देशभर में पिछले कुछ दिनों से आंधी-तूफान और बारिश का दौर जारी है और मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि आज यानी 10 मई को भी इससे राहत नहीं मिलने वाली है। देश के अलग-अलग हिस्सों में इससे गर्मी में भी कमी देखने को मिली है। आज भी मौसम विभाग ने यूपी-बिहार समेत देश के कई राज्यों में बारिश और तूफान की संभावना जताई गई है और कुछ राज्यों में अब तापमान बढ़ना शुरू हो जाएगा। इसके साथ ही कुछ राज्यों में आज लू का अलर्ट भी जारी किया गया है।
मौसम विभाग के अनुसार, आज यानी 10 मई को दिल्ली-एनसीआर में मौसम में बदलाव देखने को मिलने वाला है। मौसम विभाग का अनुमान है कि दिल्ली में आज तापमान बढ़कर 37 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। इसके साथ ही आने वाले दिनों में दिल्ली में भयंकर लू चलने की संभावना है।
यह भी पढ़ें: आतंकी हमले का खतरा? दिल्ली में हाई अलर्ट, चप्पे-चप्पे पर पुलिस, तैयारी क्या है?
यूपी-बिहार में मौसम
उत्तर प्रदेश में एक बार फिर से मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। अलीगढ़, मेरठ, नोएडा, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, बदायूं, सिद्धार्थ नगर, सीतानगर, हरदोई, ज्योतिबाफुले नगर, गोंडा, महाराजगंज में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार, आज से 14 मई तक मौसम में इस तरह के बदलाव देखने को मिलेंगे। इसके साथ ही मौसम विभाग ने कहीं-कहीं ओले गिरने और आकाशीय बिजली गिरने का खतरा बना रहेगा। मौसम में हुए इस बदलाव से लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी।
बिहार में भी उत्तर प्रदेश की तरह ही तरह मौसम खराब रहने वाला है। अगले तीन से चार दिन तक मौसम खराब रहने का अनुमान है। इस दौरान आंशिक तौर पर बादल छाए रहेंगे और तेज आंधी के साथ बारिश होने की भी संभावना है। पटना, गया, भागलपुर, किशनगंज, अररिया, पश्चिमी चंपारण समेत कई आसपास के जिलों में वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के कारण 50 से 60 की रफ्तार से आंधी चलने और बारिश का पूर्वानुमान है।
पहाड़ों पर बर्फबारी
मौसम विभाग के अनुसार, हिमाचल प्रदेश में अगले 24 घंटे में मजबूत वेस्टर्न डिस्टर्बेंस सक्रिय होने जा रहा है, जिससे बाद मौसमी गतिविधियों में और तेजी आएगी। इस दौरान तेज हवाएं चलने का भी अलर्ट जारी किया गया है। हिमाचल के मैदानी इलाकों में ओले गिरने की भी संभावना है।
जम्मू-कश्मीर में आज मौसम शांत है लेकिन आने वाले दिनों में यहां भी पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने वाला है। मौसम विभाग ने बताया कि घाटी समेत कई पर्वतीय और मैदानी हिस्सों पर आंधी चलेगी और गरज-चमक के साथ तेज बारिश व ओले गिरने की संभावना है। इसके साथ ही ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी होने की भी संभावना है।
उत्तराखंड की बात करें तो यहां नैनीताल,अल्मोड़ा, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर, देहरादून और पिथौरागढ़ में भारी बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की स्पीड से हवा चल सकती है। आने वाले कुछ दिनों तक इसी तरह का मौसम बने रहने की संभावना है।
यह भी पढ़ें: मदर्स डे पर मां को दें ये गिफ्ट्स, देखते ही चेहरे पर आ जाएगी मुस्कान
पूर्वोत्तर में मौसम
एक तरफ उत्तर और दक्षिण भारत में लोग गर्मी का सामना कर रहे हैं तो पूर्वोत्तर भारत में लगातार मौसम की गतिविधियों के कारण अभी गर्मी का असर देखने को मिल रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, आज भी पूर्वोत्तर और पूर्वी भारत के हिस्से में बारिश देखने को मिल सकती है। मौसम विभाग के अनुसार, आज असम, अरुणाचल, सिक्किम, ओडिशा और नागालैंड समेत पश्चिम बंगाल और झारखंड के कुछ हिस्सों पर भारी बारिश का पूर्वानुमान है। इसके साथ ही दक्षिण भारत के कई राज्यों में भी आज बारिश होने की संभावना है।
