मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने रविवार को नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की आलोचना करते हुए उन्हें 'पप्पू' कहा था। राहुल गांधी के 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम को 'झूठ की गूंज' बताते हुए मोहन यादव ने उन पर जमकर निशाना साधा। अब मोहन यादव के इसी बयान का जवाब देते हुए मध्य प्रदेश कांग्रेस के नेता पी सी शर्मा ने कहा है कि ये लोग राहुल गांधी को पप्पू कहते रहे लेकिन अब वह सबके पापा बन गए हैं और जैसे लोग अपने घर में पापा से डरते हैं वैसे ही बीजेपी के लोग अब राहुल गांधी से डरने लगे हैं।
यह मामला मध्य प्रदेश के इंदौर में होने जा रहे 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम से जुड़ा हुआ है। राहुल गांधी के इसी कार्यक्रम को लेकर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने उन्हें आड़े हाथ लिया था। उन्होंने कहा कि एक नेता आ रहे हैं घूठ की गूंज लेकर। मोहन यादव ने यह भी कहा कि गांधी परिवार के लोग दिल्ली से चुनाव नहीं लड़ते हैं। बता दें कि इस कार्यक्रम के लिए घमासान मचा हुआ है। कांग्रेस का कहना है कि पहले यह कार्यक्रम 12 सितंबर को ही होना था लेकिन अनुमति न मिल पाने के कारण इसे 19 सितंबर को आयोजित किया गया है।
मोहन यादव ने राहुल गांधी पर क्या कहा?
मोहन यादव ने रविवार को कहा था, 'अब तो ट्रंप भी कह रहे हैं कि जैसे मोदीजी ने आईडी कार्ड बनवाए, वैसे ही अमेरिका में बनवाएंगे। यह कांग्रेस को जवाब है लेकिन भाई है कि मानता ही नहीं। भाई भी क्या करे। भाई का नाम ही पप्पू है। पप्पू है तो पप्पू जैसा काम करेगा। वही बात है। हमारे राज्य में आ रहे हैं तो हम स्वागत कर रहे हैं। कह रहे है कि परमिशन हीं दे रहे हैं। हम परमिशन दे रहे हैं लेकिन जब आप बोलने आओ तो आप माफी मांगना कि बालाघाट में नक्सलियों के लाल सलाम को आखिरी सलाम हमारी सरकार ने किया।'
यह भी पढ़ें: ममता बनर्जी नहीं लड़ेंगी उपचुनाव, नंदीग्राम और रेजीनगर से TMC ने किसे उतारा?
PC शर्मा ने क्या कहा था?
मोहन यादव के बारे में पूछे गए एक सवाल के जवाब में कांग्रेस नेता पी सी शर्मा ने रविवार को कहा, 'बीजेपी के जितने भी नेता हैं उनको आजादी की लड़ाई का इतिहास नहीं मालूम है कि रायबरेली से क्यों लड़ते हैं। मैं भी गया था रायबरेली मुझसे भी पूछा गया था। आजादी की लड़ाई के समय रायबरेली में किसानों का आंदोलन हुआ था। जवाहर लाल नेहरू डेढ़ महीने रायबरेली में रहे और अंग्रेजों से लड़ाई लड़ी और किसानों की समस्याओं को हल कराया। तब से रायबरेली नेहरू-गांधी परिवार को नहीं छोड़ता है।'
इंदौर में 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम का जिक्र करते हुए पी सी शर्मा ने कहा, 'बीजेपी घबराई हुई है। कमेंट करने की जरूरत ही क्या है। इंदौर में कार्यक्रम हो रहा है, युवा आएंगे, रजिस्ट्रेशन हो रहा है। जब से जंतर-मंतर पर राहुल गांधी ने जाकर युवाओं की बात है, तब से बीजेपी घबराई हुई है। उसी का नतीजा मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री के कमेंट में दिख रहा है। उन्हें पता है कि जब इतने युवा इकट्ठे हो जाएंगे तो इसका असर मध्य प्रदेश की राजनीति पर भी पड़ने वाला है।'
यह भी पढ़ें: BSP में वे ताकतवर नेता कौन हैं जिनके लिए इशारा कर गए आकाश आनंद?
राहुल गांधी को 'पप्पू' कहने के सवाल पर पी सी शर्मा ने कहा, 'इनके पप्पू कहते-कहते, अब वह सबके पापा हो गए हैं। घर में सबसे ज्यादा लोग पापा से डरते हैं। अब पूरी बीजेपी उनसे डरने लगी है तो वह पापा हो गए हैं।' इसी बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए बीजेपी सांसद हितेश वाजपेई ने कहा कि पी सी शर्मा को ऐसे बिलो बेल्ट बयान नहीं देने चाहिए।
भड़क गए बीजेपी नेता
उन्होंने आगे कहा, 'अगर पी सी शर्मा जी चाहते हैं कि राहुल गांधी पप्पू के अलावा पापा के रूप में जाने जाएं तो पहले उनका शादी-ब्याह तो करा दीजिए। अगर उनके बच्चे हो गए हैं तो उनको सामने लाएं। गाहे-बगाहे उनकी तस्वीरें जरूर सामने आती हैं, जब वह विदेश जाते हैं तो क्या पी सी शर्मा जी खुलासा करना चाहते हैं कि राहुल गांधी पापा बन गए हैं?'
बता दें कि अगला 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम मध्य प्रदेश के इंदौर शहर में 19 सितंबर को होने वाला है। इसी कार्यक्रम के लिए कांग्रेस ने 10 लाख रुपये से ज्यादा चुकाकर मैदान बुक किया है।
