उत्तर प्रदेश में आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में संविधान दिवस के मौके पर गुरुवार (26 नवंबर) को अपना दल (कमेरावादी) की नेता और सिराथू से विधायक डॉ. पल्लवी पटेल ने वाराणसी के सारनाथ से 12 दिवसीय प्रदेशव्यापी 'रोजगार एवं भागीदारी यात्रा' का शंखनाद किया। यात्रा के शुभारंभ के दौरान उन्होंने खुद दोपहिया वाहन चलाकर कार्यकर्ताओं में जोश भरा और केंद्र और राज्य की बीजेपी सरकार पर तीखा हमला बोला।

 

सारनाथ से यात्रा की शुरुआत करते हुए पल्लवी पटेल ने कहा कि बीजेपी सरकार ने देश को 'अमृत काल' का सपना दिखाया था, लेकिन आज प्रदेश का युवा बेरोजगारी की मार झेल रहा है और आम जनता आर्थिक संकट से जूझ रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार में पिछड़ों, दलितों और वंचित वर्गों के संवैधानिक अधिकारों और उनकी भागीदारी का हनन हो रहा है। इन्हीं बुनियादी सवालों को लेकर उनकी पार्टी जनता के बीच जा रही है।  

 

यह भी पढ़ें: UP विधानसभा चुनावों के लिए सपा का घोषणापत्र जारी, पढ़ें क्या-क्या एलान किया?

​2027 के लिए बीजेपी विरोधी दलों की एकजुटता की वकालत

आगामी विधानसभा चुनाव में गठबंधन के सवाल पर पल्लवी पटेल ने साफ कहा कि प्रदेश की राजनीति स्पष्ट रूप से दो धाराओं में बंटी हुई है। उन्होंने बीजेपी विरोधी दलों की एकजुटता पर जोर देते हुए कहा, 'इस समय विपक्ष का एकमात्र एजेंडा सत्ता पक्ष को उखाड़ फेंकना होना चाहिए। यदि बीजेपी को सत्ता से हटाना है, तो सभी समान विचारधारा वाले दलों को एकजुट होकर लड़ना होगा।' उन्होंने स्पष्ट किया कि वह हर उस ताकत के साथ खड़ी हैं, जो 2027 के चुनाव में बीजेपी को हराने का वजूद रखती है। 

 

समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच चल रही खींचतान से जुड़े सवालों पर किनारा करते हुए उन्होंने कहा कि दोनों संगठन सक्षम हैं और सभी एक ही दिशा में आगे बढ़ रहे हैं।  

 

यह भी पढ़ें: जनसत्ता दल ने उतारे 3 प्रत्याशी, कुंडा से राजा भैया, बाकी दो उम्मीदवार कौन हैं?

​गांवों में रात्रि विश्राम, 8 दिसंबर को लखनऊ में महाआंदोलन

पार्टी की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार, यह यात्रा प्रदेश के 10 जिलों की विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों से होकर गुजरेगी। यात्रा की सबसे खास बात यह है कि पल्लवी पटेल समेत पार्टी का कोई भी नेता किसी सरकारी गेस्ट हाउस या सर्किट हाउस में नहीं रुकेगा, बल्कि संबंधित विधानसभा क्षेत्र के गांवों में ही रात्रि विश्राम कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनेगा।  

 

​पहले दिन वाराणसी की अजगरा, शिवपुर और रोहनिया विधानसभा क्षेत्रों में जनसंपर्क के बाद यह यात्रा चंदौली, मिर्जापुर, जौनपुर, सुल्तानपुर, अयोध्या, बाराबंकी, सीतापुर, लखीमपुर खीरी, पीलीभीत, बरेली, उन्नाव और रायबरेली होते हुए 5 दिसंबर को लखनऊ पहुंचेगी। इसके पश्चात 8 दिसंबर को राजधानी लखनऊ में एक विशाल ‘महाआंदोलन’ के साथ इस अभियान का समापन होगा।