तमिलनाडु में सत्ताधारी पार्टी TVK के MLA अरुल विग्नेश पर कल्लाकुरिची की महिला जिला कलेक्टर को अश्लील मैसेज भेजने और उनके सरकारी आवास पर जाकर परेशान करने के आरोप लगे हैं। इस मामले को लेकर विपक्षी पार्टियों ने सरकार को घेरा है। DMK सांसद कनिमोझी और कांग्रेस सांसद जोतिमणि ने मुख्यमंत्री विजय से जवाब मांगा है। विधायक ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को गलत और झूठा बताया है। विधायक ने इसे अपनी और पार्टी की छवि खराब करने की कोशिश करार दिया है।
यह मामला पिछले कुछ दिनों से सोशल मीडिया पर काफी चर्चा में है। DMK सांसद कनिमोझी ने इन खबरों पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए आरोप लगाया कि कल्लाकुरिची की जिला कलेक्टर को विधायक ने अश्लील मैसेज भेजे थे। साथ में उन्होंने यह भी दावा किया कि विधायक ने शराब के नशे में कलेक्टर के सरकारी आवास पर पहुंचकर उन्हें परेशान किया।
यह भी पढ़ें: तमिलनाडु में पेरियार के नाम पर बनी लाइब्रेरी पर क्यों भिड़ीं DMK और TVK?
DMK सांसद कनिमोझी ने उठाए सवाल
कनिमोझी ने आरोप लगाते हुए यह भी कहा कि घटना के बाद से कलेक्टर की सुरक्षा के लिए एक निजी सुरक्षा अधिकारी तैनात किया गया। उन्होंने राज्य की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए और साथ ही CM विजय से इस मामले में जवाब मांगा।
इतना ही नहीं कांग्रेस सांसद जोतिमणि ने भी इन आरोपों पर अपनी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि अगर आरोप सही पाए जाते हैं तो मुख्यमंत्री को सख्त कार्रवाई करनी चाहिए। कांग्रेस सांसद ने बताया कि तमिलनाडु में 50 फीसदी जिला कलेक्टर महिलाएं हैं। यह सरकार के महिला अधिकारियों पर भरोसे को दिखाता है। उन्होंने कहा कि इस तरह की घटनाओं से पार्टी और सरकार की छवि खराब हो सकती है। इसलिए शुरुआत में ही ऐसे मामलों पर रोक लगाना जरूरी है।
विधायक ने आरोपों को बताया राजनीतिक साजिश
विधायक अरुल विग्नेश ने सभी आरोपों को खारिज किया है। विधायक ने कहा कि वह सरकारी अधिकारियों का बहुत सम्मान करते हैं। विधायक के अनुसार, ऐसी कोई घटना हुई ही नहीं है। विधायक ने विपक्ष पर आरोप लगाया कि राजनीतिक दुश्मनी के चलते उन्हें और उनकी पार्टी को निशाना बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि वह अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ पुलिस में शिकायत करेंगे। साथ ही किसी भी जांच का सामना करने के लिए तैयार हैं।
यह भी पढ़ें: घर छोड़ने के बहाने कार में बैठाकर किया यौन शोषण करने का आरोप, TVK नेता गिरफ्तार
TVK ने जांच और सख्त कार्रवाई की बात कही
TVK नेता राज मोहन ने कहा कि मुख्यमंत्री विजय की सरकार किसी के पद या राजनीतिक पहचान को देखकर पक्षपात नहीं करेगी। अगर पीड़ित व्यक्ति शिकायत दर्ज कराता है तो मामले की पूरी जांच होगी। यहां तक कि आरोप सही पाए जाने पर सख्त कार्रवाई भी की जाएगी। फिलहाल ये आरोप सोशल मीडिया पर सामने आई अपुष्ट खबरों पर आधारित हैं।
