इस साल मानसून काफी कमजोर रहा और देश के अलग-अलग हिस्सों में कम बारिश हुई। कमजोर मानसून का असर अब रबी फसलों की बुवाई पर दिखने लगा है। कृषि मंत्रालय के 23 अक्टूबर 2026 तक के रबी की फसल की बुलाई के आंकड़े जारी किए हैं। आंकड़ों के मुताबिक, देश में गेहूं की बुवाई सिर्फ 11 हजार हेक्टेयर में हुई है, जबकि पिछले साल इसी समय पिछले साल 27 हजार हेक्टेयर में बुवाई हो चुकी थी। यानी शुरुआती बुवाई का रकबा करीब 59 फीसदी कम है।

 

सरकार की ओर से जारी ये आंकड़े चिंताजनक हैं। हालांकि, मंत्रालय के मुताबिक अभी कुछ ही राज्यों में गेहूं की बुवाई शुरू हुई है, इसलिए इसे पूरे सीजन की स्थिति नहीं माना जा सकता। चिंता की वजह इस साल दक्षिण-पश्चिम मानसून का कमजोर रहना है, जिससे खेतों में नमी और सिंचाई के लिए उपलब्ध पानी पर दबाव बढ़ा है।

 

यह भी पढ़ें: 13 साल बाद बुद्ध सर्किट पर लौटेगा रफ्तार का रोमांच, 31 अक्टूबर से मुकाबला शुरू

किन राज्यों में सबसे ज्यादा चिंता? 

कम बारिश का असर खासतौर पर पंजाब और राजस्थान में पड़ने की आशंका है। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, इस साल मानसून के दौरान पंजाब में सामान्य से 38 फीसदी और राजस्थान में 22 फीसदी कम बारिश हुई। सितंबर के अंत तक दोनों राज्यों के जलाशयों में भी पानी का भंडार सामान्य से नीचे था। इसके साथ ही इस साल बांधों में सीमित मात्रा में पानी होने के कारण बाधों के पानी पर निर्भरता भी कम करनी होगी। दोनों राज्य मिलकर देश के कुल गेहूं रकबे का करीब 31 फीसदी हिस्सा रखते हैं। ऐसे में यहां सिंचाई के पानी की कमी गेहूं की बुवाई की रफ्तार को प्रभावित कर सकती है।

इन राज्यों पर भी असर

कम बारिश का असर केवल पंजाब और राजस्थान तक सीमित नहीं है। मध्य प्रदेश, गुजरात, बुंदेलखंड और मध्य भारत के उन इलाकों में भी परेशानी बढ़ सकती है, जहां खेती बारिश पर निर्भर है या सिंचाई के पर्याप्त साधन उपलब्ध नहीं हैं। मानसून कमजोर रहने से मिट्टी में बची नमी कम हो जाती है और भूजल तथा नहरों से मिलने वाले पानी पर निर्भरता बढ़ती है। गेहूं की फसल को बुवाई के बाद कई बार सिंचाई की जरूरत होती है। अगर पर्याप्त पानी नहीं मिला, तो बुवाई में देरी हो सकती है और आगे चलकर फसल की पैदावार पर भी असर पड़ने का खतरा रहेगा।

क्या सिर्फ गेंहू पर पड़ा असर

कृषि मंत्रालय के आंकड़े बताते हैं कि गेहूं के साथ अन्य फसलों की बुवाई भी पिछले साल के मुकाबले कम है। 23 अक्टूबर तक कुल रबी फसलों का रकबा 18.02 लाख हेक्टेयर रहा, जबकि पिछले साल इसी समय यह 28.26 लाख हेक्टेयर था। दलहन की बुवाई 4.39 लाख से घटकर 3.27 लाख हेक्टेयर और तिलहन का रकबा 21.34 लाख से घटकर 13.38 लाख हेक्टेयर रह गया। धान की बुवाई भी 2.13 लाख से घटकर 1.02 लाख हेक्टेयर दर्ज हुई। हालांकि, मोटे अनाज की बुवाई पिछले साल के 13 हजार हेक्टेयर से बढ़कर 23 हजार हेक्टेयर हो गई।

 

यह भी पढ़ें: सुंदर सिंह ठाकुर की कुंडली में कौन-सा ग्रह अटका रहा मंत्री पद?

आगे का मौसम अहम 

सरकार ने वर्ष 2026-27 के लिए 12.1 करोड़ टन गेहूं उत्पादन का लक्ष्य रखा है, जबकि पिछले साल रिकॉर्ड 12.07 करोड़ टन उत्पादन हुआ था। फिलहाल शुरुआती बुवाई के आंकड़ों से यह निष्कर्ष नहीं निकाला जा सकता कि उत्पादन लक्ष्य पूरा नहीं होगा, क्योंकि गेहूं की बुवाई अक्टूबर-नवंबर में जारी रहती है। आने वाले हफ्तों में बारिश, मिट्टी की नमी, नहरों में पानी और सिंचाई की उपलब्धता तय करेगी कि बुवाई की रफ्तार कितनी सुधरती है। हालांकि, कमजोर मानसून का असर फसलों पर दिखने की संभावना ज्यादा है।