आईटी कंपनी टीसीएस (Tata Consultancy Services) के नासिक ऑफिस में एक नई शादीशुदा महिला कर्मचारी पर यौन उत्पीड़न, अश्लील टिप्पणियों और जबरन धर्म परिवर्तन के गंभीर आरोप लगे हैं। इस मामले में अब तक 8 लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें एक महिला ऑपरेशंस मैनेजर भी शामिल है। नासिक पुलिस की स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) ने 9 FIR दर्ज की हैं।

 

पीड़िता महिला ने पुलिस को बताया कि जून 2025 में शादी के बाद वह नासिक के टीसीएस ऑफिस में असोसिएट के रूप में जॉइन हुई। ट्रेनिंग के दौरान उसके ट्रेनिंग लीडर शाहरुख कुरैशी और जयेश गुंजल थे। टीम लीड रजा मेमन (Raza Menon) बार-बार उसके पास आकर व्यक्तिगत सवाल पूछते थे।

 

यह भी पढ़ें: कौन है निदा खान? नासिक TCS कंपनी में धर्म बदलवाने के लगे आरोप

महिला ने लगाए आरोप

महिला ने पुलिस को दिए बयान में कहा, 'रजा मेमन पूछते थे - 'पति पुणे में है, अकेले कैसे मैनेज करती हो? डर नहीं लगता? कोई भी मदद चाहिए तो बताना, मैं हमेशा मदद करूंगा।' शादी को सिर्फ एक महीना हुआ था, फिर भी वह पूछते - 'हनीमून कहां घूम आईं? क्या-क्या किया?'

 

उन्होंने आरोप लगाया कि शाहरुख कुरैशी रजा को उकसाते थे। दोनों मिलकर उसे 'प्लेयर' कहकर बुलाते और उसके वैवाहिक जीवन पर अश्लील टिप्पणियां करते। रजा ने कहा था, 'पति से न बने तो हमें बता दो, हम सिखाएंगे। पहले कितने बॉयफ्रेंड रहे होंगे? परिवार को पता चला तो क्या होगा?'

साड़ी खींचने का आरोप

महिला ने बताया कि मार्च में गुड़ी पाडवा के दिन रजा ने लॉबी में उसकी साड़ी का पल्लू खींचा। जब वह घूमी तो रजा पल्लू हाथ में लेकर अश्लील नजरों से देखकर मुस्कुरा रहा था।

 

ट्रेनिंग के बाद जब वह नियमित काम पर लगी तो दूसरे टीम के आसिफ अंसारी ने भी परेशान करना शुरू कर दिया। वह बिना वजह उसके पास बैठता, हाथ पकड़ता, जांघ और कंधे पर हाथ रखता। एक बार उसने पेट और कमर छूते हुए कहा, 'तुम्हारा जीरो फिगर है।'

 

आसिफ ने कथित तौर पर कहा, 'मुझे तुम पसंद हो। तुम पति के लिए खाना बनाती हो, मेरे लिए भी बनाकर लाना। शादी के बाद भी एक बॉयफ्रेंड और रख सकती हो। तुम्हारी शारीरिक जरूरतें मैं पूरी करूंगा।' महिला ने कहा कि आसिफ ने हिंदू देवी-देवताओं पर भी आपत्तिजनक टिप्पणियां कीं। जब वह विरोध करती तो वह कहता, 'क्या तुम तरक्की नहीं करना चाहती?' महिला ने इंस्टाग्राम और लिंक्डइन पर ब्लॉक करने के बाद भी परेशानी बताई।

TCS की जीरो टॉलरेंस पॉलिसी

टीसीएस ने कहा कि उसके पास ऐसी कोई शिकायत पहले नहीं आई थी। कंपनी का कहना है कि यौन उत्पीड़न और जबरन धर्मांतरण पर जीरो टॉलरेंस पॉलिसी है। आरोपियों को सस्पेंड कर दिया गया है। कंपनी ने अब इंटरनल जांच के लिए ओवरसाइट पैनल बनाया है और बाहर के एक्सपर्ट्स को भी शामिल किया है।

क्या बोले फडणवीस?

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इस मामले को गंभीर बताते हुए कहा कि यह 'कॉर्पोरेट जिहाद' जैसा लगता है। रजा मेमन के परिवार ने आरोपों को झूठा बताया है। उनके चाचा आयाज काजी ने कहा कि यह 'साजिश' है।

 

यह भी पढ़ें: 'कोई बड़ा स्कैंडल नहीं, बजरंग दल ने रची साजिश'; TCS नासिक केस के आरोपी के चाचा

 

रजा एक अच्छा परफॉर्मर है, इसलिए ऑफिस पॉलिटिक्स और दुश्मनी की वजह से यह केस किया गया। परिवार ने कम्यूनल डिस्क्रिमिनेशन का भी आरोप लगाया। पुलिस इस पूरे मामले की जांच कर रही है। टीसीएस ने कहा है कि वह पूरी तरह से सहयोग कर रही है।