शिवसेना (UBT) के 'बागी' छह सांसदों की सुरक्षा महाराष्ट्र पुलिस ने बढ़ा दी है। इन सभी को अब वाई प्लस श्रेणी की सुरक्षा दी गई है। गुरुवार को नई दिल्ली में शिवसेना (यूबीटी) की बैठक में नौ में से छह सांसद नहीं पहुंचे। इसके बाद पार्टी ने सभी को कारण बताओ नोटिस जारी करने और उनके खिलाफ कार्रवाई करने की बात कही।
इस बीच अचानक सभी सांसदों की सुरक्षा को और कड़ा कर दिया गया है। सुरक्षा बढ़ाने से जुड़ा पत्र 17 जून का है। इसमें इंटेलिजेंस कमिश्नर शिरीष जैन के साइन हैं। पत्र में मुंबई उत्तर पूर्व से सांसद संजय दीना पाटिल, यवतमाल-वाशिम से संजय देशमुख, परभणी से संजय जाधव, शिरडी से भाऊसाहेब वाकचौरे, हिंगोली से नागेश पाटिल-अष्टिकर और उस्मानाबाद से सांसद ओमप्रकाश राजे निंबालकर की सुरक्षा बढ़ाने का आदेश दिया गया है।
यह भी पढ़ें: BJP विधायक बोले- मंत्र दे दो, रामपाल ने कहा- पहले ज्ञान और T&C को समझो
सांसदों को मिल रहीं धमकियां
उधर, शिवसेना (UBT) के राज्यसभा सांसद संजय राउत का कहना है कि गद्दारों को शिवसैनिकों से बचने की खातिर एयरफोर्स की सुरक्षा की जरूरत पड़ेगी। धाराशिव में पार्टी कार्यकर्ताओं ने पार्टी छोड़ने वालों के चेहरों पर गोबर मलने और क्षेत्र में खुलकर नहीं घूमने देने की बात कही। वाशिम में भी उद्धव गुट के नेता ने सांसद संजय देशमुख को चेतावनी दी है। नेता ने कहा कि अगर इस्तीफा दिए बगैर पाला बदला तो संसदीय क्षेत्र में घुसने नहीं दिया जाएगा और उनकी कार जला दी जाएगी।
संजय राउत बोले-'ऑपरेशन तुड़वा' शुरू करेंगे
संजय राउत ने कहा कि उनकी पार्टी बागी सांसदों के खिलाफ 'ऑपरेशन तुड़वा' (पिटाई) शुरू करेगी। उन्होंने तुरंत सुरक्षा वापस लेने की मांग की। राउत का दावा है कि हर सांसद को 15 करोड़ दिए गए हैं। इसके अलावा हर एक को 10 करोड़ रुपये अलग से दिए गए हैं। सभी को दिल्ली से राजस्थान में एक सुरक्षित जगह भेजा गया है। संजय राउत ने बागी सांसदों को इस्तीफा देने और दोबारा चुनाव लड़ने की चुनौती दी। उन्होंने कहा, 'अगर उनमें थोड़ी भी नैतिकता बची है तो उन्हें इस्तीफा दे देना चाहिए।'
यह भी पढ़ें: NEET पेपर लीक: टेलीग्राम का कैसे हुआ गलत इस्तेमाल? केंद्र ने हलफनामा में बताया
बैठक में कौन-कौन नहीं पहुंचा?
शिवसेना (यूबीटी) ने गुरुवार को अपने सांसदों की एक बैठक बुलाई थी। सिर्फ सांसद अरविंद सावंत, अनिल देसाई, और राजाभाऊ वाजे पहुंचे। इकलौते राज्यसभा सदस्य संजय राउत भी बैठक में मौजूद थे। पार्टी व्हिप के इतर इन सांसदों ने बैठक में जाना उचित नहीं समझा। संजय राउत ने कहा कि सभी सांसदों को कारण बताओ नोटिस जारी किया जाएगा। उनके खिलाफ एक्शन लिया जाएगा।
बैठक में न पहुंचने वाले सांसद
- नागेश आष्टिकर
- संजय देशमुख
- संजय जाधव
- संजय दीना पाटिल
- ओमप्रकाश राजेनिंबालकर
- भाऊसाहेब वाकचौरे


