देशभर में गर्मी का असर दिखने लगा है। उत्तर से दक्षिण भारत तक गर्मी लोगों को परेशान कर रही है। उत्तर भारत के कुछ राज्यों में भी अब पारा 40 डिग्री के पार पहुंचने लगा है। कई राज्यों में अप्रैल के महीने में ही दोपहर के समय बाहर निकलना मुश्किल हो रहा है। वहीं दूसरी ओर पूर्वोत्तर और पूर्वी भारत के कुछ हिस्सों में झमाझम बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग ने 13 राज्यों में बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है। इसके साथ ही मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार, उत्तर भारत के ज्यादातर राज्यों में आज लू चलने की संभावना जताई गई है।
राजधानी दिल्ली और एनसीआर क्षेत्र में मौसम ने अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। मौसम विभाग ने भीषण गर्मी और लू की स्थितियां बनने की बात कही है। 21 से 24 अप्रैल तक लू का अलर्ट जारी किया गया है यानी इस दौरान अगले 2-3 दिन तक दिल्ली वालों को गर्मी परेशान करने वाली है। इस दौरान अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान जताया है।
यह भी पढ़ें: धमकी से डरा दारोगा, नहीं लाया बारात, दुल्हन ने प्रेमी संग लिए सात फेरे
यूपी-बिहार में गर्मी का कहर
उत्तर प्रदेश और बिहार दोनों राज्यों में गर्मी का प्रकोप जारी है। उत्तर प्रदेश के अधिकांश जिले भीषण गर्मी के चपेट में आ चुके हैं। कई जिलों में तो मौसम विभाग ने लू का अलर्ट जारी कर दिया है। बुंदेलखंड में अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है और हीटवेव का अलर्ट जारी कर दिया गया है। मौसम विभाग ने पूर्वी उत्तर प्रदेश के वाराणसी, गोरखपुर, जौनपुर, आज़मगढ़, बलिया, कुशीनगर, देवरिया, मिर्जापुर, गाजीपुर और सोनभद्र में लू का अलर्ट जारी किया है। कानपुर और लखनऊ में भी पारा 42 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दो दिनों में यूपी में गर्मी और बढ़ेगी।
बिहार में भी अब गर्मी ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। यूपी की तरह ही बिहार में भी अगले दो दिन गर्मी बहुत ज्यादा परेशान करने वाली है। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि पटना, अरवल, जहानाबाद, भोजपुर, रोहतास, कैमूर, नालंदा, नवादा, गया, गोपालगंज, सिवान, सारण, पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, मुजफ्फरपुर, सीतामढ़ी, दरभंगा, मधुबनी, वैशाली, समस्तीपुर में लू का अधिक प्रभाव रहेगा। इन जिलों में अधिकतम तापमान 40-42 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है।
इन राज्यों में लू का अलर्ट
मौसम विभाग की आधिकारिक वेबसाइट के अनुसार, आज देश के कई राज्यों में भीषण गर्मी का अलर्ट है। पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, बिहार, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, छत्तीसगढ़ में लू चलने की संभावना है। इसको लेकर मौसम विभाग ने अलर्ट भी जारी कर दिया है और लोगों से सावधान रहने की अपील की है।
इन राज्यों में होगी बारिश
पूर्वोत्तर भारत के राज्यों में 22 अप्रैल को मौसम की गतिविधियां जारी रहने की संभावना है। हिमाचल, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर में आज बारिश का कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है लेकिन 24 अप्रैल को एक नया पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव होगा, जिससे ऊंचाई वाले हिस्सों में बारिश, बर्फबारी और ओले गिरने की संभावना है।
यह भी पढ़ें: वेनेजुएला और ईरान के बाद क्यूबा की बारी! आखिर इस देश के पीछे क्यों पड़े ट्रंप?
पूर्वोत्तर में मौसम
पूर्वोत्तर भारत में अभी भी बारिश की गतिविधियां जारी हैं। मौसम विभाग के अनुसार, असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नगालैंड, त्रिपुरा, मणिपुर और मिजोरम में आज 22 अप्रैल को तेज बारिश के आसार हैं। इस दौरान 50 से लेकर 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तक हवाएं चल सकती हैं। मौसम विभाग ने अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में भारी का अलर्ट जारी किया है। इसके साथ ही आज महाराष्ट्र और गुजारत में भी बारिश के संकेत दिए गए हैं।
