संजय दत्त और नोरा फतेही के 'सरके चूनर' गाने का सड़क से लेकर संसद तक विरोध हो रहा है। लोकसभा में प्रश्नकाल के दौरान यह मुद्दा उठा, जिसके जवाब में सरकार ने कहा है कि अभिव्यक्ति की आजादी के नाम पर अश्लीलता परोसने की इजाजत नहीं दी जा सकती है। सरकार इसे लेकर सतर्क है और कार्रवाई कर रही है। 

समाजवादी पार्टी के सांसद आनंद भदौरिया ने लोकसभा में 'सरके चूनर' गाने का मुद्दा उठाया था, जिसके बाद सरकार ने कहा था कि डिजिटल प्लेटफॉर्म पर ऐसे कंटेंट से महिलाओं और बच्चों को बचाने के लिए सख्त कदम उठाए जाएंगे।

यह भी पढ़ें: नोरा फतेही को डांस के लिए मिलती हैं खूब तालियां लेकिन अब गाली क्यों?

आनंद भदौरिया ने क्या सवाल पूछा?

समाजवादी पार्टी के सांसद आनंद भदौरिया ने नोरा फतेही और संजय दत्त पर फिल्माए गए विवादित गाने का जिक्र करते हुए सवाल किया, 'अभिव्यक्ति की आजादी के नाम पर विभिन्न माध्यमों से समाज में परोसी जा रही अश्लीलता को तत्काल रोकने के लिए क्या सरकार कोई कदम उठाएगी।'

सरकार ने जवाब में क्या कहा?

सूचना और प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा, 'सदस्य ने जिस गाने के बारे में बात की है, उस पर पहले ही प्रतिबंध लगाया जा चुका है। अभिव्यक्ति की आजादी में संविधान निर्माताओं ने जो तर्कसंगत पाबंदियां लगाई हैं, हमें उनके हिसाब से ही चलना चाहिए। समाज और संस्कृति के संदर्भ में अभिव्यक्ति की आजादी का ध्यान रखना चाहिए।'

सरकार क्या कदम उठाएगी?

अश्विनी वैष्णव ने कहा, 'डिजिटल प्लेटफॉर्म पर चीजें बहुत तेजी से फैलती हैं। उनसे समाज, महिला, बच्चों और वंचित वर्गों के लिए जो भी कड़े कदम उठाने होंगे, उन्हें सरकार उठाने के लिए प्रतिबद्ध है।'

यह भी पढ़ें: कंगना रनौत का बॉलीवुड पर फूटा गुस्सा, संजय दत्त और नोरा के गाने को बताया घटिया

विरोध करने वाले लोग कौन हैं?

BJP सांसद रवि किशन, कंगना रनौत और गायक अरमान मलिक ने इस गाने की निंदा की है। लिरिसिस्ट रकीब आलम ने कहा कि उन्होंने सिर्फ कन्नड़ मूल गाने का अनुवाद किया, मूल लेखक निर्देशक प्रेम हैं। सोशल मीडिया पर लोग नोरा फतेही और संजय दत्त के साथ-साथ सरकार को भी लातड़ रहे हैं। 

हिंदी वर्जन यूट्यूब से हटा दिया गया है। कन्नड़, तमिल, तेलुगु, मलयालम के वर्जन उपलब्ध हैं। वकील विनीत जिंदल ने शिकायत दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। फिल्म प्रोडक्शन टीम ने नए लिरिक्स वाला नया वर्जन बनाने की बात कही है।