6 साल की दूरी के बाद शिरोमणि अकाली दल (SAD) और भारतीय जनता पार्टी (BJP) का साथ आना तय हो गया है। पंजाब के विधानसभा चुनाव से ठीक पहले दोनों के गठबंधन का एलान होने जा रहा है। कुछ ही देर में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और शिरोमणि अकाली दल के मुखिया सुखबीर सिंह बादल इसका औपचारिक एलान करने वाले हैं। इन दोनों दलों के बीच 2022 में दूरी आ गई थी। तब केंद्र में मंत्री रहीं हरसिमरत कौर बादल ने इस्तीफा दे दिया था। 2022 और 2024 में भी गठबंधन की कोशिशें हुईं लेकिन बात नहीं बनी। अब अमित शाह की सक्रियता बढ़ने के बाद पंजाब में दोनों दल साथ आ रहे हैं।

 

रोचक बात है कि कुछ दिन पहले बीजेपी के कई वरिष्ठ नेता सभी 117 सीटों पर ल़ड़ने की बातें कह रहे थे। इसके बावजूद पर्दे के पीछे दोनों दलों में बातचीत जारी थी और अब यह बातचीत अंजाम तक पहुंचने जा रही है। 2022 के विधानसभा चुनाव और 2024 के लोकसभा चुनाव में दोनों दल अलग-अलग लड़े थे। 2022 के विधानसभा चुनाव में अकाली दल को 3 और बीजेपी को 2 सीटों पर जीत मिली थी। वहीं, 2024 के लोकसभा चुनाव में अकाली दल को सिर्फ 1 सीट पर जीत मिली थी और बीजेपी का खाता भी नहीं खुला था। 

कैसे और क्यों टूटा था गठबंधन?

जून 2020 में केंद्र की मोदी सरकार अध्यादेश के जरिए 3 कृषि सुधार कानून लाई थी। सितंबर में इसे संसद में भी पारित करवा लिया गया। इसी के खिलाफ देश भर में प्रदर्शन हुए थे। पंजाब और हरियाणा के किसानों की अगुवाई में दिल्ली की सीमाओं पर जबरदस्त मोर्चे बंदी की गई थी। तब अकाली दल पर भी दबाव पड़ा था। उस वक्त अकाली दल की सांसद हरसिमरत कौर बादल केंद्र में खाद्य और प्रसंस्करण मंत्री थीं। अकाली दल ने इस कानून का विरोध किया था।

 

यह भी पढ़ें: बीजेपी ने पंजाब के लिए बनाई राज्य चुनाव समिति, किन नेताओं को मिली जिम्मेदारी?

 

इसी कानून के खिलाफ हरसिमरत कौर बादल ने 17  सितंबर 2020 को केंद्रीय मंत्रिमंडल से इस्तीफा दे दिया था। इसी के बाद दोनों दलों यानी बीजेपी और अकाली दल का गठबंधन भी टूट गया था। हालांकि, नवंबर 2021 में तीनों कृषि कानूनों को वापस भी ले लिया गया था। बता दें कि ये बिल पंजाब विधानसभा चुनाव 2022 से ठीक पहले वापस लिए गए थे। 

 

उस वक्त भी दोनों दलों के बीच गठबंधन की कोशिश हुई थी लेकिन तब बात नहीं बन पाई थी। 2024 के लोकसभा चुनाव से पहले भी दोनों दलों में बातचीत हुई थी लेकिन सीटों के बंटवारे को लेकर बात नहीं बनी थी।

 

यह भी पढ़ें: जनता तय करेगी पंजाब का घोषणापत्र, गांव-गांव पहुंचेगी BJP की 'संकल्पनामा वैन'

क्या है दोनों के साथ का इतिहास?

बता दें कि 1996 में अकाली दल ने पहली बार अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार को समर्थन दिया था। 1997 में पहली बार बीजेपी और अकाली दल ने साथ मिलकर चुनाव लड़ा और इस गठबंधन को जीत मिली और प्रकाश सिंह बादल मुख्यमंत्री बने। 2022 में कांग्रेस ने वापसी की। 2007 में फिर से अकाली-बीजेपी गठबंधन को जीत मिली। 2012 में भी इसी गठबंधन को जीत मिली और प्रकाश सिंह बादल लगातार 10 साल पंजाब के सीएम रहे।