कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी की नई किताब 'Belonging: A Journey of Love' इन दिनों सुर्खियों में है। 10 नवंबर को यह किताब रिलीज होते ही सुर्खियों में आ गई। इसके पीछे वजह साफ है कि इस किताब में इंदिरा गांधी, राजीव गांधी से लेकर राहुल गांधी , प्रियंका गांधी और राजनीतिक के कई किस्सों के बारे में लिखा गया है। इस किताब को सोनिया गांधी ने खुद लिखा है और उन्होंने इस किताब के रिलीज होने से पहले कहा था कि उनकी कहानी कई लोगों ने लिखी है लेकिन अब वह खुद अपनी कहानी बताएंगी।
उनकी किताब मार्केट में आते ही दुकानों पर भीड़ लग गई। ऑनलाइन प्लेटफॉर्म्स से भी किताब ऑर्डर की जाने लगी और इसके बारे में खबरें लिखी जाने लगी। इस किताब में गांधी परिवार और सोनिया गांधी के जीवन के बारे में कई किस्से लिखे गए हैं। इसके अलावा सोनिया गांधी के कई बड़े फैसलों के पीछे की कहानी भी बताई गई है। यह किताब तो सोनिया गांधी और उनके जीवन से जुड़ी है लेकिन भारतीय राजनीति में रुचि रखने वाले लोगों के लिए ऐसी ही सैंकड़ों किताबें पहले भी छापी जा चुकी हैं। इन किताबों को पढ़कर आप भी भारती की राजनीति को गहराई से समझ सकते हैं। आज हम आपको भारत की राजनीति को समझने के लिए 50 किताबों के बारे में बताएंगे।
यह भी पढ़ें: 'संजय नहीं, राजीव गांधी PM बनेंगे', वह भविष्यवाणी जिसने सोनिया गांधी को रुलाया
आजादी के बाद नेहरू काल को समझने के लिए
- इंडिया आफ्टर गांधी (रामचंद्र गुहा) - यह किताब आजादी के बाद भारत के राजनीतिक, सामाजिक और आर्थिक इतिहास को समझने के लिए सबसे महत्वपूर्ण किताबों में से एक है। इसमें नेहरू के नेतृत्व, देश के बंटवारे, रियासतों के विलय, लोकतंत्र की स्थापना और शुरुआती राजनीतिक चुनौतियों का विस्तार से बताया गया है।
- नेहरू: ए पॉलिटिकल लाइफ (जूडिथ एम. ब्राउन) - यह किताब जवाहरलाल नेहरू के राजनीतिक जीवन, उनकी विचारधारा, विदेश नीति और प्रधानमंत्री के रूप में उनके फैसलों को समझने में मदद करती है। इसमें आधुनिक भारत के निर्माण में नेहरू की भूमिका का विश्लेषण किया गया है।
- जवाहरलाल नेहरू: ए बायोग्राफी (सर्वपल्ली गोपाल) - यह नेहरू की विस्तृत जीवनी है। इसमें उनके बचपन, गांधी के साथ संबंधों, स्वतंत्रता आंदोलन, प्रधानमंत्री बनने और आजादी के बाद भारत को दिशा देने के राजनीतिक प्रयासों का वर्णन है।
- द आइडिया ऑफ इंडिया (सुनील खिलनानी) - यह किताब बताती है कि आजादी के बाद भारत को एक लोकतांत्रिक, धर्मनिरपेक्ष और बहुलतावादी देश बनाने का विचार कैसे विकसित हुआ। इसमें नेहरू के विचारों और आधुनिक भारत की राजनीतिक पहचान को समझाया गया है।
- नेहरूज फर्स्ट रिक्रूट्स (कल्लोल भट्टाचार्जी) - यह किताब आजादी के बाद भारत की विदेश नीति तैयार करने वाले शुरुआती राजनयिकों की कहानी बताती है। इसमें बताया गया है कि नेहरू के दौर में भारत ने अंतरराष्ट्रीय राजनीति में अपनी स्वतंत्र पहचान कैसे बनाई।
नेहरू के बाद की राजनीति
- इंदिरा गांधी: ए बायोग्राफी (पुपुल जयकर) - यह किताब इंदिरा गांधी के निजी और राजनीतिक जीवन को समझने के लिए महत्वपूर्ण है। इसमें उनके बचपन, नेहरू के साथ संबंधों, प्रधानमंत्री बनने, राजनीतिक फैसलों और उनके व्यक्तित्व के कई अनछुए पहलुओं का जिक्र है।
- द इमरजेंसी: ए पर्सनल हिस्ट्री (कूमी कपूर) - यह किताब 1975 में लगाए गए आपातकाल की घटनाओं को एक पत्रकार की नजर से सामने लाती है। इसमें प्रेस सेंसरशिप, विपक्षी नेताओं की गिरफ्तारियों, नागरिक अधिकारों के हनन और उस दौर में आम लोगों की जिंदगी का वर्णन है।
- इंडियाज फर्स्ट डिक्टेटरशिप: द इमरजेंसी, 1975-77 (क्रिस्टोफ जाफ्रेलो और प्रतिनव अनिल) - इस किताब में आपातकाल को भारतीय लोकतंत्र के इतिहास की बड़ी राजनीतिक घटना के रूप में समझाया गया है। इसमें इंदिरा गांधी के सत्ता केंद्रीकरण, लोकतांत्रिक संस्थाओं और विपक्ष के संघर्ष का विश्लेषण है।
- इमरजेंसी क्रॉनिकल्स: इंदिरा गांधी एंड डेमोक्रेसीज टर्निंग पॉइंट (ज्ञान प्रकाश) - यह किताब बताती है कि आपातकाल की घोषणा के पीछे क्या राजनीतिक परिस्थितियां थीं और इसका भारतीय लोकतंत्र पर क्या प्रभाव पड़ा। इसमें उस दौर की राजनीति और लोकतांत्रिक संस्थाओं के सामने आई चुनौतियों का विश्लेषण है।
- इंदिरा गांधी, द इमरजेंसी एंड इंडियन डेमोक्रेसी (पी.एन. धर) - इस किताब में इंदिरा गांधी के प्रमुख सलाहकार रहे पी.एन. धर ने उनके शासन, आपातकाल की परिस्थितियों और सरकार के भीतर लिए गए फैसलों को एक अंदरूनी नजरिए से बताया है।
यह भी पढ़ें: गांधी परिवार से क्यों टूटा मेनका का रिश्ता? सोनिया गांधी ने बताई पूरी कहानी
भारतीय लोकतंत्र में विपक्ष
- द ड्रीम ऑफ रिवॉल्यूशन (बिमल प्रसाद और सुजाता प्रसाद) - यह किताब जयप्रकाश नारायण यानी जेपी के जीवन और राजनीतिक विचारों पर आधारित है। इसमें समाजवादी आंदोलन, कांग्रेस से उनके मतभेद, संपूर्ण क्रांति और इंदिरा गांधी के खिलाफ खड़े हुए विपक्षी आंदोलन की कहानी है।
- इन द नेम ऑफ डेमोक्रेसी: जेपी मूवमेंट एंड द इमरजेंसी (बिपन चंद्र) - इस किताब में जेपी आंदोलन और आपातकाल के बीच के राजनीतिक घटनाक्रमों का विश्लेषण किया गया है। यह समझने में मदद करती है कि किस तरह विपक्षी दलों और जन आंदोलनों ने इंदिरा गांधी की सत्ता को चुनौती दी।
- व्हाई सोशलिज्म? (जयप्रकाश नारायण) - इस किताब में जेपी ने समाजवाद को लेकर अपने विचार रखे हैं। इसमें बताया गया है कि भारत में आर्थिक और सामाजिक समानता स्थापित करने के लिए किस तरह की राजनीतिक व्यवस्था होनी चाहिए।
- प्रिजन डायरी (जयप्रकाश नारायण) - यह किताब आपातकाल के दौरान जेपी के जेल में बिताए समय और उनके अनुभवों को सामने लाती है। इसमें तत्कालीन राजनीतिक परिस्थितियों, लोकतंत्र के संकट और सत्ता के खिलाफ संघर्ष को समझने का मौका मिलता है।
- द सोशलिस्ट मूवमेंट इन इंडिया (मधु लिमये) - इस किताब में भारत में समाजवादी राजनीति के विकास, कांग्रेस सोशलिस्ट पार्टी और विभिन्न राजनीतिक आंदोलनों का वर्णन है। लोहिया, जेपी और मधु लिमये की विचारधारा से विपक्ष की राजनीति को समझने में मदद मिलती है।
जनसंघ और विपक्ष का उभार
- इंडिया बिफोर मोदी: हाउ द बीजेपी केम टू पावर (विनय सीतापति) - यह किताब बीजेपी के उदय की कहानी बताती है। इसमें जनसंघ के शुरुआती दौर से लेकर भाजपा के गठन, अटल बिहारी वाजपेयी और लालकृष्ण आडवाणी की राजनीतिक साझेदारी और एनडीए सरकार बनने तक का सफर है।
- द ब्रदरहुड इन सैफ्रन (क्रिस्टोफ जाफ्रेलो) - इस किताब में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और उससे जुड़े संगठनों के विकास और विचारधारा का विश्लेषण किया गया है। भारतीय जनसंघ से लेकर भाजपा की राजनीति को समझने के लिए यह महत्वपूर्ण किताब है।
- वाजपेयी: द ईयर्स दैट चेंज्ड इंडिया (शक्ति सिन्हा) - इस किताब में अटल बिहारी वाजपेयी के प्रधानमंत्री कार्यकाल, उनके राजनीतिक फैसलों, पोखरण परमाणु परीक्षण, पाकिस्तान नीति और आर्थिक सुधारों की कहानी है। लेखक वाजपेयी के करीबी सहयोगी रहे हैं, इसलिए इसमें कई अंदरूनी राजनीतिक जानकारियां मिलती हैं।
- माय कंट्री माय लाइफ (लालकृष्ण आडवाणी) - यह आडवाणी की आत्मकथा है। इसमें उनके सिंध से भारत आने, जनसंघ से जुड़ने, बीजेपी के निर्माण, राम जन्मभूमि आंदोलन और भारतीय राजनीति में बीजेपी के विस्तार की कहानी है।
- द सैफ्रन स्टॉर्म: फ्रॉम वाजपेयी टू मोदी (सबा नकवी) - इस किताब में भाजपा के राजनीतिक सफर को वाजपेयी से लेकर नरेंद्र मोदी के दौर तक समझाया गया है। इसमें पार्टी के संगठन, आरएसएस के साथ संबंधों, चुनावी रणनीति और सत्ता में बीजेपी के विस्तार का विश्लेषण है।
यह भी पढ़ें: 'प्रणब PM बनना चाहते थे, मैं हैरान थी', सोनिया गांधी ने किताब में किया खुलासा
सोनिया काल को समझने के लिए
- द एक्सीडेंटल प्राइम मिनिस्टर (संजय बारू) - यह किताब मनमोहन सिंह के प्रधानमंत्री कार्यकाल और सोनिया गांधी के साथ उनके राजनीतिक रिश्तों को समझने के लिए बेहद चर्चित है। इसमें यूपीए सरकार के दौरान प्रधानमंत्री कार्यालय और कांग्रेस नेतृत्व के बीच सत्ता के समीकरणों का वर्णन है।
- द कोएलिशन इयर्स (प्रणब मुखर्जी) - इस किताब में 1996 से 2012 तक भारतीय राजनीति में गठबंधन सरकारों के दौर का वर्णन है। इसमें सोनिया गांधी के नेतृत्व में यूपीए के गठन, क्षेत्रीय दलों की भूमिका और कांग्रेस के सत्ता में लौटने के राजनीतिक घटनाक्रमों की जानकारी मिलती है।
- द ड्रामेटिक डिकेड: द इंदिरा गांधी इयर्स (प्रणब मुखर्जी) - इस किताब में प्रणब मुखर्जी ने इंदिरा गांधी के दौर से लेकर 1980 के दशक की राजनीति तक के अपने अनुभव साझा किए हैं। कांग्रेस के भीतर सत्ता के समीकरणों, नेतृत्व और पार्टी की कार्यशैली को समझने के लिए यह उपयोगी है।
- सोनिया: ए बायोग्राफी (रशीद किदवई) - इस किताब में सोनिया गांधी के राजनीतिक सफर, कांग्रेस अध्यक्ष बनने, 2004 में प्रधानमंत्री पद ठुकराने और मनमोहन सिंह के साथ उनके रिश्तों का विश्लेषण है। कांग्रेस की यूपीए सरकार के दौरान सत्ता के वास्तविक समीकरणों को समझने के लिए यह महत्वपूर्ण है।
- ए ग्रेन ऑफ सैंड इन द ऑवरग्लास ऑफ टाइम (अर्जुन सिंह) - इस किताब में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन सिंह ने अपने राजनीतिक जीवन के अनुभव साझा किए हैं। इसमें कांग्रेस के भीतर की राजनीति, नेतृत्व के साथ संबंधों और केंद्र की सत्ता में होने वाले बदलावों की झलक मिलती है।
मोदी काल और वर्तमान राजनीति
- गुजरात अंडर मोदी (क्रिस्टोफ जाफ्रेलो) - यह किताब नरेंद्र मोदी के गुजरात के मुख्यमंत्री रहने के दौर की राजनीति को समझाती है। इसमें सत्ता के केंद्रीकरण, भाजपा के संगठन, हिंदुत्व की राजनीति और गुजरात मॉडल के राजनीतिक पहलुओं का विश्लेषण किया गया है।
- द पॉलिटिक्स ऑफ इंडिया अंडर मोदी (विकाश यादव और जेसन ए. किर्क) - इस किताब में 2014 के बाद भारतीय राजनीति में आए बदलावों का विश्लेषण किया गया है। इसमें मोदी सरकार की नीतियों, अर्थव्यवस्था, विदेश नीति, लोकतांत्रिक संस्थाओं और भाजपा की राजनीतिक मजबूती को समझाया गया है।
- इंडिया आफ्टर मोदी: पॉपुलिज्म एंड द राइट (अजय गुडावर्थी) - इस किताब में मोदी के सत्ता में आने के बाद भारतीय राजनीति में दक्षिणपंथ, राष्ट्रवाद और लोकप्रियतावादी राजनीति के उभार को समझाया गया है। इसमें विपक्ष, सामाजिक आंदोलनों और लोकतांत्रिक संस्थाओं से जुड़े सवाल भी उठाए गए हैं।
- मोदी एंड इंडिया: द बैटल फॉर भारत (राहुल शिवशंकर और सिद्धार्थ तल्या) - यह किताब भारतीय राजनीति में मोदी के उभार, उनकी राजनीतिक विचारधारा, बीजेपी के विस्तार और विपक्ष की चुनौतियों को समझने का प्रयास करती है।
- मोदी एट 20: ड्रीम्स मीट डिलीवरी (ब्लूक्राफ्ट डिजिटल फाउंडेशन) - इस किताब में नरेंद्र मोदी के मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में करीब दो दशक के राजनीतिक और प्रशासनिक सफर को समझाया गया है। इसमें गुजरात से लेकर केंद्र की सत्ता तक उनके नेतृत्व और सरकार की योजनाओं का विवरण है।
यह भी पढ़ें: 'नजरें मिलाने से बचते हैं', सोनिया गांधी ने PM मोदी के लिए किताब में क्या लिखा?
यूपी-बिहार की राजनीति को समझने के लिए
- बहनजी: ए पॉलिटिकल बायोग्राफी ऑफ मायावती (अजय बोस) - यह किताब उत्तर प्रदेश की राजनीति में मायावती के उदय और बहुजन समाज पार्टी के विस्तार की कहानी बताती है। इसमें दलित राजनीति, कांशीराम की भूमिका और यूपी में जातीय समीकरणों के बदलने का विश्लेषण है।
- योगी आदित्यनाथ : रिलिजन, पॉलिटिक्स एंड पावर (शरत प्रधान और अतुल चंद्र) - इस किताब में योगी आदित्यनाथ के राजनीतिक सफर, गोरखनाथ मठ की भूमिका, भाजपा में उनके उभार और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री बनने तक की कहानी है। यूपी की मौजूदा राजनीति और हिंदुत्व के प्रभाव को समझने के लिए यह उपयोगी है।
- नितीश कुमार एंड द राइज ऑफ बिहार (अरुण सिन्हा) - यह किताब बिहार की राजनीति में नीतीश कुमार के उभार की कहानी बताती है। इसमें समाजवादी आंदोलन, लालू प्रसाद यादव के दौर, जातीय राजनीति और विकास के मुद्दे पर बिहार में हुए राजनीतिक बदलावों का वर्णन है।
- द बैटल फॉर बिहार: नितीश कुमार एंड द थिएटर ऑफ पावर (अरुण सिन्हा) - इस किताब में बिहार की सत्ता की लड़ाई, लालू प्रसाद यादव और नीतीश कुमार के राजनीतिक रिश्तों और उनके बीच हुए संघर्ष को समझाया गया है। इसमें बिहार की राजनीति में गठबंधन, जातीय समीकरण और सत्ता परिवर्तन की कहानी है।
- गोपालगंज टू रायसीना: माय पॉलिटिकल जर्नी (लालू प्रसाद यादव और नलिन वर्मा) - इस किताब में लालू प्रसाद यादव के राजनीतिक जीवन, बिहार के मुख्यमंत्री बनने और राष्ट्रीय राजनीति में उनकी भूमिका का वर्णन है। इसमें सामाजिक न्याय की राजनीति, पिछड़े वर्गों के उभार और बिहार से दिल्ली तक उनके राजनीतिक सफर की कहानी मिलती है।
नेताओं की जुबानी भारतीय राजनीति
- द स्टोरी ऑफ माई एक्सपेरिमेंट्स विद ट्रुथ (महात्मा गांधी) - यह महात्मा गांधी की आत्मकथा है। इसमें उनके बचपन, दक्षिण अफ्रीका के अनुभव, सत्याग्रह, अहिंसा और आजादी के आंदोलन में उनकी भूमिका का वर्णन है। गांधी की राजनीतिक और वैचारिक यात्रा समझने के लिए यह बेहद महत्वपूर्ण किताब है।
- एन ऑटोबायोग्राफी (जवाहरलाल नेहरू) - इस किताब में नेहरू ने अपने जीवन, राजनीतिक विचारों, स्वतंत्रता आंदोलन और जेल में बिताए समय के अनुभव लिखे हैं। इसमें गांधी, कांग्रेस और आजादी की लड़ाई से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रसंग मिलते हैं।
- रिलेंटलेस: एन ऑटोबायोग्राफी (यशवंत सिन्हा) - यह किताब यशवंत सिन्हा के राजनीतिक सफर की कहानी बताती है। इसमें नौकरशाह से नेता बनने, चंद्रशेखर और अटल बिहारी वाजपेयी की सरकारों में काम करने, दो बार वित्त मंत्री बनने और नरेंद्र मोदी सरकार के दौरान बीजेपी नेतृत्व से मतभेदों तक के कई राजनीतिक किस्से दर्ज हैं।
- वन लाइफ इज नॉट इनफ (के. नटवर सिंह) - इस किताब में पूर्व विदेश मंत्री नटवर सिंह ने अपने राजनीतिक और कूटनीतिक जीवन के अनुभव साझा किए हैं। इसमें इंदिरा गांधी, राजीव गांधी, सोनिया गांधी और कांग्रेस नेतृत्व के साथ उनके संबंधों के कई दिलचस्प किस्से हैं।
- मैटर्स ऑफ डिस्क्रेशन (आई.के. गुजराल) - यह पूर्व प्रधानमंत्री इंद्र कुमार गुजराल के राजनीतिक संस्मरण हैं। इसमें विदेश नीति, गठबंधन सरकारों, कांग्रेस के साथ संबंधों और प्रधानमंत्री के रूप में उनके अनुभवों को बताया है।
दक्षिण भारत की राजनीति को समझने के लिए
- करुणानिधि: ए लाइफ (ए.एस. पन्नीरसेल्वन) - यह किताब तमिलनाडु के पूर्व मुख्यमंत्री एम. करुणानिधि के राजनीतिक जीवन पर आधारित है। इसमें द्रविड़ आंदोलन, डीएमके के गठन, एमजी रामचंद्रन के साथ उनके राजनीतिक टकराव और तमिलनाडु की राजनीति में उनके प्रभाव का वर्णन है।
- द द्रविडियन इयर्स (एस. नारायण) - इस किताब में तमिलनाडु की राजनीति में द्रविड़ आंदोलन के प्रभाव को समझाया गया है। इसमें डीएमके, एआईएडीएमके, एमजीआर और जयललिता के दौर के साथ राज्य में कल्याणकारी योजनाओं की राजनीति का विश्लेषण है।
- एमजीआर: ए लाइफ (आर. कन्नन) - इस किताब में तमिलनाडु के लोकप्रिय नेता और अभिनेता एमजी रामचंद्रन के जीवन की कहानी है। इसमें फिल्मों से राजनीति में उनके प्रवेश, एआईएडीएमके के गठन और जयललिता के साथ उनके राजनीतिक संबंधों का भी वर्णन है।
- द लाइफ एंड टाइम्स ऑफ एन.टी. रामा राव (रामचंद्र मूर्ति कोंडुभाटला) - यह किताब आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एन.टी. रामाराव के राजनीतिक जीवन पर केंद्रित है। इसमें तेलुगु देशम पार्टी के गठन, कांग्रेस के वर्चस्व को चुनौती देने और दक्षिण भारत में क्षेत्रीय दलों के उभार की कहानी है।
- पॉलिटिक्स, वीमेन एंड वेल-बीइंग: हाउ केरल बिकेम अ मॉडल (रॉबिन जेफ्री) - इस किताब में केरल के सामाजिक और राजनीतिक विकास को समझाया गया है। इसमें शिक्षा, स्वास्थ्य, महिलाओं की स्थिति, सामाजिक आंदोलनों और राज्य की राजनीतिक व्यवस्था के बीच संबंधों का विश्लेषण है।
यह भी पढ़ें: 'औरतों को चोरी-छिपे देखते', बिल क्लिंटन से मुलाकात पर सोनिया गांधी ने क्या लिखा?
इन 5 किताबों को भी पढ़ें
- द इंडियन कॉन्स्टिट्यूशन: कॉर्नरस्टोन ऑफ ए नेशन (ग्रैनविल ऑस्टिन) - यह किताब भारतीय संविधान के निर्माण और उसके पीछे काम करने वाली राजनीतिक सोच को समझाती है। इसमें संविधान सभा की बहसों, मौलिक अधिकारों, संघीय व्यवस्था और लोकतांत्रिक संस्थाओं के विकास का विस्तृत वर्णन है।
- द ग्रेट इंडियन इलेक्शन (एस.वाई. कुरैशी) - इस किताब में भारत की चुनावी व्यवस्था और दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र में चुनाव कराने की प्रक्रिया को समझाया गया है। इसमें चुनाव आयोग, ईवीएम, राजनीतिक दलों, चुनावी खर्च और चुनाव सुधारों से जुड़े कई महत्वपूर्ण पहलू हैं।
- द आर्ग्युमेंटेटिव इंडियन (अमर्त्य सेन) - इस किताब में भारत की बहस और संवाद की परंपरा, विविधता, लोकतंत्र और बौद्धिक इतिहास को समझाया गया है। यह बताती है कि भारतीय समाज में तर्क, असहमति और विचारों की विविधता ने देश की राजनीतिक पहचान को कैसे प्रभावित किया है।
- द डिलेमा ऑफ एन इंडियन लिबरल (गुरचरण दास) - इस किताब में भारतीय उदारवाद, लोकतंत्र, आर्थिक नीतियों और राजनीतिक व्यवस्था से जुड़े सवालों पर चर्चा की गई है। इसमें बताया गया है कि भारत में उदारवादी विचारधारा को किन चुनौतियों का सामना करना पड़ा है।
- इंडियाज पॉलिटिकल इकोनॉमी 1947-2004: द ग्रैजुअल रिवॉल्यूशन (फ्रांसिन आर. फ्रैंकल) - यह किताब आजादी के बाद भारत की आर्थिक और राजनीतिक व्यवस्था में आए बदलावों का विश्लेषण करती है। इसमें नेहरू के समाजवादी मॉडल से लेकर आर्थिक उदारीकरण और राजनीतिक सत्ता के बदलते समीकरणों तक की कहानी है।
इन 50 किताबों को पढ़कर कोई भी पाठक भारत की राजनीति और इसके किस्सों को जान सकता है। भारतीय राजनीति में रुचि रखने वाले सभी पाठकों के लिए यह काफी अहम है। इसमें भारत को मौजूदा भारत बनाने में लिए गए अहम फैसलों के पीछे की राजनीति, उस समय की स्थिति और टकराव की जानकारी मिलती है।
