पश्चिम बंगाल में शनिवार सुबह करीब 3 बजे पुलिस की बड़ी टीम ने तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी के कोलकाता स्थित कालीघाट वाले घर पर छापा मारा है। यह छापेमारी चार घंटे से ज्यादा समय तक चली। पश्चिम मेदिनीपुर जिले के सल्बोनी पुलिस स्टेशन से जुड़े एक मामले में यह कार्रवाई की गई।
पुलिस के साथ केंद्रीय बल के जवान भी मौजूद थे। स्थानीय लोगों के मुताबिक पुलिस टीम सुबह करीब 3 बजे अभिषेक बनर्जी के घर के बाहर पहुंची। टीएमसी ने आरोप लगाया कि पुलिस ने घर का ताला तोड़कर अंदर घुसपैठ की है। रेड की खबर मिलते ही पूर्व मुख्यमंत्री और टीएमसी सुप्रीमो ममता बनर्जी भी अभिषेक के घर पहुंच गईं।
अभिषेक बनर्जी ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि पुलिस ने ताला तोड़ा, पूरे घर में हर कमरे की तलाशी ली। उन्होंने इस कार्रवाई को गलत बताया।
इससे सिर्फ दो दिन पहले ही राज्य CID ने अभिषेक बनर्जी से राज्य विधानसभा से जुड़े फर्जी सिग्नेचर मामले में पूछताछ की थी। फिलहाल पुलिस अधिकारियों ने इस छापेमारी के बारे में कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है।
