देश के कई हिस्सों में लगातार बारिश का दौर जारी है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के पूर्वानुमान के मुताबिक, आज 21 अगस्त को मध्य भारत, उत्तर भारत और पूर्वी भारत के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी रहेगा। कई स्थानों पर भारी बारिश के साथ तेज हवाएं और बिजली गिरने की आशंका भी जताई गई है। मौसम विभाग ने लोगों को स्थानीय चेतावनियों पर नजर रखने और खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी है।

 

पिछले 24 घंटों में मध्य प्रदेश में लगातार हो रही बारिश ने कई इलाकों में मुश्किलें बढ़ा दी हैं। मौसम विभाग के अनुसार, 20 से 26 अगस्त तक पूर्वी मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है, जबकि 20 से 25 अगस्त के बीच पश्चिमी मध्य प्रदेश में भी कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। खास तौर पर पूर्वी मध्य प्रदेश में 20-21 अगस्त को कहीं-कहीं बहुत भारी बारिश का अनुमान है।

 

यह भी पढ़ें: हरियाणा: 1 लाख से ज्यादा को मिला रोजगार, फिर कांग्रेस को HKRN से दिक्कत क्या?

 

मध्य प्रदेश में आफत

भारी बारिश के कारण मध्य प्रदेश के कई जिलों में जलभराव और निचले इलाकों में पानी भरने का खतरा बढ़ गया है। मौसम विभाग ने 21 अगस्त को सुबह 11:30 बजे तक पूर्वी मध्य प्रदेश के टीकमगढ़, सतना, रीवा, छतरपुर, दमोह, जबलपुर, कटनी, उमरिया, पन्ना, सीधी, शहडोल, डिंडोरी और अनूपपुर समेत कई जिलों में कम से मध्यम फ्लैश फ्लड के खतरे की चेतावनी दी है। लगातार बारिश की स्थिति में निचले इलाकों में सतही पानी का बहाव और जलभराव की स्थिति बन सकती है।

 

मौसम विभाग के मुताबिक 20 अगस्त को पूर्वी मध्य प्रदेश में भारी बारिश का असर भी दर्ज हुआ। रीवा में 19 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई, जबकि छत्तीसगढ़ के मुंगेली में 14 सेंटीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि मध्य भारत में बारिश कितनी सक्रिय बनी हुई है।

 

दिल्ली-NCR में बादल और हल्की बारिश

राजधानी दिल्ली में 21 अगस्त को आसमान में बादल छाए रहने का अनुमान है। सुबह से दोपहर के बीच कई जगहों पर बहुत हल्की से हल्की बारिश हो सकती है, जबकि रात में भी बूंदाबांदी की संभावना है। अधिकतम तापमान 33 से 35 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 से 26 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। दिन में उत्तर-पश्चिमी हवाएं चलेंगी, जबकि शाम और रात में पश्चिमी हवाओं की गति बढ़कर करीब 18 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।

उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में भी बारिश

उत्तर भारत में भी मौसम का मिजाज बदला रहेगा। 21 अगस्त को पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना है। उत्तराखंड में 20 से 26 अगस्त तक कुछ इलाकों में आंधी-तूफान और बिजली गिरने की आशंका बनी हुई है। पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार बारिश के कारण स्थानीय स्तर पर जलभराव और भूस्खलन जैसी परिस्थितियों को लेकर भी सतर्कता भरतने की सलाह दी गई है। 

 

यह भी पढ़ें: खाद, पानी, बिजली और किसान सम्मान निधि, सब्सिडी के सहारे चल रही भारत की खेती?

हिमाचल-कश्मीर में भी बारिश का असर

दूसरे पहाड़ी राज्यों हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में 21 अगस्त को मौसम बदलता रहेगा। हिमाचल के कई हिस्सों में भारी बारिश हो सकती है, जबकि जम्मू-कश्मीर के कुछ इलाकों में भी तेज बारिश और गरज-चमक की स्थिति बन सकती है। लगातार बारिश के कारण चंबा, कांगड़ा, मंडी, शिमला और सिरमौर जैसे हिमाचली जिलों में भूस्खलन, अचानक बाढ़ और सड़क संपर्क प्रभावित होने का खतरा बना हुआ है। जम्मू-कश्मीर में डोडा, कठुआ और ऊधमपुर जैसे इलाकों में भी बारिश के चलते स्थानीय स्तर पर जलभराव और फ्लैश फ्लड का जोखिम बढ़ सकता है।

अन्य राज्यों का हाल

पूर्वी भारत में भी मानसून सक्रिय रहेगा। ओडिशा में 21 अगस्त से 26 अगस्त तक कई स्थानों पर बारिश की संभावना है और 21-22 अगस्त तथा 24-26 अगस्त के दौरान कुछ जगहों पर भारी बारिश हो सकती है। बिहार और झारखंड में भी आने वाले दिनों में बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है। इसके अलावा पूर्वोत्तर के राज्यों में भी आज बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी कई हिस्सों में बारिश की संभावना है। कुछ इलाकों में भारी बारिश के साथ आंधी और बिजली गिरने की स्थिति बन सकती है।