मानसून की विदाई का समय अब नजदीक है लेकिन जाते मानसून में भी कई राज्यों में अच्छी बारिश होने की संभावना है। राजधानी दिल्ली में भी मौसम करवट ले सकता है और दिल्ली समेत एनसीआर में धूल भरी हवाओं  के साथ बारिश हो सकती है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटों में एक नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित करेगा, जिसका असर दिल्ली-एनसीआर समेत कई राज्यों में दिखाई देगा। वहीं शक्ति चक्रवात के चलते महाराष्ट्र और गुजरात में भी मौसम करवट ले सकता है। उत्तर भारत के कई राज्यों में भी आने वाले 48 घंटों में भारी बारिश होने की संभावना है। वहीं कुछ स्थानों पर बारिश के साथ ओले भी गिर सकते हैं। 

 

राजधानी दिल्ली और इससे सटे एनसीआर क्षेत्र में आने वाले 48 घंटे यानी रविवार और सोमवार को बारिश होने के आसार हैं। दिल्ली में तेज हवाएं चलने की भी संभावना है। मौसम विभाग का कहना है कि सोमवार को मौसम ज्यादा खराब रह सकता है। मौसम विभाग ने दिल्ली में येलो अलर्ट जारी किया है। बारिश के साथ-साथ दिल्ली में तेज हवाएं भी चलेंगी। मौसम विभाग के अनुसार,ज्यादातर इलाकों में हवा की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा हो सकती है, वहीं कुछ इलाकों में यह स्पीड 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक जा सकती है। 

 

यह भी पढ़ें -- चक्रवात शक्ति: गुजरात और महाराष्ट्र में डर, मचा सकता है तबाही

 

आज का मौसम

चक्रवात शक्ति से सावधान

अरब सगर में इस सीजन का पहला चक्रवात 'चक्रवात शक्ति' तेजी से आगे बढ़ रहा है। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि शक्ति चक्रवात 5 अक्टूबर तक तेजी से आगे बढ़ेगा और 6 अक्टूबर को गुजरात की ओर यू-टर्न लेगा। इसके बाद चक्रवात की स्पीड कम होने की संभावना है। मौसम वैज्ञानिकों का मानना है कि इस चक्रवात का असर जमीनी इलाकों में बहुत कम होने की संभावना है। हालांकि, मौसम विभाग ने मछुआरों को समुद्र में ना जाने के लिए कहा है।

 

महाराष्ट्र सरकार ने भी एडवाइजरी जारी कर दी है। सरकार ने आपदा प्रबंधन के इंतजाम करने भी शउरू कर दिए हैं। वहीं महाराष्ट्र में तटीय इलाकों में चक्रवात के कारण बारिश की संभावना बन रही है। वहीं गुजरात में भी शक्ति चक्रवात का असर देखने को मिलेगा। द्वारका, जामनगर, पोरबंदर, सूरत, नवसारी और वलसाड में मध्यम से भारी बारिश की संभावना है।

 

यह भी पढ़ें-- ओडिशा से बिहार तक देश के 13 राज्यों में बारिश का अलर्ट, जानें रिपोर्ट 

झारखंड में अलर्ट

झारखंड में भी मौसम करवट ले रहा है। मौसम विभाग ने झारखंड के कई जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है। जिन जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है, उनमें चतरा, कोडरमा, हजारीबाग, गिरिडीह, धनबाद, देवघर, जामताड़ा, दुमका, पाकुड़, गोड्डा और साहिबगंज शामिल हैं। मौसम विभाग ने कुछ स्थानों पर गरज-चमक और बिजली गिरने की भी संभावना जताई गई है। हालांकि, सोमवार से राज्य के दक्षिणी हिस्सों में मौसम के सुधरने की संभावना है। रांची और आसपास के इलाकों में हल्की बारिश के बाद मौसम साफ हो जाएगा और तापमान में गिरावट बनी रहेगी।

यूपी-बिहार में मौसम

बिहार में अगले पांच से छह दिन तक अधिकांश जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश और आसमानी बिजली गिरने की चेतावनी है। मौसम विभाग ने बताया कि पटना, गयाजी, जमुई, जहानाबाद, शेखपुरा, भोजपुर, कैमूर, रोहतास, औरंगाबाद, अरवल, पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण, बक्सर, भोजपुर, सारण, सीतामढ़ी, शिवहर, बांका, गोपालगंज, नवादा और सिवान में भारी बारिश दिक्कतें पैदा कर सकती है। निचले हिस्सों में जलभराव की समस्या हो सकती है। वहीं आज मौसम विभाग ने सुपौल और मधुबनी में भारी बारिश की आशंका जताई है और दोनों जिलों में रेड अलर्ट जारी कर दिया है। 

 

उत्तर प्रदेश में तीन दिनों से मौसम करवट ले रहा है। आज रविवार को पूरे दिन रुक-रुककर बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश के कई जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने लगभग 23 जिलों में खराब मौसम के दौरान आकाशीय बिजली के साथ बारिश का येलो अलर्ट है।

 

यह भी पढ़ें-- SSC ने नियमों में किया बदलाव, अब उम्मीदवार देख सकेंगे क्वेश्चन पेपर

अन्य राज्यों का मौसम

देश के कई राज्यों में आज और कल बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, हरियाणा में सोमवार को तेज बारिश और आंधी-तूफान के आसार हैं। गुरुग्राम, फरीदाबाद में आज रात से ही मौसम करवट ले सकता है। हरियाणा के पंचकूला में मौसम विभाग ने तेज तूफान की आशंका जताई है।

पंचकूला में अलर्ट

वहीं उत्तर भारत के अन्य राज्यों में भी बारिश का दौर एक बार फिर आज से शुरू हो सकता है। पंजाब, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल के कई जिलों में अच्छी बारिश होने की संभावना है। पंजाब में पाकिस्तान सीमा से सटे जिलों में और जम्मू-कश्मीर के कुछ जिलों में मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर ने भी राजस्थान के कुछ जिलों में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। वहीं पूर्वोत्तर भारत के ज्यादातर हिस्से में आज मौसम साफ रहने की उम्मीद है और दक्षिण भारत के राज्यों में भी बादल छाए रहेंगे। दक्षिण भारत के राज्यों में भी तेज हवाएं चलने की संभावनाएं हैं।