दिल्ली जल बोर्ड से जुड़े एक कथित घोटाले के आरोप में पूर्व मंत्री सत्येंद्र जैन गिरफ्तार हो गए हैं। ऐंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने मंगलवार को आम आदमी पार्टी के नेता सत्येंद्र जैन के अलावा IAS अधिकारी उदित प्रकाश राय, पूर्व सलाहकार अंकित श्रीवास्तव और 3 कारोबारियों को भी गिरफ्तार किया गया। अब AAP नेताओं का कहना है कि ये सब भारतीय जनता पार्टी (BJP) के इशारे पर पंजाब चुनाव को ध्यान में रखते हुए हो रहा है। AAP के मुताबिक, सत्येंद्र जैन पंजाब के सह प्रभारी हैं इसलिए बीजेपी की एजेंसियां सक्रिय हो गई हैं। अपने सहयोगी सत्येंद्र जैन का बचाव करते हुए AAP के मुखिया अरविंद केजरीवाल ने कहा है कि पिछला केस भी फर्जी था और इस बार भी फर्जी ही साबित होगा। उन्होंने कहा है कि बीजेपी के पाप का घड़ा भर गया है और अब मोदी सरकार का अंत तय है।
इससे पहले मंगलवार रात को ACB ने सत्येंद्र जैन के अलावा 5 और लोगों को गिरफ्तार किया। आरोप है कि सत्येंद्र जैन के साथ इन लोगों ने मिलकर STP बनाने और अपग्रेड करने का ठेका देने के लिए नियमों में ऐसे बदलाव किए ताकि एक ही कंपनी को फायदा मिले। आरोप है कि इसके बदले पैसे भी लिए गए। यही वजह है कि सत्येंद्र जैन के अलावा दिल्ली जल बोर्ड के CEO रहे उदित प्रकाश राय, दिल्ली जल बोर्ड के कंसल्टेंट रहे अंकित श्रीवास्तव और तीन कंपनियों के मालिकों को भी गिरफ्तार किया। गिरफ्तार किए गए कारोबारियों में यूराटेक के मालिक राजा कुमार कुर्रा भी हैं जिनकी कंपनी देश के कई राज्यों में लंबे समय से STP बनाने का काम करती रही है।
यह भी पढ़ें: दिल्ली सरकार के पूर्व मंत्री सत्येंद्र जैन फिर गिरफ्तार, जल बोर्ड केस में एक्शन
क्या बोले अरविंद केजरीवाल?
सत्येंद्र जैन की गिरफ्तारी पर अरविंद केजरीवाल ने अपने X हैंडल पर लिखा है, 'सत्येन्द्र जैन जी को एक बार फिर बीजेपी ने गिरफ्तार करवा दिया है। अभी कुछ वक्त पहले इन लोगों ने जेल में डालकर उनकी जो दुर्दशा की थी, वह सबको याद है। पिछला केस भी फर्जी था और यह केस भी फर्जी साबित होगा। आखिर कब तक बीजेपी की ये तानाशाही चलती रहेगी? जिसे मन करता है, झूठे आरोप लगाकर जेल में डाल देते हैं। इनका झूठ एक बार फिर देश के सामने आएगा लेकिन जेल में बिताए उस वक्त और मानसिक प्रताड़ना की भरपाई कौन करेगा?'
उन्होंने आगे लिखा है, 'बीजेपी के पाप का घड़ा अब भर चुका है। ये चाहे जितनी तानाशाही कर लें, अब मोदी सरकार का अंत तय है। पूरी आम आदमी पार्टी और देश की जनता सत्येन्द्र जैन जी के साथ मज़बूती से खड़ी है।'
मनीष सिसोदिया ने भी उठाए सवाल
AAP नेता और पूर्व डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया ने भी इस पर सवाल उठाए हैं और लिखा है, 'पंजाब चुनाव से ठीक पहले पंजाब के सहप्रभारी सत्येंद्र जैन को गिरफ्तार किया गया है। पहले भी उनको ढाई साल तक फ़र्ज़ी मामले में जेल में रखा और अब फिर... एक और फ़र्ज़ी मामला। GenZ आंदोलन से लेकर राम मंदिर में चंदाचोरी और E20 तक के मुद्दों पर घिरी बीजेपी अब फिर से ED-ACB- CBI के पुराने चुनावी हथकंडे पर उतर आई है।' AAP का कहना है कि इसी तरह से सत्येंद्र जैन को पिछली बार तब गिरफ्तार किया गया था जब वह हिमाचल प्रदेश में AAP के प्रभारी थे।
यह भी पढ़ें: PWD भर्ती केस में सत्येंद्र जैन के खिलाफ नहीं मिला सबूत, केस बंद
डेढ़ साल जेल में बंद रहे थे सत्येंद्र जैन
बता दें कि मनी लॉन्ड्रिंग के आरोप में ईडी ने सत्येंद्र जैन को पिछली बार 30 मई 2022 को गिरफ्तार किया था। तब वह दिल्ली सरकार में मंत्री थे। बाद में उन्होंने इस्तीफा दे दिया था। अक्तूबर 2024 में लगभग डेढ़ साल जेल में रहने के बाद उन्हें जमानत मिनल गई थी और वह बाहर आ गए थे।
तब उन्हें आय से अधिक संपत्ति के मामले में गिरफ्तार किया गया था। आरोप था कि उन्होंने हवाला और शेल कंपनियों के जरिए करोड़ों रुपये कमाए थे।
