कांग्रेस के राष्ट्रीय नेतृत्व के निर्देशों की अनदेखी करना उत्तर प्रदेश युवा कांग्रेस के पदाधिकारियों को भारी पड़ गया है। दिल्ली के रामलीला मैदान में राहुल गांधी की रैली में शामिल नहीं होने पर युवा कांग्रेस के 68 पदाधिकारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। इस कार्रवाई में प्रदेश स्तर से लेकर जिला इकाइयों तक के पदाधिकारी शामिल हैं। एक साथ इतनी बड़ी संख्या में नेताओं पर हुई कार्रवाई से युवा कांग्रेस संगठन में हलचल तेज हो गई है।

युवा कांग्रेस की ओर से जारी निलंबन सूची के मुताबिक, कार्रवाई की जद में 12 जिलाध्यक्ष, तीन प्रदेश उपाध्यक्ष, 33 प्रदेश महासचिव और 18 प्रदेश सचिव आए हैं। इनके अलावा एक संयुक्त सचिव और एक सोशल मीडिया समन्वयक को भी निलंबित किया गया है। इस तरह कुल 68 पदाधिकारियों पर संगठनात्मक कार्रवाई की गई है।

 

निलंबन पत्र पर युवा कांग्रेस के पूर्वी उत्तर प्रदेश के सह-प्रभारी नरसिम्हा यादव और पूर्वी उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष विशाल सिंह के संयुक्त हस्ताक्षर हैं। बताया गया है कि राष्ट्रीय नेतृत्व के निर्देशों के बावजूद पदाधिकारियों ने दिल्ली में आयोजित राहुल गांधी की रैली में हिस्सा नहीं लिया था। इसे संगठन ने गंभीर अनुशासनहीनता माना है।

 

यह भी पढ़ें: ओवैसी-चंद्रशेखर की दोस्ती, अखिलेश के लिए खतरा? अब टिकैत के सहारे सपा

प्रयागराज के पांच नेताओं पर भी कार्रवाई

इस कार्रवाई का असर प्रयागराज युवा कांग्रेस इकाई पर भी पड़ा है। जिले के पांच पदाधिकारियों को निलंबित किया गया है। इनमें प्रयागराज युवा कांग्रेस के जिलाध्यक्ष सौरभ पाण्डेय, प्रदेश उपाध्यक्ष जितेश कुमार मिश्रा, प्रदेश महासचिव निशांत रस्तोगी, प्रदेश महासचिव अनुभव सिंह और प्रदेश सचिव आयुष मौर्य शामिल हैं। एक साथ जिले के पांच प्रमुख पदाधिकारियों पर कार्रवाई होने से स्थानीय युवा कांग्रेस संगठन में भी हलचल मच गई है। इससे जिले में संगठन की जिम्मेदारियों और नेतृत्व को लेकर नए समीकरण बनने की संभावना है।

 

यह भी पढ़ें: 26 जनवरी के बाद UP में चुनावी बिगुल? योगी के बयान के बाद अटकलें तेज

राष्ट्रीय नेतृत्व ने लिया सख्त फैसला

कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता हसीब अहमद ने 68 पदाधिकारियों के निलंबन की पुष्टि की है। उन्होंने स्पष्ट किया कि संगठन में अनुशासन के मामले में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। राष्ट्रीय कार्यक्रमों में भागीदारी और शीर्ष नेतृत्व के निर्देशों का पालन करना प्रत्येक पदाधिकारी की जिम्मेदारी है।

 

दिल्ली की रैली में अनुपस्थिति को राष्ट्रीय नेतृत्व ने गंभीरता से लिया और इसके बाद यह कार्रवाई की गई। अब इस बड़े फेरबदल के बाद प्रदेश युवा कांग्रेस में नए और सक्रिय चेहरों को जिम्मेदारी मिलने के संकेत हैं। आने वाले दिनों में संगठन की नई टीम और जिला स्तर पर होने वाले बदलावों पर भी नजर रहेगी।