होली के त्योहार से पहले देशभर में हवाई टिकटों के दाम तेजी से बढ़ रहे हैं। 2026 में होली 4 मार्च को मनाई जाएगी और बड़ी संख्या में लोग फरवरी के आखिरी सप्ताह में अपने घर जाने और त्योहार के बाद वापस लौटने की तैयारी कर रहे हैं। बढ़ती मांग के चलते कई प्रमुख रूट्स पर फ्लाइट के किराए सामान्य से काफी ज्यादा हो गए हैं। इस मामले पर पहले भी सुप्रीम कोर्ट चिंता जता चुका है और इसे गंभीर मुद्दा बताया है।
एक जनहित याचिका की सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट ने त्योहारों के समय एयरलाइंस द्वारा लगाए जाने वाले भारी सरचार्ज पर सवाल उठाए थे। अदालत ने केंद्र सरकार से पूछा कि किरायों को नियंत्रित करने और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए क्या कदम उठाए जा रहे हैं। कोर्ट ने माना कि आज के समय में हवाई यात्रा कई लोगों के लिए जरूरी सेवा बन चुकी है। इसलिए मनमानी कीमतें आम यात्रियों पर बेवजह का बोझ डालती हैं।
यह भी पढ़ें: कैबिनेट की सलाह के बिना किया समझौता, अमेरिकी ट्रेड डील पर राहुल का नया दावा
होली पर आसमान छू रहा फ्लाइट किराया
- दिल्ली से पटना के लिए आम किराया 4,402 से 7,092 रुपये तक है। लेकिन 1 मार्च का किराया 10,258 से 12,989 रुपये तक दिख रहा है। 2 मार्च को इस रूट का किराया 9,103 से 12,989 रुपये तक दिख रहा है।
- मुंबई से पटना के लिए आम किराया 7,058 से 8,943 रुपये तक है। लेकिन 1 मार्च को इसी रूट का किराया 13,483 से 23,454 रुपये तक दिख रहा है। 2 मार्च को इस रूट का किराया 11,253 से 23,454 रुपये तक दिख रहा है।
- बेंगलुरु से पटना के लिए आम किराया 7,710 से 9,781 रुपये तक है। लेकिन 1 मार्च को यही किराया 13,275 से 19,693 रुपये तक का दिख रहा है। 2 मार्च को इस रूट का किराया 11,490 से 14,312 रुपये तक दिख रहा है।
यह भी पढ़ें: 'पुलिस ने अब तक ऐक्शन क्यों नहीं लिया?' FIR के आदेश पर बोले अविमुक्तेश्वरानंद
इसी तरह से बाकी के जगहों के लिए भी फ्लाइट्स के किराए बढ़े हुए हैं। चाहे पुणे-दिल्ली फ्लाइट हो या दिल्ली-गोरखपुर रूट, हर जगह फ्लाइट के किराए में उछाल देखने को मिल रहा है।
होली पर महंगे क्यों हुए टिकट?
होली जैसे बड़े त्योहार पर फ्लाइट टिकट इसलिए महंगी हो जाती हैं क्योंकि यात्रियों की मांग अचानक बहुत बढ़ जाती है। एयरलाइंस डायनेमिक प्राइसिंग सिस्टम अपनाती हैं। जिसमें सीटें भरने के साथ-साथ कंप्यूटर अपने आप किराया बढ़ा देता है। सीमित सीटें और ज्यादा यात्री होने पर एयर इंडिया और इंडिगो जैसी कंपनियां भी किराया बढ़ा देती हैं।
इसके अलावा कई लोग आखिरी समय पर टिकट बुक करते हैं, जब सस्ती सीटें खत्म हो चुकी होती हैं। इसी वजह से लास्ट-मिनट बुकिंग सबसे महंगी पड़ती है और किराया तेजी से बढ़ जाता है।
