उत्तर प्रदेश की सियासत में पूर्व PCS अधिकारी अलंकार अग्निहोत्री के एक ऐलान ने राजनीतिक हलचल तेज कर दी है। उन्होंने प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक को सीधे चुनौती दी है। उन्होंने कहा है कि आगामी विधानसभा चुनाव में ब्रजेश पाठक प्रदेश की जिस भी सीट से चुनाव लड़ेंगे, वह उसी सीट से उनके खिलाफ चुनाव मैदान में उतरेंगे। उनके इस बयान को प्रदेश की राजनीति में एक बड़ी राजनीतिक चुनौती के तौर पर देखा जा रहा है और ब्राह्मण राजनीति के लिए यह काफी अहम घटनाक्रम है। 

 

अलंकार अग्निहोत्री ने साफ शब्दों में कहा कि ब्रजेश पाठक जिस विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ने का फैसला करेंगे, वह भी उसी क्षेत्र से चुनाव लडेंगे। उन्होंने अपनी चुनौती को किसी एक विधानसभा सीट तक सीमित नहीं रखा, बल्कि ब्रजेश पाठक की ओर से चुनी जाने वाली सीट पर ही मुकाबला करने की बात कही है। 

 

यह भी पढ़ें: 'भारत के मीर जाफर...' राहुल गांधी के अमेरिका में दिए बयानों पर भड़की बीजेपी

 

ब्राह्मणों के मुद्दे पर क्या बोले?

अलंकार अग्निहोत्री ने ब्राह्मण समाज के मुद्दों को लेकर प्रदेश सरकार पर निशाना साधा। उनका आरोप है कि ब्राह्मण समाज को कलंकित करने वाले मामलों और समाज के खिलाफ हो रहे अपराधों पर सरकार के खिलाफ अपेक्षित आवाज नहीं उठाई गई। उन्होंने इसी मुद्दे पर उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक की भूमिका पर सवाल खड़े किए हैं।

बीजेपी के लिए बनेंगे परेशानी?

अलंकार अग्निहोत्री लगातार ब्राह्मणों के मुद्दे उठाते रहे हैं। उन्होंने एक बार फिर ब्राह्मणों के मुद्दों को लेकर योगी आदित्यनाथ सरकार पर हमला बोला है। सियासी गलियारों में चर्चा है कि ब्राह्मण यूपी की योगी आदित्यनाथ सरकार से नाराज हैं। ऐसे में अलंकार अग्निहोत्री का यह बयान बीजेपी की परेशानी बढ़ाने वाला हो सकता है। हालांकि, बीजेपी की ओर से खबर लिखे जाने तक उनके बयान पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी गई है। 

 

यह भी पढ़ें: काशी की थीम पर बना क्रिकेट स्टेडियम, 2 दिसंबर को PM मोदी करेंगे उद्घाटन

कौन हैं अलंकार अग्निहोत्री?

अलंकार अग्निहोत्री उत्तर प्रदेश के चर्चित पूर्व PCS अधिकारी हैं। वह मूल रूप से कानपुर के रहने वाले हैं और उन्होंने IIT-BHU से मेटलर्जिकल इंजीनियरिंग में बीटेक किया है। उन्होंने करीब 10 साल तक आईटी सेक्टर में नौकरी करने के बाद सिविल सर्विस में सेवाएं दी। सर्विस दे दौरान वह लखनऊ, उन्नाव और बलरामपुर समेत कई जिलों में SDM के पद पर तैनात रहे। बाद में उन्हें बरेली का सिटी मजिस्ट्रेट बनाया गया। जनवरी 2026 में UGC के नए नियमों और प्रयागराज माघ मेले में शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद से जुड़े विवाद के विरोध में उन्होंने अपने पद से इस्तीफा देने का ऐलान किया। इसके बाद वह राजनीतिक गतिविधियों में सक्रिय हो गए और अपनी पार्टी राष्ट्रीय अधिकार मोर्चा का गठन किया। अब वह उत्तर प्रदेश की राजनीति में अपनी पहचान बनाने की कोशिश कर रहे हैं।