उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच सीटों के बंटवारे की कवायद तेज हो गई है। दोनों दलों के बीच सीटों को लेकर लगातार बातचीत हो रही है और सीटों के बंटवारे को लेकर बयानबाजी भी तेज हो गई है। समाजवादी पार्टी के नेताओं ने दावा किया कि उनकी ओर से कांग्रेस पार्टी को 26 सीटों की लिस्ट दी गई है। इसको लेकर सियासी गलियारे में चर्चा हो रही है। इस बीच कांग्रेस अध्यक्ष अराधना मोना मिश्रा ने भी समाजवादी पार्टी के इस ऑफर पर किए गए सवाल पर जवाब दिया है।
403 विधानसभा सीटों वाले उत्तर प्रदेश में सपा और कांग्रेस के बीच सीटों का तालमेल विपक्षी राजनीति के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है। दोनों दलों की कोशिश है कि चुनाव से पहले सीटों के जल्द बंटवारे की है लेकिन दोनों पार्टियों की ओर से ज्यादा सीटों का दावा किया जा रहा है। कांग्रेस समाजवादी पार्टी से 100 से ज्यादा सीटों की मांग कर रही है। वहीं, समाजवादी पार्टी ने 26 सीटों की लिस्ट कांग्रेस को दे दी है। दोनों पार्टियों के बीच अब आधिकारिक बातचीत शुरू हो गई है।
यह भी पढ़ें: बिहार के लखीसराय में भीषण हादसा, स्कॉर्पियो के उड़े परखच्चे; 4 की दर्दनाक मौत
26 सीटों के ऑफर पर बयानबाजी
सीटों के बंटवारे को लेकर सबसे ज्यादा चर्चा कांग्रेस को दिए गए 26 सीटों के प्रस्ताव की है। इस प्रस्ताव को लेकर सपा सांसद राजीव राय और रामगोपाल यादव के बयानों के बाद राजनीतिक हलचल और तेज हो गई है। इस 26 सीटों के प्रस्ताव पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अराधना मिश्रा मोना ने साफ कहा कि उन्हें ऐसी किसी संख्या की जानकारी नहीं है।
जब उनसे पूछा गया कि क्या समाजवादी पार्टी ने कांग्रेस को 26 सीटें देने का प्रस्ताव दिया है, तो उन्होंने कहा, 'मुझे ऐसी कोई जानकारी नहीं है। मैंने जो कहा है, वह यह है कि सीटों पर चर्चा होगी। दोनों पक्ष इस बात पर सहमत हैं कि हर सीट पर चर्चा की जाएगी।'
तीन घंटे चली बैठक
कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा, 'आज की बैठक साढ़े तीन घंटे चली है। आप अच्छी तरह अंदाजा लगा सकते हैं कि साढ़े तीन घंटे की बैठक में क्या-क्या चर्चा हुई होगी। यहां सभी लोग समझदार हैं, इसलिए इस बारे में कोई आकलन या अटकल लगाने की जरूरत नहीं है।'
अराधना मिश्रा ने आगे कहा कि दोनों दलों के बीच सीटों को लेकर बातचीत अभी पूरी नहीं हुई है। चर्चा आगे भी जारी रहेगी। उन्होंने कहा, 'हम पहले ही बता चुके हैं कि सीटों पर बातचीत चल रही है और अभी यह बातचीत समाप्त नहीं हुई है। आगे भी चर्चा जारी रहेगी। बहुत जल्द अगली बैठक की तारीख तय करेंगे और इस विषय पर आगे बातचीत करेंगे।' वहीं, कांग्रेस प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने कहा कि अगली दो मीटिंग में गठबंधन हो जाएगा।
रामगोपाल यादव क्या बोले?
समाजवादी पार्टी की ओर से बातचीत का नेतृत्व कर रहे वरिष्ठ नेता और सांसद रामगोपाल यादव ने कहा कि दोनों दलों के बीच सीटों को लेकर आमने-सामने चर्चा की जा रही है। उन्होंने कहा, 'हम सीटों को लेकर वन-टू-वन बातचीत कर रहे हैं। अभी कुछ समय बाकी है। सभी सीटों पर चर्चा होगी। बातचीत अभी जारी है और अभी किसी अंतिम नतीजे पर नहीं पहुंची है।' 26 सीटों के सवाल पर उन्होंने कहा कि अभी किसी नतीजे पर नहीं पहुंचे हैं। अभी बातचीत चल रही है।
यह भी पढ़ें: 28 साल पुराना केस, पूर्व सांसद बनवारी लाल कंछल को 3 साल की जेल, 36 हजार जुर्माना
क्या है स्थिति?
कांग्रेस पार्टी की ओर से शुरुआत में समाजवादी पार्टी को 181 सीटों की लिस्ट दी गई थी लेकिन बाद में इस लिस्ट को छोटा किया गया है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, कांग्रेस पार्टी की ओर से समाजवादी पार्टी को 125-130 सीटों की लिस्ट दी गई है। वहीं, समाजवादी पार्टी के नेताओं की ओर से कहा गया है कि कांग्रेस को 26 सीटों की लिस्ट दी गई है। गठबंधन को अंतिम रूप देने के लिए अब दोनों दल लगातार मीटिंग कर रहे हैं। दोनों दलों के नेताओं का कहना है कि सीट शेयरिंग पर बातचीत जल्द ही खत्म हो जाएगी।
