केंद्रीय गृह राज्य मंत्री बंदी संजय कुमार के बेटे बंदी साई भागीरथ को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उन्हें तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद के नजदीक नरसिंगी कस्बे से पकड़ा है। बंदी साई भागीरथ के खिलाफ 8 मई को एक 17 वर्षीय नाबालिग लड़की की मां की शिकायत पर पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था।
शुरुआती आधार पर जानकारी मिली थी कि आरोपी बंदी साई भागीरथ ने आत्मसमर्पण किया है। हालांकि बाद में पुलिस ने खुद ही गिरफ्तारी की पुष्टि की।
यह भी पढ़ें: 'चौथा बच्चा पैदा करिए 40 हजार देंगे', आंध्र प्रदेश के CM चंद्रबाबू नायडू का एलान
क्या है पूरा मामला?
8 मई को 17 वर्षीय नाबालिग लड़की की मां ने साई भागीरथ के खिलाफ भारतीय न्याय सहिंता और पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कराया था। महिला ने आरोप लगाया कि केंद्रीय मंत्री का बेटा उनकी बेटी के साथ रिश्ते में था। एक फार्म हाउस में दो बार यौन उत्पीड़न भी किया। बाद में बंदी भागीरथ ने भी एक शिकायत दी। आरोप लगाया कि लड़की के माता-पिता ने शादी का दबाव डाला। मना करने पर पैसे मांगे और झूठे मामले में फंसाने की धमकी दी।
भागीरथ का दावा है कि डर की वजह से उसने 50 हजार रुपये की रकम दे भी दी थी। मगर बाद में परिवार 5 करोड़ की मांग करने लगा। यह भी धमकी दी कि अगर रकम नहीं दी गई तो नाबालिग की मांग आत्महत्या कर लेगी। अपनी शिकायत में केंद्रीय मंत्री के बेटे ने लड़की के साथ जान-पहचान होने की बात स्वीकार की और बताया कि लड़की को पारिवारिक कार्यक्रमों में आमंत्रित भी किया गया था। साथ में कुछ तीर्थस्थलों की यात्रा भी की थी।
हाई कोर्ट से भागीरथ को नहीं मिली राहत
उधर, गिरफ्तारी से बचने की खातिर बंदी भागीरथ ने तेलंगाना हाई कोर्ट की शरण ली। मगर हाई कोर्ट से उन्हें कोई अंतरिम राहत नहीं मिली। अंतरिम अग्रिम जमानत याचिक पर सुनवाई करते हुए हाई कोर्ट ने कहा कि वह इस चरण में कोई अंतरिम आदेश देने के पक्ष में नहीं है। इस बीच, साइबराबाद पुलिस ने बंदी भागीरथ के खिलाफ लुक-आउट सर्कुलर जारी किया था, ताकि वह विदेश न भाग सके। हालांकि केंद्रीय मंत्री बंदी संजय कुमार का कहना है कि मैंने अपने बेटे को पुलिस के सामने पेश होने और जांच में शामिल होने को कहा था।
यह भी पढ़ें: महिला को पीटा, चप्पलों की माला पहनाई, निर्वस्त्र करके घुमाया
सियासत भी हुई तेज, के. कविता ने पीएम को लिखी चिट्ठी
इस पूरे मामले में तेलंगाना में सियासत भी तेज हो गई है। तेलंगाना रक्षा सेना (TRS) की अध्यक्ष के. कविता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखा। इसमें उन्होंने केंद्रीय गृह राज्य मंत्री संजय कुमार को केंद्रीय मंत्रिमंडल से हटाने की मांग की, ताकि बेटे से जुड़े पॉक्सो मामले की निष्पक्ष और स्वतंत्र जांच हो सके।
