10 साल से उत्तर प्रदेश की सत्ता पर काबिज भारतीय जनता पार्टी (BJP) के खेमे में इस बार खलबली मची है। मतभेद की खबरों के बीच मंथन हो रहा है, स्पष्टीकरण जारी हो रहे हैं और डैमेज कंट्रोल की कोशिशें लखनऊ से दिल्ली तक हो रही हैं। इस बीच बीजेपी की ओर से कभी इस चुनाव को 80-20 वाला बताया जा रहा है तो कभी 'राधे-राधे कमल खिला दे' जैसे नारे देकर स्पष्ट तौर पर ध्रुवीकरण की कोशिश हो रही है। इसके पीछे की बड़ी वजह 2024 का लोकसभा चुनाव है जिसमें बीजेपी को समाजवादी पार्टी के हाथों मुंह की खानी पड़ी थी। सपा के मुखिया अखिलेश यादव ने 2022 के फार्मूले को PDA का नाम देकर कई अन्य जातियों को भी जोड़ने की कोशिश की है। यही दांव ना बैठता देख बीजेपी अब ध्रुवीकरण की कोशिशों में जुटती दिख रही है।

 

2019 के लोकसभा चुनाव में बीजेपी की अगुवाई वाले नेशनल डेमोक्रैटिक अलायंस (NDA) ने 64 सीटों पर जीत हासिल की थी। यही एनडीए 2024 में सिर्फ 36 सीटों पर सिमट गया। इससे पहले 2022 में इसी गठबंधन ने 403 में से 273 सीटें जीत ली थीं। बाद में ओम प्रकाश राजभर और जयंत चौधरी के आ जाने से इसमें और इजाफा हो गया। यही गठबंधन 2024 में भी था लेकिन तब सपा-कांग्रेस की दलित+ओबीसी+मुस्लिम वाली रणनीति बीजेपी पर भारी पड़ गई थी।

 

यह भी पढ़ें: 'खाओ, पियो और मौज करो' वाली सोच नहीं चलेगी, PM मोदी ने क्यों कही यह बात?

 

अब 2027 के चुनाव से पहले बीजेपी बार-बार मथुरा और काशी के मुद्दे को उछाल रही है। बीजेपी ने हाल ही में अपना चिंतन शिविर भी मथुरा में लगाया। वहीं से 'राधे-राधे कमल खिला दे' का नारा भी निकला। बीजेपी की कोशिश है कि अब वह ध्रुवीकरण के लिए प्रदेश में नई जमीन तैयार करे। इसकी वजह यह भी है कि कई कोशिशों के बावजूद बीजेपी अखिलेश यादव के PDA फार्मूले की काट नहीं खोज पा रही है। बीजेपी को लग रहा है कि अगर 2024 की तरह ही अखिलेश यादव ने टिकट बंटवारा बढ़िया किया तो वह आगे निकल सकते हैं।

बैकफायर न कर जाए ध्रुवीकरण का फार्मूला?

ध्रुवीकरण का फार्मूला भी अब दोधारी तलवार जैसा हो गया है। 2024 के चुनाव से ठीक पहले राम मंदिर का उद्घाटन हुआ था। तमाम आलोचनाओं के बावजूद मंदिर के पहले तल को ही दर्शन के लिए खोल दिया गया था। आसपास के कई जिलों के नेताओं ने लोगों को अयोध्या ले जाकर दर्शन भी करवाए लेकिन उसी उत्तर प्रदेश में बीजेपी, सपा से पीछे रह गई। बीजेपी के लिए सबसे चौंकाने वाली बात यह थी कि वह उसी अयोध्या की लोकसभा सीट हार गई जहां राम मंदिर बना।

 

यह भी पढ़ें: 'मोदी भी जेल जाते, हमारे ही कुछ नेताओं ने रोका था', वीरप्पा मोइली का बयान वायरल

 

बीजेपी की कोशिश है कि अगर हिंदू वोटों का ध्रुवीकरण उसके पक्ष में हो जाए तब वह जातियों के हिसाब से होने वाले मतदान को काउंटर कर सकती है। वहीं, सपा हर सीट पर कम से कम 2 से तीन प्रमुख जातियों को साथ जोड़कर विनिंग फार्मूला बनाने में जुटी हुई है। चर्चा है कि एक बार फिर से अखिलेश यादव उत्तर प्रदेश में मुस्लिम और यादव के बजाय अन्य जातियों के उम्मीदवारों को ज्यादा टिकट देंगे ताकि मुस्लिम और यादव के साथ उन जातियों का भी वोट मिले और ज्यादा से ज्यादा सीटों पर जीत हासिल की जा सके।      

2022 में क्या थे BJP के नारे?

2022 में बीजेपी की ओर से दिए गए ज्यादातर नारे 5 साल के काम पर आधारित थे। 'सोच ईमानदार, काम दमदार, फिर एक बार भाजपा सरकार', 'इरादे नेक, काम अनेक', 'यूपी में बाबा', 'यूपी फिर मांगे भाजपा सरकार' और 'सौ में साठ हमारा है, चालीस में बंटवारा है, उसमें भी हमारा है' जैसे नारों के साथ उतरी बीजेपी ने धार्मिक ध्रुवीकरण की कोशिश भी खूब की थी। हालांकि, चरण के हिसाब से इन नारों का इस्तेमाल किया गया था। चुनाव के दौरान ही योगी आदित्यनाथ ने '80-20 की लड़ाई' का राग छेड़कर ध्रुवीकरण के लिए भी जोर लगाया था।

2024 ने क्या बदला?

2022 में मिली हार के बाद अखिलेश यादव के सामने 2024 की बड़ी लड़ाई थी। इस चुनाव में सपा ने अघोषित तौर पर PDA बनाया। तब उसने कांग्रेस के साथ मजबूत गठबंधन किया और टिकट बंटवारे से सबको हैरान कर दिया। मुस्लिम और यादव की पार्टी कही जाने वाली पार्टी सपा ने पहली बार सिर्फ 5 यादव और 4 मुस्लिम कैंडिडेट उतारे। 62 में 37 पर जीत का कारण यही था कि सपा ने पहली बार उन जातियों के नेताओं को टिकट दिया जो पारंपरिक रूप से सपा की वोटर नहीं मानी जाती।

 

यह भी पढ़ें: एक परिवार दो टिकटों पर विवाद जारी, पंजाब कांग्रेस के झगड़े की पूरी कहानी समझिए

 

2024 में सपा के टिकट पर जीते सांसदों में 7 कुर्मी, 5 यादव, 5 पासी, 4 कुशवाह/शाक्य  और 2 निषाद थे। सपा ने कुल 27 टिकट ओबीसी को और 15 टिकट दलित नेताओं को दिए थे। यह फार्मूला हिट रहा था। 37 में से 20 जीते सांसद OBC, 8 अनुसूचित जाति के और 4 मुस्लिम थे। पांच सांसद सवर्ण थे।

 

PDA की सटीक काट ना मिलने, UGC जैसे मुद्दों पर विरोध और लगातार बढ़ती नाराजगी को कम करने की दिशा में बीजेपी की कोशिश है कि वह कोई एक ऐसा मुद्दा पैदा कर सके जिसके सहारे ध्रुवीकरण हो सके। खुद योगी आदित्यनाथ ने असदुद्दीन ओवैसी पर हमला बोलकर विपक्ष को आड़े हाथ लेने की कोशिश की है। यह कोशिश भी दिखाती है कि बीजेपी किस दिशा में सोच रही है।