उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे को लेकर खींचतान चल रही है। कल देर शाम समाजवादी पार्टी ने उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी की जिसके बाद कांग्रेस के नेता नाराज हैं। दोनों और से नेता एक दूसरे के खिलाफ बयान दे रहे हैं और मामला बढ़ता जा रहा है। इस पूरे घटनाक्रम पर आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के प्रमुख और सांसद चंद्रशेखर आजाद ने तंज कसा है।
चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि जब उनकी पार्टी ने अपना गठबंधन घोषित किया था, तब कई लोगों ने उनसे तरह-तरह के सवाल पूछे थे और आलोचना की थी। अब वही लोग अपने गठबंधन में सीटों के बंटवारे को लेकर परेशान हैं और एक-दूसरे पर आरोप लगा रहे हैं। चंद्रशेखर ने कहा कि अगर उन्हें गठबंधन में सीटों का उचित हिस्सा नहीं मिला तो वे अलग चुनाव लड़ने का फैसला भी कर सकते हैं।
चंद्रशेखर आजाद ने कहा, 'जब हमारा गठबंधन घोषित हुआ था, तब हमसे कई तरह के सवाल पूछे गए थे। अब जब उनके अपने गठबंधन में सीटों के बंटवारे को लेकर दिक्कतें आ रही हैं तो देखिए, किस तरह एक-दूसरे पर आरोप लगाए जा रहे हैं और सवाल उठाए जा रहे हैं। अगर उन्हें अपने गठबंधन में हिस्सा नहीं मिला तो हो सकता है कि वे अलग चुनाव लड़ने का फैसला कर सकते है लेकिन अगर कोई दूसरा दल अपनी पार्टी को आगे बढ़ाना चाहता है तो ये उस पर आरोप लगाते हैं।'
यह भी पढ़ें: अयोध्या में 29 नवंबर को सजेगा रामलला का तिलकोत्सव; जनकपुर से आएंगे 51 तिलकहरु
नेताओं को दी सलाह
चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि राजनीति में कोई भी चीज हमेशा के लिए नहीं होती। इसलिए नेताओं को एक-दूसरे के खिलाफ ऐसे तीखे बयान देने से बचना चाहिए, जिससे भविष्य में साथ बैठना मुश्किल हो जाए। उन्होंने कहा, 'राजनीति में कुछ भी स्थायी नहीं होता। इसलिए मैं हमेशा सलाह देता हूं कि किसी के खिलाफ ऐसी तीखी टिप्पणी नहीं करनी चाहिए कि भविष्य में अगर कभी साथ बैठना पड़े तो एक-दूसरे की आंखों में देखना भी मुश्किल हो जाए।' उन्होंने सपा और कांग्रेस के बीच चल रही खींचतान को उनका आंतरिक मामला बताया और कहा कि दोनों दलों को अपने फैसले खुद लेने हैं।
सपा-कांग्रेस को दिया जवाब
चंद्रशेखर ने अपनी पार्टी का बचाव करते हुए कहा कि जब कोई नई राजनीतिक पार्टी जनता के अधिकारों के लिए सड़कों पर संघर्ष करती है, लाठीचार्ज झेलती है, मुकदमों का सामना करती है और जेल जाती है, तब भी उस पर सवाल उठाए जाते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसी पार्टी जब अपने राजनीतिक हितों को आगे बढ़ाने की कोशिश करती है तो दूसरे दल उसकी आलोचना करने लगते हैं। उनके मुताबिक, राजनीतिक दलों को किसी के संघर्ष और जमीन पर किए गए काम को भी समझना चाहिए।
यह भी पढ़ें: अयोध्या में 29 नवंबर को सजेगा रामलला का तिलकोत्सव; जनकपुर से आएंगे 51 तिलकहरु
अपने कार्यक्रम को लेकर क्या बोले?
चंद्रशेखर आजाद ने उत्तर प्रदेश में होने वाले सामाजिक परिवर्तन मोर्चा के कार्यक्रम को लेकर भी बड़ा दावा किया। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम ऐतिहासिक होगा और इसमें प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों से लाखों लोग पहुंचेंगे। उन्होंने कहा कि यह आयोजन जनता के बीच राजनीतिक और सामाजिक बदलाव की आवाज को मजबूत करने का काम करेगा। अब देखना होगा कि सपा-कांग्रेस के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर चल रही बातचीत किस दिशा में जाती है और विपक्षी दल आगामी चुनाव में किस तरह की रणनीति अपनाते हैं। उन्होंने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर दलित हित के कई सवाल भी किए और कहा कि जनता समय आने पर जवाब देगी।
