कांग्रेस नेता सोनिया गांधी ने पब्लिशिंग कंपनी हार्पर कॉलिन्स की ओर से आयोजित विमोचन समारोह में अपनी नई किताब 'बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव' पर खुलकर बात की। उनके इस कार्यक्रम में कांग्रेस शासित राज्यों के मुख्यमंत्री और पूर्व मुख्यमंत्री शामिल हुए थे। कांग्रेस से नाराज होकर भारतीय जनता पार्टी में गए कैप्टन अमरिंदर सिंह भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।
सोनिया गांधी ने कहा कि वह स्वभाव से अपनी जिंदगी के बारे में कम बात करना पसंद करती हैं और शुरू में किताब लिखने को लेकर संकोच में थीं। राहुल गांधी , प्रियंका गांधी और करीबी मित्र मंजुलिका दुबे के बार-बार कहने पर उन्होंने लिखने का फैसला किया। किताब के विमोचन का कार्यक्रम ITC मौर्या होटल में हुआ है।
सोनिया गांधी का मानना है कि उनके और परिवार के बारे में अक्सर ऐसी बातें और कहानियां गढ़ी जाती हैं, जिनका सच से कोई वास्ता नहीं होता। इसलिए उन्होंने अपनी भावनाएं और परिवार की असली तस्वीर सामने रखने के लिए यह संस्मरण लिखा है।
यह भी पढ़ें: 'संजय नहीं, राजीव गांधी PM बनेंगे', वह भविष्यवाणी जिसने सोनिया गांधी को रुलाया
बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव पर सोनिया गांधी:-
इसे लिखने की वजह यह है कि मेरे परिवार, मेरी सास, मेरे पति, मेरे बेटे, मेरी बेटी और मेरे बारे में बहुत कुछ कहा जा रहा है और जो कुछ भी कहा जा रहा है, उसमें से ज्यादातर बातें बिल्कुल सच नहीं हैं। असल में, हम जैसे हैं, उसका इन बातों से कोई लेना-देना नहीं है। राजनीति में मेरे साथियों और दोस्तों ने भी शायद ऐसा ही अनुभव किया होगा।
किताब के शीर्षक और यादों पर क्या कहा?
किताब का शीर्षक 'बिलॉन्गिंग' है। इसका अर्थ अपनापन है। सोनिया गांधी ने कहा कि बाहर से आने वाले व्यक्ति को हर पल डर रहता है कि कहीं कोई गलती न हो जाए। उन्होंने इसे भारत की आम लड़कियों के अनुभव से जोड़ा। उनके मुताबिक शादी के बाद हर लड़की को नए घर और ससुराल के तौर-तरीकों में ढलने के लिए ऐसे ही संघर्ष और समायोजन से गुजरना पड़ता है।
इंदिरा गांधी से डरती थीं सोनिया गांधी
सास और पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के साथ शुरुआती रिश्ते का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि वह शुरू में उनसे काफी डरती थीं। उन्हें 'मां' कहने में भी संकोच होता था, क्योंकि उनके लिए केवल उनकी इटैलियन मां ही 'मां' थीं। समय के साथ, खासकर राहुल और प्रियंका के जन्म के बाद, यह रिश्ता बेहद गहरा और सहज हो गया। वह इंदिरा गांधी से निजी मुद्दों पर भी खुलकर बात कर पाती थीं।
बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव पर सोनिया गांधी:-
आपके बारे में तरह-तरह की कहानियां गढ़ी जाती हैं, झूठ फैलाए जाते हैं और ऐसी बातें कही जाती हैं जो सच से कोसों दूर होती हैं। मैंने सोचा कि यह अपनी भावनाओं को सामने लाने का एक जरिया हो सकता है कि अपने परिवार के बारे में जो कुछ मैं जानती हूं, उसे साझा करूं और शायद लोग मेरी कहानी सुनने के लिए भी तैयार हों।
यह भी पढ़ें: गांधी परिवार से क्यों टूटा मेनका का रिश्ता? सोनिया गांधी ने बताई पूरी कहानी
राजीव गांधी से प्यार पर क्या कहा?
राजीव गांधी के साथ लव मैरिज को याद करते हुए उन्होंने बताया कि दोनों की मुलाकात कैम्ब्रिज में हुई थी। राजीव के भारत लौटने के बाद दोनों रोज नीले एरोग्राम पर एक-दूसरे को चिट्ठियां लिखते थे। सोनिया गांधी ने यह भी बताया कि राजीव गांधी के राजनीति में आने के फैसले से वे शुरू में नाराज थीं। इंदिरा गांधी को देखकर वे समझ चुकी थीं कि राजनीति पूरा जीवन मांगती है।
सोनिया गांधी को डर था कि वह अपने पति का साथ खो देंगी। बाद में वह उनके चुनाव क्षेत्रों में जाने लगीं और ग्रामीणों के बीच काम करने लगीं। उन्होंने कहा कि गांव के लोग सीधे कह देते थे कि 'आप चुप रहो, आपको कुछ नहीं मालूम, हम लोग तय करेंगे'। इसी से उन्हें पहली बार लगा कि वह इस देश का हिस्सा बन चुकी हैं।
राजीव गांधी की हत्या के बाद टूट गईं थीं सोनिया गांधी
अपने जीवन के सबसे कठिन दौर पर सोनिया गांधी ने कहा कि इंदिरा गांधी की हत्या से दो महीने पहले सुरक्षा कारणों से राहुल और प्रियंका को बोर्डिंग स्कूल से वापस बुला लिया गया था। राजीव गांधी के प्रधानमंत्री बनने के बाद सुरक्षा घेरे की वजह से दोनों की पढ़ाई घर पर हुई। इससे वह सामान्य बचपन और दोस्तों से दूर रहे। राजीव गांधी की हत्या के बाद वे पूरी तरह टूट गई थीं। उनके अनुसार उस सदमे में वे खुद एक बच्ची जैसी हो गई थीं और राहुल व प्रियंका ने माता-पिता की भूमिका निभाकर उन्हें संभाला।
यह भी पढ़ें: 'औरतों को चोरी-छिपे देखते', बिल क्लिंटन से मुलाकात पर सोनिया गांधी ने क्या लिखा?
2010 में इलाज के शोर पर क्या कहा?
सोनिया गांधी ने साल 2010 में बीमारी के इलाज के लिए विदेश जाने के फैसले पर कहा कि मीडिया की नजरों से बचने के लिए उन्होंने और डॉक्टरों ने यह कदम उठाया था। उन्होंने समाज में महिलाओं की गंभीर बीमारियों को छिपाने की प्रवृत्ति पर चिंता जताई और परिवार के समर्थन को सबसे जरूरी बताया।
जब पहली बार आनंद भवन गईं सोनिया गांधी
सबसे पसंदीदा अनुभव के रूप में उन्होंने 1970 की अपनी पहली इलाहाबाद (प्रयागराज) यात्रा को याद किया। इंदिरा गांधी उन्हें आनंद भवन और स्वराज भवन ले गई थीं। वहां उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम के दौरान विदेशी कपड़ों की होली जलाने, मोतीलाल नेहरू के नेहरू रिपोर्ट लिखने और महिलाओं के नमक बनाने की जगहों के बारे में विस्तार से बताया।
यह भी पढ़ें: 'प्रणब PM बनना चाहते थे, मैं हैरान थी', सोनिया गांधी ने किताब में किया खुलासा
इंदिरा की किस बात का सोनिया गांधी पर ज्यादा है असर?
सोनिया गांधी ने एक भावुक घटना भी साझा की। जवाहर लाल नेहरू के ड्रेसिंग रूम की अलमारी में तीन छोटे पीतल के डिब्बे रखे थे। उनमें मोतीलाल नेहरू, स्वरूप रानी और कमला नेहरू की अस्थियां थीं। इंदिरा गांधी ने संजय, राजीव और सोनिया से कहा कि ये अस्थियां बहुत समय से यहां रखी हैं, अब इन्हें गंगा में प्रवाहित कर आएं। सोनिया गांधी के अनुसार यह पल उनके दिल को गहराई से छू गया था।
