देश के कई हिस्सों में दक्षिण-पश्चिम मानसून अब सक्रिय है और कई हिस्सों में तो मॉनसून अपने साथ आफत लेकर आया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, आज देश के कई राज्यों में बारिश के कारण लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी। इसके साथ ही हिमाचल से मुंबई तक कई जगहों पर बारिश से लोगों को मुश्किलों का सामना भी करना पड़ेगा। मौसम विभाग ने इस हफ्ते कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। इसके साथ ही कई राज्यों में स्थानीय प्रशासन ने मौसम विभाग के पूर्वानुमान को देखते हुए अलर्ट जारी कर दिया है।
बारिश का सबसे ज्यादा असर महाराष्ट्र में, खासकर मुंबई और इसके आस-पास के जिलों में देखने को मिल रहा है। लगातार हो रही तेज बारिश के कारण कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी रही। सड़कों पर पानी भरने से ट्रैफिक बुरी तरह प्रभावित हुआ और लोगों को आवाजाही में परेशानी का सामना करना पड़ा। मुंबई और उसके आस-पास के इलाकों में पिछले कुछ दिनों से बहुत भारी बारिश हो रही है जिससे सड़कों पर जलभराव हो गया है और पेड़ गिरने की घटनाएं हुई हैं। 30 जून से अब तक इन घटनाओं में एक स्कूली छात्र समेत तीन लोगों की मौत हो चुकी है। राहत और बचाव दल ने मौके पर अभियान चलाया और लोगों को बचाने की कोशिश की। लगातार बारिश के कारण निचले इलाकों में पानी भरने की स्थिति भी बनी रही।
यह भी पढ़ें: राम मंदिर ट्रस्ट से चंपत राय, अनिल मिश्रा की विदाई तय! आज की बैठक में होगा फैसला
मुंबई में अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने आज यानी 4 जुलाई को भी मुंबई, ठाणे, पालघर और रायगढ़ के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार, इन जिलों में मध्यम से तेज बारिश के साथ कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश भी हो सकती है। लगातार हो रही भारी बारिश के कारण सोमवार को इन जिलों के सभी सरकारी, निजी और नगर निगम के स्कूलों तथा कॉलेजों में छुट्टी घोषित कर दी गई है। समुद्र में ऊंची लहरें उठने की भी संभावना जताई गई है, जिससे तटीय क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। मौसम विभाग ने बारिश के साथ-साथ तेज हवाओं का भी अलर्ट जारी किया है।
दिल्ली में भी बारिश
दिल्ली-एनसीआर में भी मानसून की एंट्री हो चुकी है। इसके बाद मौसम में बदलाव आया है और तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग ने दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों के लिए येलो अलर्ट जारी करते हुए गरज-चमक, तेज हवाओं और बारिश की संभावना जताई है। मुंबई की ही तरह दिल्ली में भी कई जगहों पर जलभराव की समस्या देखने को मिल रही है।
हिमाचल में तबाही
हिमाचल प्रदेश में लगातार बारिश से जनजीवन प्रभावित हो रहा है। हिमचाल में इस साल भी मॉनसून अपने साथ तबाही लेकर आया है। एक अनुमान के अनुसार, इस साल राज्य में मानसून से हुए नुकसान का आंकड़ा बढ़कर लगभग 16 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। कई स्थानों पर लैंडस्लाइड और मलबा आने से 49 सड़कें बंद हो गई हैं। प्रशासन ने प्रभावित इलाकों में राहत कार्य जारी रखा है। मौसम विभाग के अनुसार, हिमाचल के कंगना, कुल्लू ,चंबा और शिमला में आज भी भारी बारिश देखने को मिल सकती है।
इन राज्यों में भी होगी बारिश
मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार, अगले कुछ घंटों में दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड सहित करीब 15 राज्यों में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। कई इलाकों में तेज हवाएं भी चल सकती हैं। मौसम विभाग ने आज बिहार, गुजरात, महाराष्ट्र में रेड अलर्ट जारी किया है।
यह भी पढ़ें: ऑपरेशन टाइगर और TMC में बगावत के बाद क्या NDA जुटा पाएगा दो तिहाई बहुमत?
पूरे हफ्ते कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार, 2 से 15 जुलाई के बीच पश्चिमी तट, मध्य भारत, उत्तर-पश्चिम भारत और पूर्वी भारत के कई हिस्सों में सामान्य से अधिक बारिश की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं। महाराष्ट्र, कोंकण-गोवा, मध्य प्रदेश, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा और पूर्वोत्तर राज्यों में कई स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर बने कम दबाव के क्षेत्र के प्रभाव से मानसून की गतिविधियां और सक्रिय रह सकती हैं। इसके कारण मध्य भारत, पूर्वी भारत और उत्तर-पश्चिम भारत के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।


