुआत में परिवार ने इन्हें गंभीरता से नहीं लिया और परिवार ने माना गया कि कोई नाराज या अतिउत्साही प्रशंसक इस तरह के पत्र भेज रहा है। लेकिन हाल के पत्रों में इस्तेमाल की गई भाषा ज्यादा आक्रामक और गंभीर होने के बाद परिवार ने पुलिस से संपर्क किया।

 

यह भी पढ़ें: हिमाचल प्रदेश पुलिस में बड़ा फेरबदल, तीन IPS, 53 HPS अधिकारियों के तबादले

 

सौरव और गोना गांगुली को मिले पत्र

पुलिस शिकायत के मुताबिक, हाल ही में सौरव गांगुली और उनकी पत्नी डोना गांगुली के नाम से दो और पत्र मिले। इनमें दोनों के खिलाफ आपत्तिजनक बातें लिखे जाने के साथ उनकी जान और सुरक्षा को लेकर धमकियां दी गई थीं। शिकायत में गांगुली के साथ काम करने वाले स्टाफ की सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई गई है।

पर्सनल सेक्रेटरी ने दर्ज कराई शिकायत

इस मामले में सौरव गांगुली की निजी सचिव तानिया भट्टाचार्य ने ठाकुरपुकुर थाने में लिखित शिकायत दी है। शिकायत में कहा गया है कि वह गांगुली की ओर से पुलिस का ध्यान इन धमकी भरे पत्रों की ओर दिला रही हैं। पुलिस से पत्र भेजने वाले व्यक्ति की पहचान करने और गांगुली, उनकी पत्नी तथा स्टाफ की सुरक्षा सुनिश्चित करने का अनुरोध किया गया है। रिपोर्ट के अनुसार, ताजा पत्र कूरियर के जरिए गांगुली के घर भेजा गया था। बाद में इसे उनके ऑफिस में खोला गया। पत्र अंग्रेजी में लिखा गया था और इसमें गांगुली तथा उनके परिवार को खत्म करने की धमकी दी गई थी।

पत्र में क्या लिखा?

स्पोर्ट्स तक की रिपोर्ट के मुताबिक, जिस धमकी भरे पत्र की जानकारी सामने आई है, उस पर 1 अगस्त की तारीख लिखी हुई थी। भेजने वाले के स्थान पर 'God' यानी भगवान लिखा गया था। यह दो पन्नों का पत्र बताया गया है, जिसमें कई तरह की बातें लिखी गई थीं और सौरव गांगुली तथा उनके परिवार को खत्म या तबाह करने की धमकी दी गई थी।

 

यह भी पढ़ें: इंदिरा गांधी की हत्या के केस में बाप को फांसी, अब बेटा पंजाब में चुनाव लड़ेगा

किसने भेजा कूरियर?

पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि धमकी भरा पैकेट कूरियर के जरिए भेजा गया था। पैकेट पर भेजने वाले का नाम अरुण कुमार और पता बेलघरिया का दर्ज था। पैकेट पर एक फोन नंबर भी दिया गया था, जिससे शुरुआती तौर पर अरुण कुमार नाम सामने आया। हालांकि, पुलिस अभी यह पता लगाने में जुटी है कि वास्तव में पत्र इसी व्यक्ति ने भेजे हैं या किसी ने किसी दूसरे व्यक्ति की पहचान का इस्तेमाल किया है।

 

पुलिस अब पत्र, कूरियर रिकॉर्ड और पैकेट पर दर्ज जानकारी के आधार पर जांच आगे बढ़ा रही है। जांच का मुख्य फोकस यह पता लगाना है कि पत्र कहां से भेजे गए, इन्हें किसने तैयार किया और पैकेट पर लिखे नाम-पते की वास्तविकता क्या है। पुलिस धमकी के पीछे की वजह का भी पता लगाने में जुटी है। इसके साथ ही पुलिस का गांगुली परिवार की सुरक्षा की समीक्षा कर रही है और जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त सुरक्षा दी जा सकती है।