पंजाब में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस के अंदर टिकट बंटवारे को लेकर विवाद शुरू हो गया है। इस बार मामला सिर्फ नेताओं के बीच सीटों की दावेदारी का नहीं, बल्कि एक ही परिवार के दो सदस्यों को टिकट देने का भी है। पंजाब कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग जहां एक परिवार, एक टिकट के फॉर्मूले की वकालत कर रहे हैं, वहीं सांसद सुखजिंदर सिंह रंधावा इसके खिलाफ खड़े हैं। रंधावा का कहना है कि अगर एक परिवार के चार सदस्य भी चुनाव जीतने की क्षमता रखते हैं तो उन्हें टिकट देने में कोई दिक्कत नहीं होनी चाहिए। अब प्रदेश अध्यक्ष परगट सिंह ने भी इस बहस में जीतने की क्षमता को सबसे जरूरी बताया है।

 

कांग्रेस ने मई 2022 में राजस्थान के उदयपुर में हुए चिंतन शिविर के दौरान 'एक परिवार, एक टिकट' का सिद्धांत अपनाया था। इसी का हवाला देते हुए राजा वडिंग ने अपने कार्यकाल में एक ही परिवार में दो टिकटें देने से मना कर दिया था। इसके साथ ही उन्होंने यह भी कहा था कि वह युवाओं को ज्यादा टिकट देंगे। इसी नियम को लेकर पार्टी के अंदर अब विवाद देखने को मिल रहा है। इसी तरह का विवाद 2022 के विधानसभा चुनाव से पहले भी देखने को मिला था। 

 

यह भी पढ़ें: सोनिया गांधी की किताब पर बवाल, प्रदर्शन में फटी बाल ठाकरे की तस्वीर

राजा वड़िंग क्या बोले?

इस विवाद को हवा तब मिली जब राजा वड़िंग ने साफ कहा कि बड़े नेता खुद भी चुनाव लड़ना चाहते हैं और अपने बेटे या परिवार के दूसरे सदस्य के लिए भी टिकट मांगते हैं। ऐसे में आम कार्यकर्ताओं को मौका कैसे मिलेगा? वड़िंग ने राहुल गांधी के पुराने बयान का भी समर्थन किया, जिसमें एक परिवार से एक ही व्यक्ति को टिकट देने की बात कही गई थी। उनका कहना है कि पार्टी में टिकट किसी नेता के प्रभाव के आधार पर नहीं, बल्कि संगठन और कार्यकर्ताओं की मेहनत को ध्यान में रखकर मिलना चाहिए। वड़िंग के इस रुख को पार्टी में परिवार के दूसरे सदस्यों के लिए टिकट मांग रहे नेताओं के खिलाफ माना गया।

रंधावा ने क्या कहा?

राजा वड़िंग के बयान पर गुरदासपुर से कांग्रेस सांसद सुखजिंदर सिंह रंधावा ने खुलकर विरोध किया। अगस्त 2026 में लुधियाना के इस्सरू में आयोजित राजनीतिक कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि टिकट देने का आधार परिवार नहीं, बल्कि चुनाव जीतने की क्षमता होनी चाहिए। अगर एक परिवार के चार लोग अलग-अलग सीटों से चुनाव जीत सकते हैं तो उन्हें टिकट देने में क्या परेशानी है? रंधावा ने कहा कि कांग्रेस को सत्ता में वापस लाने के लिए हर उस व्यक्ति को मौका देना चाहिए जो पार्टी के लिए जीत दर्ज कर सकता है। उनके इस बयान को वड़िंग की नीति के सीधे जवाब के तौर पर देखा गया। हालांकि, अब राजा वडिंग प्रधान नहीं रहे।

किन परिवारों में एक टिकट से ज्यादा की मांग?

इस विवाद में सबसे ज्यादा चर्चा पूर्व मंत्री राणा गुरजीत सिंह की है। वह अपने बेटे राणा इंदर प्रताप सिंह को कांग्रेस से टिकट दिलाना चाहते हैं। राणा इंदर प्रताप फिलहाल सुल्तानपुर लोधी से निर्दलीय विधायक हैं। 2022 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने कांग्रेस पार्टी से टिकट की मांग की थी लेकिन पार्टी ने उन्हें टिकट नहीं दिया था। 

 

अब राणा गुरजीत का कहना है कि उनके बेटे में चुनाव जीतने की पूरी क्षमता है और वह कांग्रेस के लिए फायदेमंद साबित हो सकते हैं। उन्होंने तो यहां तक कह दिया कि अगर पार्टी एक परिवार से एक ही टिकट देगी तो वह अपनी जगह अपने बेटे का नाम आगे रखेंगे। उनके अलावा पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी भी अपने बड़े बेटे नवजीत सिंह चन्नी के लिए टिकट चाहते हैं। चन्नी का तर्क है कि एक ही परिवार के दो लोगों के चुनाव लड़ने में कोई बुराई नहीं है। इनके अलावा पूर्व मंत्री तृप्त राजिंदर सिंह बाजवा, सुखजिंदर सिंह रंधावा और मदन लाल जलालपुर भी अपने परिवार के सदस्यों को चुनाव में उतारने के इच्छुक बताए जा रहे हैं।

 

यह भी पढ़ें: 'ऑफिस ऑफ प्रॉफिट का उल्लंघन', RJD ने की अशोक चौधरी को मंत्री पद से हटाने की मांग

परगट सिंह ने क्या कहा?

पंजाब कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राजा वडिंग के बयानों के कारण एक ही परिवार में एक से ज्यादा टिकट की मांग कर रहे नेता असहज हुए थे। हालांकि, मौजूदा अध्यक्ष परगट सिंह ने इस विवाद पर कहा है कि टिकट देने के लिए कोई एक तय पैमाना नहीं हो सकता। हर मामले को अलग-अलग देखकर फैसला किया जाना चाहिए। उनके मुताबिक उम्मीदवार में चुनाव जीतने की क्षमता और जनता के बीच स्वीकार्यता होनी जरूरी है। यानी पार्टी एक परिवार के दो सदस्यों को टिकट देने की संभावना पूरी तरह खारिज नहीं कर रही है। वहीं, कांग्रेस हाईकमान ने संभावित उम्मीदवारों की स्थिति जानने के लिए सर्वे भी शुरू कराया है।