इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट (IIM) जम्मू विवादों में घिर गया है। कैंपस में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर 17 सितंबर को आयोजित एक अनिवार्य कार्यक्रम से गायब रहने वाले छात्रों के खिलाफ कथित तौर पर अनुशासनात्मक कार्रवाई शुरू करने के बाद कांग्रेस पार्टी ने इसकी आलोचना की है।

IIM जम्मू की छात्र परिषद ने उन छात्रों को अनुशासनात्मक नोटिस और 500 रुपये का जुर्माना लगाया जो इस कार्यक्रम में शामिल नहीं हुए थे। नोटिस में लिखा है कि छात्रों को 17 सितंबर 2026 को हुई दीपोत्सव रस्म से गैरहाजिर पाया गया, जबकि यह कार्यक्रम अनिवार्य था। छात्रों से इस बारे में लिखित स्पष्टीकरण देने को कहा गया है।

यह भी पढ़ें: मुंगेर में PM मोदी की तस्वीर पर आपत्तिजनक पोस्ट, RJD नगर अध्यक्ष गिरफ्तार

नोटिस में क्या शर्तें रखी गईं?

नोटिस के मुताबिक गैरहाजिरी से छूट सिर्फ मेडिकल आधार पर ही मिलेगी और इसके लिए कैंपस डिस्पेंसरी 'संजीवनी' से बेड रेस्ट की सिफारिश करने वाला आधिकारिक लिखित नोट देना जरूरी होगा। नोटिस में यह भी कहा गया कि छात्रों को 18 सितंबर तक जवाब देना होगा, ऐसा न करने पर उन पर 500 रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा।

कांग्रेस ने उठाए सवाल

कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव और जम्मू-कश्मीर प्रभारी सैयद नासिर हुसैन ने इस कार्रवाई की आलोचना करते हुए X पर लिखा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के कार्यक्रम में छात्रों की उपस्थिति अनिवार्य क्यों होनी चाहिए। उन्होंने पूछा कि क्या यह IIM जैसे संस्थान की शैक्षणिक जिम्मेदारी है या पीएम मोदी के प्रचार को कैंपस में अनिवार्य गतिविधि के तौर पर लाया गया है।

यह भी पढ़ें: 'उदय हुआ तो अस्त भी निश्चित', क्या सच में भागवत ने मोदी सरकार को घेरा?

'बीजेपी के प्रचार अभियान से दूर रहें छात्र'

नासिर हुसैन ने कहा कि शिक्षण संस्थानों को स्वतंत्र सोच को बढ़ावा देना चाहिए, ना कि छात्रों को राजनीतिक नेताओं के आयोजनों में शामिल होने के लिए मजबूर करना चाहिए या जुर्माने की धमकी देनी चाहिए। उन्होंने कहा कि BJP के प्रचार अभियानों को देश के प्रमुख शिक्षण संस्थानों से दूर रखा जाना चाहिए।

IIM जम्मू ने क्या सफाई दी है?

IIM जम्मू के एक अधिकारिक प्रवक्ता ने कहा कि किसी भी छात्र पर ऐसा कोई जुर्माना नहीं लगाया गया है। प्रवक्ता ने कहा कि इस घटना को गलत तरीके से पेश किया जा रहा है और इसका राजनीतिकरण किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इस मामले पर जल्द ही एक बैठक में चर्चा की जाएगी।