कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे रविवार को चेन्नई में DMK प्रमुख एमके स्टालिन और मुंबई में नेशनलिस्ट कांग्रेस पार्टी (शरद पवार) के अध्यक्ष शरद पवार से मुलाकात करेंगे। कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के भी मल्लिकार्जुन खड़गे के साथ जाने की संभावना है। वह पहले एमके स्टालिन से मुलाकात करेंगे और शाम को शरद पवार से मिलेंगे।
 

यह मुलाकात ऐसे समय हो रही है, जब DMK और NCP (एसपी) ने प्रस्तावित परिसीमन और महिला आरक्षण विधेयकों के समर्थन का फैसला किया है। इससे संसद में विधेयक पर मतदान के दौरान INDIA ब्लॉक के वोट बंटने की आशंका पैदा हुई है। कांग्रेस अपने सहयोगियों के साथ तालमेल बनाने की कोशिश कर रही है।

यह भी पढ़ें: परिसीमन पर विरोधी दलों के बदलते रुख की कहानी क्या है?

DMK ने समर्थन क्यों दिया?

DMK सांसद कनिमोई ने गृह मंत्री अमित शाह से DMK सांसदों की मुलाकात के बाद बताया कि पार्टी की मांगें विधेयक में शामिल कर ली गई हैं। इनमें संसदीय प्रतिनिधित्व को 25 साल के लिए स्थिर रखने की मांग भी है। उन्होंने कहा कि 1971 की आबादी के आधार पर तमिलनाडु की लोकसभा सीटें 39 से बढ़ाकर 59 करने का आश्वासन मिला है। यह व्यवस्था 25 साल तक स्थिर रहेगी।

 

 

एमके स्टालिन ने कहा कि DMK अगले 25 साल के लिए तमिलनाडु का संसदीय प्रतिनिधित्व बचाने में सफल रही है। उन्होंने कहा कि पार्टी ने यह मुद्दा दूरदर्शी सोच के साथ उठाया। उन्होंने याद दिलाया कि परिसीमन के दक्षिणी राज्यों पर असर को लेकर चिंता सबसे पहले DMK ने जताई थी।

DMK प्रवक्ता ने क्या तर्क दिया?

DMK प्रवक्ता TKS इलंगोवन ने कहा कि विधेयक में सीटों में 50 प्रतिशत बढ़ोतरी तय की गई है और हर राज्य की मौजूदा हिस्सेदारी बनी रहेगी। तमिलनाडु को 7.18 प्रतिशत सीटें मिलती रहेंगी। उनके मुताबिक अगर जनगणना में उत्तरी राज्यों की आबादी बढ़ी और दक्षिणी राज्यों की घटी हो, तब भी 25 साल तक यह हिस्सेदारी नहीं बदली जा सकेगी।

TKS इलंगोवन ने चेतावनी भी दी। उन्होंने कहा कि 31 दिसंबर के बाद 25 साल पूरे हो जाते हैं। उसके बाद सरकार साधारण कानून लाकर साधारण बहुमत से सीटें बढ़ा सकती है, जो राज्यों के लिए खतरनाक होगा। उन्होंने कहा कि दो सर्वदलीय बैठकों की समझ के आधार पर DMK ने यह फैसला राज्यों की सुरक्षा के लिए लिया है।

यह भी पढ़ें: 'पाकिस्तान के इशारे पर परिसीमन बिल ला रही BJP', प्रकाश अंबेडकर ने लगाया आरोप

राहुल गांधी ने क्या कहा?

राहुल गांधी ने INDIA ब्लॉक में मतभेद की आशंका को कम करके बताया। शरद पवार की स्थिति बदलने के सवाल पर उन्होंने कहा कि INDIA ब्लॉक में सहयोगियों की स्थिति वही रहेगी, जो है, भले ही वे विधेयक का समर्थन करें। राहुल गांधी ने तेलुगू देशम पार्टी (TDP) समेत NDA के सहयोगियों से परिसीमन के खिलाफ साथ देने की अपील की है। उन्होंने दावा किया है कि बीजेपी के फैसलों के खिलाफ आम लोगों का गुस्सा बढ़ रहा है।

 

 

क्या मल्लिकार्जुन खड़गे पुराने 'अपनों' को मना पाएंगे?

DMK और NCP (SP) का मौजूदा रुख ऐसा है कि वे इंडिया गठबंधन के साथ नहीं हैं। डीएमके कांग्रेस से तब से नाराज है, जब से उन्होंने तमिलगा वेत्री कझगम के नेतृत्व वाले गठबंधन में हिस्सा लिया है। एनसीपी (एसपी) का रुख भी अभी केंद्र के साथ है। कांग्रेस समर्थन के रेस में पिछड़ती जा रही है। चर्चा यह भी है कि कुछ लोग क्रॉस वोटिंग भी कर सकते हैं।