जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री और नेशनल कॉफ्रेंस के अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला ने एक विवादित बयान दिया। बारामूला में आयोजित एक रैली में पाकिस्तान की तारीफ की। आरोप लगाया कि दिल्ली दुनिया के दवाब के कारण चुप है। पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए फारूक अब्दुल्ला ने कहा कि दिल्ली से मुकाबला करने के लिए हिम्मत रखो। यह भी कहा कि जम्मू-कश्मीर एक दिन अपना विशेष दर्जा जरूर हासिल करेगा।
सोशल मीडिया पर फारूक अब्दुल्ला का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है। इसमें वह कहते हैं, 'क्या आप दिल्ली से उम्मीद करेंगे कि ये आपसे इंसाफ करेंगे? इनका मुकाबला करने का हिम्मत रखो। नहीं रखोगे तो मिट जाओगे। तुम्हारा नामो-निशान मिट जाएगा।'
यह भी पढ़ें: परविंदर सिंह झोटा मर्डर केस: मानसा में मेडिकल हॉल पर सीबीआई की दबिश से हड़कंप
फारूक अब्दुल्ला ने दावा किया कि कश्मीर के मुद्दे पर पाकिस्तान भारत के पीछे पड़ा है। उन्होंने उम्मीद जताई की पड़ोसी ही उन्हें बचाएगा। अब्दुल्ला ने अनुच्छेद-370 पर भी प्रतिक्रिया दी और कहा कि एक दिन वापस लेकर रहेंगे। पूर्व सीएम ने कहा, 'ये आज चुप्प हैं, क्योंकि दुनिया में जोर है। हमारा पड़ोसी इनके पीछे लगा हुआ है। हर जगह वह पहुंचा है। कश्मीर का फैसला नहीं होना है। वह हमें बचाएगा, क्योंकि इनके इरादे नेक नहीं है।'
एक साल से फाइल को मंजूरी नहीं मिली
अपने संबोधन में फारूक अब्दुल्ला कहते हैं, 'जम्मू-कश्मीर के बाहर से एमबीबीएस, एमडी या एमएस कोर्स करने आने वाले डॉक्टरों और यहां मेडिकल की पढ़ाई करने वाले छात्रों को इस पूरे क्षेत्र के गांवों, अस्पतालों और अन्य जगहों पर दो साल तक सेवा करनी पड़ती है। अगर वे ऐसा नहीं करते हैं तो उन्हें प्रशासन को 50 लाख रुपये देने होते। यहां के हालात ऐसे हैं कि एक फाइल पिछले एक साल से उपराज्यपाल के पास पड़ी है, लेकिन उसे अभी तक मंजूरी नहीं मिली है। यहां के हालात यही हैं। आप दिल्ली से क्या इंसाफ की उम्मीद करेंगे?'
देशद्रोह का काम किया: रविंदर रैना
बीजेपी ने फारूक अब्दुल्ला के बयान पर तीखी प्रतिक्रिया दी। बीजेपी नेता रविंदर रैना ने कहा, 'पाकिस्तान और कश्मीर पर फारूक अब्दुल्ला का बयान बेहद निंदनीय और दुर्भाग्यपूर्ण है। असल में डॉ. फारूक अब्दुल्ला ने देशद्रोह का काम किया है। पाकिस्तान जम्मू-कश्मीर के लोगों का हत्यारा है। पिछले 35 सालों में पाकिस्तान ने जम्मू-कश्मीर को कब्रिस्तान व श्मशान घाट में बदलने का प्रयास किया। जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद को बढ़ावा देने वाला पाकिस्तान है। आतंकवादियों को ट्रेनिंग, बम, बंदूकें, पिस्तौल, गोला-बारूद और ग्रेनेड मुहैया कराए हैं। पाकिस्तान भला जम्मू-कश्मीर के लोगों का शुभचिंतक कैसे हो सकता है?'
यह भी पढ़ें: आर्थिक प्रतिबंधों से बचने में डिजिटल करेंसी कितनी कारगर?
'अब्दुल्ला का बयान खुली बगावत'
बीजेपी नेता अल्ताफ ठाकुर ने कहा कि यह देश के खिलाफ खुली बगावत है। उनका बयान देश की एकता और अखंडता के खिलाफ है। नेशनल कॉन्फ्रेंस हमेशा से देश-विरोधी रही है। फारूक अब्दुल्ला का बयान पूरी तरह से देश-विरोधी है। उनके खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए।
