पंजाब में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में मंगलवार को चंडीगढ़ स्थित पंजाब कांग्रेस भवन में प्रदेश चुनाव समिति की अहम बैठक हुई। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष परगट सिंह की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में पंजाब प्रभारी सचिन पायलट, पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी, नेता प्रतिपक्ष प्रताप सिंह बाजवा, पूर्व अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग समेत पार्टी के कई सीनियर नेता शामिल हुए। बैठक में चुनावी रणनीति, उम्मीदवारों के चयन, संगठन की मजबूती और बूथ स्तर पर पार्टी को सक्रिय करने जैसे मुद्दों पर चर्चा हुई।
इस मीटिंग में सभी की नजर राजा वडिंग पर रही। बैठक शुरू होने से पहले उन्होंने परगट सिंह से गर्मजोशी से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि बैठक बहुत अच्छी रही और सभी नेताओं ने अपने सुझाव रखे। राजा वड़िंग ने कहा कि उम्मीदवार चुनने का सबसे महत्वपूर्ण आधार उसकी जीतने की क्षमता होना चाहिए। हालांकि, पार्टी को युवाओं को भी आगे बढ़ाना चाहिए, खासकर उन लोगों को जो पहली बार चुनाव लड़ने जा रहे हैं। उन्होंने सुझाव दिया कि कांग्रेस को करीब 60 से 70 युवा उम्मीदवार मैदान में उतारने चाहिए।
यह भी पढ़ें: राजा वड़िंग ने पार्टी से निकाला चन्नी साथ खड़े हुए, अब जलालपुर की हुई घर वापसी
खुद चुनाव लड़ने पर क्या बोले?
इस अहम बैठक के बाद राजा वड़िंग ने अपने राजनीतिक भविष्य को लेकर भी बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा,'मेरी कोई व्यक्तिगत महत्वाकांक्षा नहीं है। राहुल गांधी जिसे चुनाव लड़ने के लिए कहेंगे, वही फैसला मेरे लिए अंतिम होगा। अगर राहुल गांधी कहेंगे कि चुनाव नहीं लड़ना है, तो मैं चुनाव नहीं लड़ूंगा।' राजा वड़िंग फिलहाल लुधियाना से सांसद हैं और उनके विधानसभा चुनाव लड़ने की अटकलें लगाई जा रही हैं। राजा वडिंग ने कहा कि उन्होंने 60-65 नए चेहरों को टिकट देने की बात कही है।
26 नवंबर को कांग्रेस की रैली
टिकटों पर मंथन के साथ कांग्रेस ने सरकार को घेरने की रणनीति भी बनाई है। 26 नवंबर को संविधान दिवस के मौके पर अमृतसर में पार्टी की रैली होगी। इसमें नशाखोरी और कथित वोट चोरी के मुद्दे उठाए जाएंगे। रैली की तैयारियों और नेताओं की जिम्मेदारियों को लेकर भी पार्टी में बातचीत चल रही है।
सचिन पायलट क्या बोले?
इस बैठक के बाद पंजाब कांग्रेस प्रभारी सचिन पायलट ने कहा कि 40 से अधिक नेताओं ने चुनावी रणनीति और उम्मीदवारों के चयन पर अपने सुझाव दिए हैं। कांग्रेस अपनी सिफारिशें AICC को भेजेगी। पार्टी साफ छवि और जीतने की क्षमता वाले उम्मीदवारों के साथ युवाओं को भी मौका देगी।बीजेपी-अकाली दल गठबंधन पर निशाना साधते हुए पायलट ने इसे मजबूरी का गठबंधन बताया और सवाल किया कि दोनों दल छह साल पहले अलग क्यों हुए थे। उन्होंने बीजेपी से किसानों को MSP की कानूनी गारंटी और कृषि कानूनों पर माफी को लेकर भी सवाल किए। पायलट ने दावा किया कि 2027 में आम आदमी पार्टी की विदाई होगी और कांग्रेस भारी बहुमत से पंजाब में सरकार बनाएगी।
सचिन पायलट ने टिकटों के बंटवारे को लेकर कहा कि कांग्रेस जल्द इसको लेकर मीटिंग करेगी। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि सक्रीनिंग कमेटी की मीटिंग के बाद CEC उम्मीदवारों के नाम जारी कर देगी। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी के विधायक और सांसद छोड़कर जा रहे थे इसलिए उन्होंने लिस्ट जारी की।
यह भी पढ़ें: रात में नहीं दिन में सड़क बनाएगी नोएडा अथॉरिटी, सेक्टर 63A का मामला क्या है?
टिकटों को लेकर विवाद?
पंजाब कांग्रेस के सामने अब सबसे बड़ी चुनौती टिकटों के बंटवारे को लेकर है। पार्टी ने 2024 में कई नेताओं को लोकसभा चुनाव लड़वाया था, जिनमें से कुछ तो अपनी विधायकी छोड़कर लोकसभा गए थे। राजा वडिंग उन्हीं नेताओं में से हैं और वह अब विधानसभा चुनाव की तैयारी कर रहे है। इसके अलावा सांसद चरनजीत सिंह चन्नी भी टिकट की उम्मीद लगाकर बैठे हैं। इसके साथ ही दोनों खेमों के नेता अपने-अपने खेमे को टिकटें दिलवाने की कोशिश में हैं। अब पार्टी को इन सभी नेताओं को साथ रखकर टिकट बंटवारा करना है।
