आज उत्तर भारत से दक्षिण भारत तक मौसम का मिजाज बदलने वाला है। पिछले 24 घंटे में उत्तर भारत के अधिकांश राज्यों में बादल छाए रहे और हल्की बारिश भी दर्ज की गई। दिल्ली-एनसीआर, हरियाणा, पंजाब और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बादलों की गरज और बिजली की चमक के साथ बारिश हुई और कहीं-कहीं हल्के ओले भी गिरे, जिससे किसानों की फसलों को मामूली नुकसान हुआ। इशके अलावा पहाड़ी राज्यों में पश्चिमी विक्षोभ का असर दिखा, जिसके कारण वहां बर्फबारी और बारिश के कारण मौसम खराब रहा। आज भी मौसम का मिजाज बदला हुआ रहने की संभावना है और कुछ जगहों पर बारिश गिरने का पूर्वानुमान है।
मौसम विभाग के मुताबिक, आज यानी 19 फरवरी को 5 राज्यों में बारिश और तूफान की संभावना है। मौसम में आए इस परिवर्तन के चलते तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की कमी आ सकती है, जिससे दिन के समय भी गर्मी नहीं सताएगी। इस दौरान गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने की संभावना है।
यह भी पढ़ें: मियां-बीवी निकले ड्रग तस्कर, दिल्ली बॉर्डर पर 7.5 करोड़ की हेरोइन संग गिरफ्तार
किन राज्यों में होगी बारिश?
मौसम विभाग ने जिन 5 राज्यों में बारिश की संभावना जताई है उनमें उत्तराखंड, हिमाचल, तमिलनाडु, केरल और अंडमान निकोबार द्वीप समूह शामिल हैं। इस दौरान तेज हवा के झोंके लोगों की मुश्किलें बढ़ा सकती है। मौसम विभाग ने मछुआरों को समुद्री तट के करीब जाने से बचने की सलाह दी है। 19 फरवरी को अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में गरज, बिजली और 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ छिटपुट बारिश की संभावना है।
दिल्ली का मौसम
दिल्ली में आज हल्की बारिश की संभावना है। इसके साथ ही तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है, जिससे दिन के समय लोगों को गर्मी का अहसास नहीं होगा। मौसम विभाग के मुताबिक 20 फरवरी से एक बार फिर से राजधानी दिल्ली का तापमान 2 से 3 डिग्री तक चढ़ जाएगा और गर्मी का ऐहसास होगा। हालांकि, मौसम में बदलाव के बावजूद भी दिल्ली में प्रदूषण का स्तर खराब श्रेणी में बना हुआ है। सीपीसीबी के मुताबिक, बुधवार को एक्यूआई 220 के आसपास दर्ज किया गया।
यूपी-बिहार में कैसा रहेगा मौसम?
यूपी में आज यानी 19 फरवरी को हल्की बारिश की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक जिन जिसों में बारिश की संभावना है उनमें मेरठ, गौतम बुद्ध नगर, बुलंदशहर, गाजियाबाद, हापुड़, बागपत, शामली औक मुजफ्फरनगर शामिल हैं। बिहार में बारिश की कोई संभावना नहीं है। हालांकि, गुलाबी ठंड की स्थिति बनी रहेगी। सुबह शाम की ठंड अभी भी लोगों को परेशान कर सकती है।
यह भी पढ़ें: बिहार के इन 3 जिलों में महिलाओं को मुफ्त में मिलेंगे हॉस्टल, जानिए सुविधाएं
पहाड़ी राज्यों का मौसम
पहाड़ी राज्यों की बात करें तो उत्तराखंड में आज मौसम खराब रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने उत्तराखंड में बारिश होने की संभावना जताई है। नैनीताल, देहरादून, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग और हरिद्वार में आज बारिश देखने को मिल सकती है। इसके साथ ही 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा की तेज रफ्तार से हवा भी चल सकती है।
हिमाचल प्रदेश में कहीं-कहीं हल्की बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, सोलन, कुल्लू, सिरमौर, उना, लाहौल और स्पीति में बारिश हो सकती है। इसके साथ ही ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना है।
जम्मू-कश्मीर में बारिश का कोई अलर्ट या पूर्वानुमान मौसम विभाग ने नहीं जारी किया है। हालांकि, सोनमर्ग, गुलमर्ग, डोडा और बनिहाल में बर्फबारी की संभावना है। वहीं, श्रीनगर में कल अधिकतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस तो न्यूनतम तापमान 1 डिग्री सेल्सियस रहेगा। जम्मू में कल अधिकतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रहेगा और न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस रहेगा।
