दून एविएशन नाम की एक चार्टर्ड प्लेन कंपनी ने बॉलीवुड एक्ट्रेस नोरा फतेही के खिलाफ गांधीनगर कोर्ट में 3 करोड़ रुपये का मानहानि का केस दायर किया है। कंपनी का आरोप है कि नोरा फतेही ने सोशल मीडिया पर उनके विमान को 'टॉय प्लेन' और 'लेगो एयरप्लेन' कहकर कंपनी की छवि खराब की है।
नोरा फतेही ने पिछले साल दिसंबर में मुंबई से जयपुर की उड़ान के दौरान सेसना साइटेशन CJ2 विमान के अंदर वीडियो बनाए थे। इन वीडियो में उन्होंने प्लेन को छोटा, खिलौना और लेगो वाला विमान बताया। लेगो प्लेन, फेसम कार्टून सिरीज का हिस्सा है।
क्यों कंपनी ने केस दायर किया है?
नोरा फतेही ने यह वीडियो इंस्टाग्राम पर डाल दिया, जहां उनके 4.6 करोड़ से ज्यादा फॉलोअर्स हैं। कंपनी का कहना है कि इन बयानों की वजह से बुकिंग रद्द होने लगीं और कारोबार को नुकसान हुआ। कंपनी का दावा है कि बुकिंग में 15 से 20 फीसदी की गिरावट आई।
कंपनी ने क्या कहा है?
दून एविएशन ने कहा कि विमान पूरी तरह डीजीसीए से प्रमाणित है, सुरक्षित है और कानूनी रूप से चल रहा है। नोरा की बातें बिना किसी जांच के कही गईं।यह केस अप्रैल में दायर किया गया था। कोर्ट में अगली सुनवाई 25 सितंबर को होगी। कंपनी ने नुकसान की भरपाई के साथ-साथ वीडियो हटाने और नोरा से सार्वजनिक सफाई भी मांगी है।
