केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरण रिजीजू और कांग्रेस नेता पवन खेड़ा के बीच सोशल मीडिया पर जुबानी जंग छिड़ गई है। इसकी शुरुआत तब हुई, जब रिजीजू ने अरुणाचल प्रदेश की एक नदी में तैराकी करते हुए अपना वीडियो शेयर किया। इसके बाद पवन खेड़ा ने रिजीजू और गिरिराज सिंह का वीडियो शेयर करते हुए उन पर तंज कसा। इस पर किरण रिजीजू ने पवन खेड़ा को टैग करते हुए जवाब दिया और साथ ही असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा का भी जिक्र किया।

 

पवन खेड़ा की टिप्पणी पर किरण रिजीजू ने पलटवार किया और इसे अभद्र टिप्पणी बताया। उन्होंने खेड़ा को चेतावनी देते हुए कहा कि वह उनके अनुशासनहीन व्यवहार की शिकायत असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा से करेंगे।

 

यह भी पढ़ें: 'गोवा में सरकार बनी तो 5 दिन में E20 बंद', चुनाव से पहले केजरीवाल का बड़ा एलान

किरण रिजीजू का पूरा बयान

किरण रिजीजू ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, 'प्रिय पवन खेड़ा जी, अगर आप इस तरह आधे-अधूरे कपड़ों में तैरने की बात करेंगे तो मैं आपके इस अनुशासनहीन व्यवहार की शिकायत असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा जी से करूंगा। क्या आप पूरे सूट और कोट पहनकर तैरते हैं?' उन्होंने आगे कहा कि आप पहली बार के सांसद हैं और आपकी पार्टी ने आपको राज्यसभा भेजा है, जबकि मैं अब तक 8 चुनाव लड़ चुका हूं। इसका मतलब यह नहीं है कि आपको इस तरह की अभद्र टिप्पणी करने का अधिकार मिल गया।

 

किरण रिजीजू ने आगे लिखा, 'मैं अपने गांव के लोगों के साथ तैरता हूं, ताकि अपने लोगों और मुझे फॉलो करने वालों को प्रेरित कर सकूं। जब मैं अपने लोगों के बीच होता हूं तो मेरे दिमाग में राहुल जी नहीं होते। लेकिन कांग्रेस के लोगों ने यह कहना शुरू कर दिया कि मैं राहुल जी की तरह तैर नहीं सकता। इसलिए मैंने भी जवाब दिया, क्योंकि मैं ऐसी गतिविधियों के लिए कोई ट्रेनिंग नहीं लेता।'

 

यह भी पढ़ें: लोकसभा में छिटका कुर्मी वोट, 2027 में कैसे साधेगी BJP? बन गई रणनीति

अरुणाचल की नदी में तैराकी का वीडियो बना विवाद की वजह

दरअसल, किरण रिजीजू ने अरुणाचल प्रदेश की नदियों में तैराकी का वीडियो शेयर किया था। उन्होंने लोगों को गहरे पानी में जाने से बचने की सलाह दी थी। रिजीजू ने कहा था कि अरुणाचल की नदियां काफी बड़ी और गही हैं और तेज बहाव के कारण इनमें तैरना स्विमिंग पूल से अलग होता है।

 

इसके वीडियो को शेयर करते हुए पवन खेड़ा ने कहा, 'सोचिए, राहुल जी ने बीजेपी की नस पर कितनी जोर से हाथ रख दिया है। एक तरफ किरण रिजीजू जी बिना शर्ट के तैरने तक नहीं जा सकते, बिना राहुल गांधी का नाम लिए। दूसरी तरफ, वरिष्ठ नेता गिरिराज सिंह जी की हालत ऐसी हो गई है कि वो खुद को 74 साल का नवजात बच्चा बता रहे हैं। राहुल जी, आपने इन सबका ये क्या हाल कर रखा है?'