समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर औपचारिक बातचीत आज से शुरू हो गई है। सोमवार को दिल्ली में दोनों दलों के नेता कांग्रेस के राज्यसभा सांसद प्रमोद तिवारी के घर पर मिले। इस मुलाकात के बाद दोनों दलों की ओर से सकारात्मक प्रतिक्रिया आई। दोनों ही दलों के नेताओं ने कहा कि गठबंधन तय है। उत्तर प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने कहा कि दोनों दलों को एक-दूसरे पर भरोसा है और यह गठबंधन तय है। सपा की ओर से बातचीत की अगुवाई कर रहे प्रोफेसर राम गोपाल यादव ने कहा कि दो-तीन दिन में बातचीत पूरी हो जाएगी और जल्द ही एलान कर दिया जाएगा।

 

इस बैठक में कांग्रेस की ओर से राजेंद्र पाल गौतम, प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा मोना और इमरान मसूद जैसे नेता शामिल हुए। वहीं, समाजवादी पार्टी की ओर से सांसद राजीव राय, राज्यसभा सांसद और पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव रामगोपाल यादव, सांसद इकरा हसन और सांसद श्याम लाल पाल शामिल हुए।

 

यह भी पढ़ें: कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन: दलित वोटों पर नजर या अखिलेश यादव को सियासी संदेश?

दोनों पक्षों के नेताओं ने क्या-क्या कहा?

सपा के राज्यसभा सांसद रामगोपाल यादव ने कहा, 'बहुत ही सौहार्दपूर्ण वातावरण में बैठक हुई। एक-दूसरे की बात को सुना। हम लोग शीघ्र ही इस गठबंधन को आखिर तक पूरा करके जल्द ही आपको बताएंगे। दो-दिन में इसे हम पूरा कर लेंगे। दूसरी बैठक कल होगी।'

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा मोना ने कहा, 'हम लोगों ने आपस में बात की। दोनों ने अपनी-अपनी बात रखी। हमारी लीडरशिप के बीच पहले भी बातचीत हो रही थी। दोनों पक्ष एक-दूसरे पर विश्वास करते हैं। कल हम फिर साथ बैठेंगे। 3-4 दिन में सारी चीजें तय हो जाएंगी।' अगली मीटिंग में प्रियंका गांधी के शामिल होने पर आराधना मिश्रा ने कहा कि उन्हें इसके बारे में जानकारी नहीं है।

 

यह भी पढ़ें: 'अब्दुल दरी नहीं बिछाएगा', UP की सत्ता में मुस्लिमों की हिस्सेदारी का सच क्या?

कांग्रेस प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने इस बातचीत के बाद कहा, 'दोनों की आपस में सहमति है। दोनों एक-दूसरे पर भरोसा है। दोनों गठबंधन करेंगे यह लगभग तय है और सम्मानजनक तरीके से समझौता हो जाएगा। बहुत जल्द होगा। हम आपसे में तय करके आपको जल्द ही बताएंगे।'

बीजेपी की प्रतिक्रिया पर राजेंद्र पाल गौतम ने कहा, 'बीजेपी बहुत परेशान है। उनकी परेशानी बढ़ने वाली है। जब सपा और कांग्रेस परेशान नहीं हैं तो बीजेपी क्यों परेशान है? हमें उनकी परेशानी समझ आ रही है।'

 

यह भी पढ़ें: 2027 की तैयारी में जुटी सपा, अखिलेश बोले- सीट नहीं, जीत मायने रखती है

क्या है दोनों दलों की उम्मीद?

बता दें कि कांग्रेस की ओर से ज्यादा से ज्यादा सीटें लेने की कोशिश है। खुद अखिलेश यादव कह चुके हैं कि कांग्रेस 181 सीटें मांग रही है। हालांकि, सपा अधिकतम 50 से 60 सीटें देने के ही मूड में है। इसके बावजूद दोनों दलों ने पहली मीटिंग के बाद सकारात्मक रुख दिखाया है। हाल ही में एक लिस्ट भी वायरल हुई थी जिसमें कांग्रेस की ओर से उन सीटों पर भी दावा करने की बात कही गई थी जहां मौजूदा समय में सपा के विधायक हैं। फिर भी यह माना जा रहा है कि दोनों दल आपसी सहमति से गठबंधन पर राजी हो जाएंगे।