महाराष्ट्र की राजनीति में चल रही तमाम अटकलों के बीच नेशनलिस्ट कांग्रेस पार्टी (NCP) (शरदचंद्र पवार) की सांसद सुप्रिया सुले ने केंद्र के प्रस्तावित परिसीमन बिल (Delimitation Bill) को लेकर नरम रुख अपनाया है। जहां एक तरफ ज्यादातर विपक्षी दल सरकार के इस कदम का विरोध कर रहे हैं। वहीं सुले का मानना है कि बिल के प्रावधान सामने आने से पहले ही उसका विरोध करना जल्दबाजी होगी। उनका कहना है कि पहले बिल पेश होने देना चाहिए फिर इस पर कोई प्रतिक्रिया देनी चाहिए।
पत्रकारों से बात करते हुए सुले ने कहा कि पहले पूरा बिल सामने आने देना चाहिए। उनके मुताबिक, लोकतंत्र की मजबूती के लिए यह जरूरी नहीं है कि विपक्ष हर बात का विरोध ही करें। उन्होंने पहलगाम की घटना को याद करते हुए कहा कि देश की सभी पार्टियों ने विदेश में जाकर एक साथ मिलकर इसका विरोध किया था।
यह भी पढ़ें: 'TMC छोड़कर BJP में चले जाइए', प्रणब मुखर्जी ने शुभेंदु को यह सलाह क्यों दी थी?
NDA में जाने की अटकलों को किया खारिज
मीडिया से बात करते हुए सुप्रिया सुले ने काह कि देश के इतिहास में ऐसे कई मौके आए हैं जब सत्ता पक्ष और विपक्ष ने देशहित में साथ मिलकर कानून पास किए हैं। सुले ने साफ किया कि बिल आने के बाद उनकी पार्टी उस पर चर्चा करेगी, जरूरी बदलावों का सुझाव देगी। अगर यह देश के हित में हुआ तो इसका समर्थन भी करेगी।
परिसीमन विधेयक पर NCP-SCP सांसद सुप्रिया सुले ने कहा, 'पहले विधेयक को पेश होने दीजिए। पूरा विधेयक हमारे हाथ में आने दीजिए। एक बार जब यह हमारे पास आ जाएगा, तो हम इस पर चर्चा कर सकते हैं और हो सकता है कि यह एक अच्छा विधेयक साबित हो। देश में ऐसे कई मौके आए हैं जब विपक्ष और सत्ता पक्ष ने राष्ट्रीय हित में कानून पास करने के लिए मिलकर काम किया है।'
परिसीमन बिल पर सुप्रिया सुले के इस बयान के बाद महाराष्ट्र की सियासत में यह चर्चा तेज हो गई कि क्या शरद पवार का गुट बीजेपी के नेतृत्व वाले NDA के करीब जा रहा है। हालांकि, बुधवार को कराड में पत्रकारों से बात करते हुए सुले ने इन सभी खबरों को महज 'गपशप' बताकर खारिज कर दिया।
केंद्र में मंत्री बनने या महाराष्ट्र का मुख्यमंत्री बनने की खबरों पर चुटकी लेते हुए सुले ने कहा कि ऐसी अटकलें पिछले कई सालों से उनके पीछे पड़ी हैं। उन्होंने हंसते हुए कहा, 'पिछले 12 सालों से मैं मंत्री पद की शपथ ले रही हूं। मेरे साथ यह अन्याय मत कीजिए, 2014 से ही मुझे लगातार मंत्री बनाया जा रहा है।' शरद पवार और अजित पवार के गुटों के फिर से एक होने की चर्चाओं पर भी सुले ने स्थिति साफ की। उन्होंने दोहराया कि एक विमान हादसे में अपने चचेरे भाई अजित पवार के निधन के साथ ही दोनों गुटों के विलय की संभावना खत्म हो चुकी है।
परिसीमन और महिला आरक्षण बिल पर विवाद
दरअसल, यह पूरा राजनीतिक घमासान महिला आरक्षण और लोकसभा सीटों के परिसीमन को लेकर चल रहा है। प्रस्तावित परिसीमन बिल के जरिए लोकसभा सीटों की संख्या बढ़ाकर 850 करने का लक्ष्य है। NDA सरकार का कहना है कि नई जनगणना के आंकड़ों के हिसाब से परिसीमन करना संवैधानिक जरूरत है। इसी के बाद लोकसभा और विधानसभाओं में महिलाओं को 33 % आरक्षण लागू किया जा सकेगा।
यह भी पढ़ें: UP-दिल्ली में ठंड और कोहरा बढ़ेगा, इन राज्यों में आज बारिश का अलर्ट
दूसरी तरफ, कांग्रेस के नेतृत्व वाला विपक्षी 'इंडिया' गठबंधन चाहता है कि महिला आरक्षण को परिसीमन से न जोड़ा जाए। इसे मौजूदा 543 सीटों वाली लोकसभा में ही तुरंत लागू किया जाए। इससे पहले 16 अप्रैल को लोकसभा की सीटें 850 करने और 2023 में पास हुए महिला आरक्षण कानून को तेजी से लागू करने के लिए 'संविधान (131वां संशोधन) विधेयक, 2026' पेश किया गया था। लेकिन सदन में दो-तिहाई का जरूरी विशेष बहुमत न मिल पाने के कारण यह बिल पास नहीं हो सका था।
