केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज हरियाणा के दौरे पर हैं। इस दौरान उन्होंने करनाल में आयोजित 'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' रैली में कांग्रेस और राहुल गांधी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि 2024 के लोकसभा चुनाव के बाद देश में जहां-जहां विधानसभा चुनाव हुए, वहां जनता ने राहुल गांधी और कांग्रेस को लगातार हराया है। अमित शाह ने राहुल गांधी के पीएम मोदी को डिबेट के लिए चैलेंज करने वाले वीडियो का जवाब भी मंच से दिया। 

 

अमित शाह ने कहा कि 2024 चुनाव के बाद विपक्ष की हार की शुरुआत हरियाणा से हुई थी। उन्होंने कहा कि हुड्डा जी को साफ कपड़े पहनकर जीत के लड्डू बनवा रहे थे लेकिन पांचवे राउंड तक कांग्रेस का सूपड़ा साफ हो गया। उन्होंने बताया कि इसके बाद महाराष्ट्र, बिहार, दिल्ली और असम समेत कई राज्यों में भी कांग्रेस को हार का सामना करना पड़ा। उन्होंने पश्चिम बंगाल और पुडुचेरी का भी जिक्र करते हुए विपक्ष पर तंज कसा। अमित शाह ने कहा कि राहुल गांधी अपनी हार से घबराए हुए हैं, इसलिए अब चुनाव आयोग और SIR को निशाना बना रहे हैं।

 

यह भी पढ़ें: पंजाब के मुख्य सचिव को मिली राहत, DA मामले में आपराधिक अवमानना कार्यवाही पर रोक

 

हरियाणा चुनाव पर क्या बोले?

हरियाणा चुनाव का जिक्र करते हुए अमित शाह ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा पर भी कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि मतगणना वाले दिन हुड्डा साहब और कांग्रेस के नेता नए कपड़े पहनकर अपने कार्यालय पहुंचे थे। उनके साथ पेड़े, बर्फी और जलेबियां भी थीं, क्योंकि उन्हें जीत का पूरा भरोसा था। लेकिन जैसे-जैसे मतगणना आगे बढ़ी, कांग्रेस की उम्मीदों पर पानी फिर गया। 

 

अमित शाह ने दावा किया कि पांचवें राउंड तक कांग्रेस पूरी तरह पिछड़ चुकी थी। उन्होंने कहा कि हरियाणा की जनता ने कांग्रेस को जवाब दिया और इसके बाद महाराष्ट्र में भी पार्टी को हार का सामना करना पड़ा। गृह मंत्री ने कहा कि दिल्ली में तीन दशक बाद बीजेपी की सरकार बनी और बिहार में भी बीजेपी ने जीत हासिल की।

 

राहुल पर साधा निशाना

राहुल गांधी की ओर से चुनाव प्रक्रिया और चुनाव आयोग पर उठाए जा रहे सवालों का जवाब देते हुए शाह ने कबड्डी का एक किस्सा सुनाया। उन्होंने कहा कि जब वह स्कूल में पढ़ते थे, तब सातवीं कक्षा की टीम कबड्डी में लगातार चैंपियन बनती थी। नौवीं कक्षा की टीम बार-बार हारने से परेशान हो गई। इसके बाद उसने बैठक की और फैसला किया कि सातवीं कक्षा की टीम को हराने का सबसे अच्छा तरीका यही है कि रेफरी को ही बेईमान बता दिया जाए। ऐसा करने से अपनी हार का ठीकरा किसी और पर फोड़ा जा सकेगा। अमित शाह ने तंज कसते हुए कहा कि लगता है राहुल गांधी ने भी उन बच्चों की यही तरकीब सीख ली है।

 

यह भी पढ़ें: यूजीसी नियमों की होगी समीक्षा, केंद्र सरकार बनाएगी विशेष समिति

बहस की चुनौती

गृह मंत्री ने राहुल गांधी को संसद में खुली बहस की चुनौती भी दी। उन्होंने कहा कि अगर राहुल गांधी के पास चुनाव प्रक्रिया को लेकर कोई ठोस सवाल, तथ्य और तर्क हैं तो उन्हें संसद में आकर चर्चा करनी चाहिए। अमित शाह ने कहा कि संसद में आमने-सामने बैठकर बात की जा सकती है और सरकार हर सवाल का जवाब देने के लिए तैयार है।

 

उन्होंने राहुल गांधी पर आरोप लगाया कि वह जिम्मेदारी से चर्चा करने के बजाय आरोप लगाकर पीछे हट जाते हैं। अमित शाह ने कहा कि राहुल गांधी संसद में आएं और सीधे सवाल पूछें, लेकिन वह जवाब नहीं सुन पाएंगे। उन्होंने बीजेपी कार्यकर्ताओं से अपील की कि हरियाणा के घर-घर में जाकर राहुल गांधी की ओर से उठाए जा रहे सवालों पर जानकारी दें और उनके एजेंडे का पर्दाफाश करें।