टी 20 वर्ल्ड कप 2026 में आज दक्षिण अफ्रीका और जिम्बाब्वे दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में आमने-सामने होंगे। इस मैच के लिए दर्शकों में जमकर उत्साह है और प्रशासन मैच के दौरान व्यवस्था बनाए रखने में लगा है। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने मैच के कारण एक ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। आज दोपहर से रात 10 बजे तक सेंट्रल दिल्ली में कई रूट पर प्रतिबंध और डायवर्जन लागू रहेगा।
एडवाइजरी के अनुसार, इन उपायों का उद्देश्य सुरक्षा सुनिश्चित करना और यात्रियोम की आवाजाही को आसान बनाना है। आज का यह मैच दोपहर 3:00 बजे से रात 8:00 बजे तक आयोजित होगा। इसे देखते हुए दोपहर 12 बजे से ही डायवर्जन लागू रहेगा। यह डायवर्जन मैच के दो घंटे बाद यानी रात के 10 बजे तक लागू रहेगा।
यह भी पढ़ें: पाकिस्तान के खिलाफ जाकर निभाई दोस्ती! खामेनेई का जाना भारत के लिए झटका?
स्टेडियम के पास जाम की संभावना
ट्रैफिक एडवाइजरी में स्टेडियम के पास जाम की संभावना जताई गई है। ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, जरूरत के आधार पर बहादुरशाह जफर मार्ग और जेएलएन मार्ग पर डायवर्जन या प्रतिबंध लगाया जा सकता है। दरियागंज से बहादुरशाह जफर मार्ग और गुरु नानक चौक से आसफ अली रोड तक भारी वाहनों की आवाजाही पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी।
राजघाट से दिल्ली गेट होते हुए कमला मार्केट राउंडअबाउट तक जेएलएन मार्ग (दोनों कैरिजवे), तुर्कमान गेट से दिल्ली गेट तक आसफ अली रोड और दिल्ली गेट से रामचरण अग्रवाल चौक तक बहादुरशाह जफर मार्ग पर दोपहर 12 बजे से रात के 10 बजे तक जाने से बचने की सलाह दी गई है।
रेलवे स्टेशन जाने वालों को हो सकती है दिक्कत
अगर आप आज नई दिल्ली रेलवे स्टेशन से यात्रा का प्लान बना रहे हैं तो ट्रैफिक एडवाइजरी को ध्यान में रखना जरूरी है। आईटीओ चौक और बहादुरशाह जफर मार्ग पर भारी ट्रैफिक की संभावना है। स्टेडियम के गेट नंबर 1 से 8 तक में एंट्री बहादुरशाह जफर मार्ग से ही होगी। गेट नंबर 10 से 15 के लिए जेएलएन मार्ग और अंबेडकर स्टेडियम बस टर्मिनल की ओर से एंट्री मिलेगी। गेट नंबर 16 से 18 में एंट्री बहादुरशाह जफर मार्ग पर स्थित पेट्रोल पंप के पास से होगी। इसलिए इन रास्तों पर ट्रैफिक जाम की संभावना है।
यह भी पढ़ें: नागपुर की कंपनी में भयानक विस्फोट, 15 की मौत; 18 घायल
सड़क पर पार्किंग पर होगी कार्रवाई
ट्रैफिक पुलिस ने साफ किया है कि बहादुरशाह जफर मार्ग, जेएलएन मार्ग और राजघाट से आई.पी. फ्लाईओवर तक रिंग रोड पर मैच के दिन सड़क किनारे खड़े वाहनों को टो कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। ऐप-आधारित टैक्सी के लिए पिक-अप और ड्रॉप प्वाइंट गेट नंबर 2 (मौलाना आजाद मेडिकल कॉलेज के पास) और राजघाट चौक पर निर्धारित किए गए हैं। इन्हीं जगहों से आपको टैक्सी मिलेगी। ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से ट्रैफिक एडवाइजरी को ध्यान में रखते हुए इन रास्तों पर गैर जरूरी यात्रा ना करने और सहयोग करने की अपील की है।
