पंजाब विधानसभा चुनाव को लेकर अब हलचल तेज हो गई है। तमाम राजनीतिक दलों ने अपना चुनाव प्रचार शुरू कर दिया है। मोगा में आम आदमी पार्टी (AAP) ने गुरुवार को 'खुशहाल पंजाब' महारैली कर अपने चुनावी कैंपेन को शुरू किया। इसमें पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल , मुख्यमंत्री भगवंत मान और पंजाब सरकार के मंत्री शामिल हुए। रैली में केजरीवाल ने भगवंत मान सरकार के पांच साल के कामकाज का जिक्र किया और दावा किया कि 2022 के विधानसभा चुनाव में जनता से किए गए सभी वादे पूरे कर दिए गए हैं।
रैली को संबोधित करते हुए केजरीवाल ने संविधान और आम आदमी पार्टी की स्थापना का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि 1949 में बाबा साहेब भीमराव आंबेडकर ने समानता की बात की थी। इसके बाद 26 नवंबर 2012 को आम आदमी पार्टी ने जिम्मेदारी लेते हुए कहा कि अब आम आदमी की बारी है। केजरीवाल ने कहा, 'देश नेता नहीं चलाएंगे, बल्कि आम आदमी देश चलाएगा।' उन्होंने कहा कि राजनीति में आम लोगों की भागीदारी बढ़ाना ही पार्टी का मकसद है।
यह भी पढ़ें: UP विधानसभा चुनावों के लिए सपा का घोषणापत्र जारी, पढ़ें क्या-क्या एलान किया?
क्या बोले केजरीवाल?
केजरीवाल ने 2022 के विधानसभा चुनाव का जिक्र करते हुए कहा कि पांच साल पहले जब वह पंजाब में वोट मांगने आए थे, तब उन्होंने जनता को कई गारंटियां दी थीं। इन्हें 'केजरीवाल की गारंटी' नाम दिया गया था। उन्होंने कहा, 'केजरीवाल की गारंटी का मतलब पक्की गारंटी है, कोई धोखा नहीं।' केजरीवाल के मुताबिक, आज वह लोगों के सामने इसलिए खड़े हैं क्योंकि मुख्यमंत्री भगवंत मान ने उनकी सरकार के दौरान किए गए सभी वादे पूरे किए हैं। उन्होंने दावा किया कि एक भी वादा अधूरा नहीं छोड़ा गया है।
अपनी सरकार के काम गिनाए
केजरीवाल ने सरकार के कामकाज का जिक्र करते हुए शिक्षा, रोजगार और बिजली से जुड़ी योजनाओं की बात की। उन्होंने कहा कि पंजाब में सरकारी स्कूलों की हालत सुधारी गई है। उन्होंने यह भी कहा कि अभी कुछ स्कूलों में और सुधार की जरूरत है। रोजगार के मुद्दे पर उन्होंने दावा किया कि सरकार ने 70 हजार से ज्यादा युवाओं को नौकरियां दी हैं। वहीं, पार्टी की ओर से रैली से पहले 78 हजार से ज्यादा सरकारी नौकरियां देने और करीब 90 फीसदी घरों का बिजली बिल जीरो आने का दावा किया गया था। केजरीवाल ने महिलाओं को हर महीने 1,000 रुपये देने की गारंटी का भी जिक्र किया।
सीएम ने अकाली-BJP गठबंधन को घेरा
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने रैली में शिरोमणि अकाली दल और बीजेपी के गठबंधन पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जो नेता पहले एक-दूसरे पर आरोप लगाते थे, वे अब सत्ता के लिए साथ आ गए हैं। मान ने पंजाब में ड्रग्स और गैंगस्टरवाद के मुद्दे पर पिछली सरकारों को घेरा। उन्होंने किसान आंदोलन का जिक्र करते हुए बीजेपी पर भी हमला बोला। मान ने कहा कि किसान आंदोलन के दौरान 750 किसानों की जान गई थी, ऐसे में अकाली दल का अब बीजेपी के साथ आना सवाल खड़े करता है।
यह भी पढ़ें: यूपी चुनाव: न गेस्ट हाउस, न सर्किट हाउस... गांवों में रात बिताएंगी पल्लवी पटेल
2027 चुनाव से पहले मोगा से AAP का शक्ति प्रदर्शन
AAP की इस रैली को 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारी के लिहाज से अहम माना जा रहा है। पार्टी ने इसके जरिए पंजाब में अपने पांच साल के कामकाज का रिपोर्ट कार्ड जनता के सामने रखने और चुनाव प्रचार की शुरुआत करने की कोशिश की है। मोगा मालवा क्षेत्र में आता है, जहां पंजाब की 117 विधानसभा सीटों में से 69 सीटें हैं। ऐसे में यहां से चुनावी अभियान शुरू करना राजनीतिक रूप से अहम है। खास बात यह है कि 8 दिसंबर को इसी मोगा में अकाली दल और बीजेपी भी संयुक्त रैली करने जा रहे हैं, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शामिल होने की संभावना है। इस तरह मोगा आने वाले दिनों में पंजाब की सियासत का बड़ा केंद्र बनने जा रहा है।
