आज देश के अलग-अलग राज्यों में हुए विधानसभा और लोकसभा उपचुनाव के नतीजे घोषित कर दिए गए हैं और इन नतीजो से नए राजनीतिक संकेत भी मिल रहे हैं। पश्चिम बंगाल की दो विधानसभा सीटों, असम की एक लोकसभा सीट, पुडुचेरी की एक विधानसभा सीट और तमिलनाडु की भी दो विधानसभा सीटों पर उपचुनाव हुए। इस तीनों राज्यों में उपचुनाव में सत्ताधारी दलों का पलड़ा भारी रहा। वहीं, भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) को एक बड़ी बढ़त मिली है।
पश्चिम बंगाल की नंदीग्राम और रेजीनगर विधानसभा सीटों पर भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने जीत दर्ज की। नंदीग्राम में बीजेपी की हसी रानी रथ ने 1,64,427 वोट हासिल किए और 1,22,753 वोटों के अंतर से जीत दर्ज की। जीनगर में बीजेपी के शंकरव सरकार को 1,29,914 वोट मिले। उन्होंने आम जनता उन्नयन पार्टी के उम्मीदवार गुलाम नबी आजाद को 75,816 वोटों से हराया। रेजीनगर की सीट पर बीजेपी की जीत को अहम माना जा रहा है क्योंकि इस सीट से हुमायुं कबीर विधायक थे और यह मुस्लिम बहुल सीट है।
यह भी पढ़ें: 'EVM बंद हो... बैलेट पेपर से चुनाव हो', राष्ट्रपति से विपक्ष ने की मांग
असम और पुडुचेरी में NDA
इसके साथ ही भारतीय जनता पार्टी के लिए असम और पुडुचेरी से भी अच्छी खबर सामने आई है। असम की नगांव लोकसभा सीट पर भी बीजेपी को सफलता मिलती हुई नजर आ रही है। इस सीट पर कांग्रेस का कब्जा था लेकिन उपचुनाव में बीजेपी उम्मीदवार 1 लाख 14 हजार से ज्यादा (खबर लिखे जाने तक) वोटों से आगे चल रहे हैं। वहीं, AIUDF दूसरे और कांग्रेस पार्टी तीसरे नंबर पर नजर आ रही है। पुडुचेरी में, सत्ताधारी AINRC ने बीजेपी के साथ गठबंधन में कुछ महीने पहले सत्ता संभाली थी और इसके बाद यह पहला चुनाव था। इस चुनाव में पार्टी उम्मीदवार अशोक आनंद ने 8 हजार से ज्यादा वोटों से जीत दर्ज की है।
तमिलनाडु में 'विजय'
तमिलनाडु की धारापुरम और मदुरंतकम विधानसभा सीटों पर अभिनेता से नेता बने विजय की पार्टी तमिलगा वेत्री कझगम (TVK) ने जीत हासिल की। विजय की TVK ने धारापुरम और मदुरंतकम दोनों सीटों पर जीत दर्ज कर अपनी पहली परीक्षा पास कर ली है। इस जीत के साथ ही विजय की गठबंधन सरकार अब अपने सहयोगियों पर कम निर्भर रहेगी। हालांकि, पूर्ण बहुमत के लिए अभी भी उन्हें कांग्रेस के साथ की जरूरत पड़ेगी।
पहली बार राजनीति में एंट्री और सीधे सीएम की कुर्सी तक पहुंचने वाले एक्टर विजय के लिए यह जीत काफी अहम मानी जा रही है। वहीं, विरोधी DMK ने इन चुनावों को लेकर सरकार पर हमला बोला है। एमके स्टालिन ने कहा कि तमिलनाडु उपचुनाव लोकतंत्र की खुली हत्या थे।
यह भी पढ़ें: West Bengal bypolls: बंगाल में TMC-कांग्रेस को झटका, बीजेपी ने दोनों सीटें जीतीं
बीजेपी को बढ़त
असम, पश्चिम बंगाल और पुडुचेरी के विधानसभा और लोकसभा उपचुनावों के नतीजे भारतीय जनता पार्टी के लिए काफी अच्छे रहे हैं। पार्टी ने असम और बंगाल की उन सीटों पर जीत दर्ज की है जहां पार्टी के लिए जीत मुश्किल बताई जा रही थी। मुस्लिम बहुल इन सीटों पर बीजेपी की जीत भविष्य की राजनीति की ओर संकेत कर रहे हैं। असम में कांग्रेस के लिए मुश्किलें और ज्यादा बढ़ गई हैं। पश्चिम बंगाल में सीएम सुवेंदु अधिकारी ने अपनी पकड़ मजबूत की है और कांग्रेस समेत ममता बनर्जी की टीएमसी और पार्टी से टूटकर बने दूसरे गुट का खराब प्रदर्शन रहा है। पीएम मोदी, गृह मंत्री अमित शाह समेत बीजेपी के तमाम नेताओं ने इन उपचुनावों में जीत के लिए बधाई दी है।
