तमिल सिनेमा के सुपरस्टार धनुष रविवार को अपने आधिकारिक फैन क्लब की 3,000 से ज्यादा महिला पदाधिकारियों और स्वयंसेवकों से मिलने वाले हैं। कॉलेज परिसर को अभिनेता के बैनर और पोस्टरों से सजाया गया है। तमिलनाडु की राजनीति में ऐसी अटकलें लगाई जा रहीं हैं कि अब वह अपनी सियासी पारी शुरू कर सकते हैं।
यह बैठक ऐसे वक्त हो रही है, जब कुछ दिन पहले फैन क्लब का नाम धनुष फैन्स क्लब से बदलकर धनुष नरपणी इयक्कम (धनुष कल्याण आंदोलन) किया गया है। इससे धनुष के राजनीति में उतरने की अटकलें बढ़ गई हैं।
अभिनेता से नेता बने सी जोसेफ विजय की पार्टी तमिलगा वेट्री कझगम (TVK) अप्रैल में हुए विधानसभा चुनाव के बाद तमिलनाडु की सत्ता में आई है। इसके बाद से ये अटकलें और तेज हुई हैं। विजय की तरह धनुष भी बड़े फैन बेस वाले अभिनेता रहे हैं और तमिलनाडु में खासे पॉपुलर हैं।
यह भी पढ़ें: धनुष संग दोस्ती टूटने पर छलका विग्नेश शिवन का दुख, पत्नी नयनतारा से हुआ था विवाद
नया लोगो, फैन क्लब का नाम बदला, तैयारी क्या?
14 अक्टूबर को कोयंबटूर में पदाधिकारियों की बैठक में फैन क्लब के संगठन में बदलाव को आधिकारिक मंजूरी दी गई। इसी के साथ संगठन का नया लोगो भी जारी किया गया। लोगो में लाल और सफेद गोल घेरा है, जिसके बीच में एक बड़ा लाल सितारा है। सितारे के अंदर हाथ जोड़े धनुष की तस्वीर है। लोगो के अंदर तमिल भाषा में लिखा है कि यह समूह एक कल्याण आंदोलन है।
27 जुलाई को तिरुवल्लूर जिले के एक कार्यक्रम में धनुष ने प्रशंसकों से कहा था कि वे उनकी फिल्मों और संगीत के कार्यक्रमों में आने के अलावा समाज कल्याण के काम भी करें। उन्होंने कार्यक्रम में जुटी भीड़ का जिक्र करते हुए कहा था कि ऐसी एकता में असली ताकत होती है। उन्होंने प्रशंसकों से इस एकता को एक मकसद देने और अपने आसपास के इलाकों में लोगों के लिए काम करने को कहा था।
धनुष की सियासी अटकलों पर क्या कह रहे हैं लोग?
15 अक्टूबर को AIADMK के पूर्व मंत्री केटी राजेंद्र बालाजी ने कहा कि धनुष बड़े अभिनेता हैं और अगर वह पार्टी में आना चाहें तो उनका स्वागत होगा। ऐसे दावे किए जा रह हैं कि धनुष कुछ राजनीतिक नेताओं से मिलने दिल्ली गए थे। DMK के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री एस रेगुपति ने इन अटकलों पर कहा है कि लोकतांत्रिक देश में कोई भी राजनीति में आ सकता है। उन्होंने यह भी कहा कि जब विजय आ सकते हैं तो धनुष क्यों नहीं।
यह भी पढ़ें: RTI कानून में बदलाव और फिर वापसी, आखिर कहां फंस गई विजय सरकार?
तमिलनाडु की राजनीति में फिल्मी हस्तियां अहम क्यों?
तमिलनाडु की राजनीति में फिल्मी हस्तियों के सियासत में आने का लंबा इतिहास रहा है। इनमें AIADMK के संस्थापक और पूर्व मुख्यमंत्री एमजी रामचंद्रन और दिवंगत जे जयललिता शामिल हैं। दिवंगत DMK नेता एम करुणानिधि ने तमिल सिनेमा के लिए पटकथा और गीत लिखे। उनके बेटे और DMK अध्यक्ष एमके स्टालिन ने कुछ फिल्मों में काम किया। स्टालिन के बेटे और DMK युवा विंग के नेता उदयनिधि स्टालिन भी अभिनेता के रूप में पहचान बनाने के बाद राजनीति में आए।
क्या विजय की तरह कमाल करेंगे धनुष?
विजय ने अपने फैन क्लबों को विजय मक्कल इयक्कम में बदला था। इसके बाद उन्होंने 2 फरवरी 2024 को TVK की औपचारिक शुरुआत की। पार्टी ने दो साल के भीतर विधानसभा चुनाव में 108 सीटें जीतीं। चुनाव के बाद TVK ने कांग्रेस, विदुथालाई चिरुथैगल कच्ची और इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग के साथ गठबंधन बनाया और 10 मई को सरकार बनाई। अब धनुष के प्रशंसक भी इसी उम्मीद में हैं।
