आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद ने अपने गठबंधन के जरिए उत्तर प्रदेश में सत्ता परिवर्तन का दावा किया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में पिछले साढ़े 9 साल से जंगलराज चल रहा है। उनके मुताबिक, बीजेपी जिन वादों के साथ सत्ता में आई थी, उनमें से 70 फीसदी अब तक पूरे नहीं हुए हैं। चंद्रशेखर आजाद ने सवाल उठाया कि सरकार के स्मार्ट सिटी और औद्योगिक क्षेत्रों में रोजगार देने के वादों का क्या हुआ? 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले चंद्रशेखर आजाद ने असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी AIMIM के साथ गठबंधन का ऐलान किया है। दोनों दलों ने अपने गठबंधन का नाम 'सामाजिक परिवर्तन मोर्चा' रखा है। लखनऊ में आयोजित संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में ओवैसी ने चंद्रशेखर आजाद को गठबंधन का मुख्यमंत्री चेहरा घोषित किया।

 

चंद्रशेखर आजाद ने न्यूज एजेंसी ANI से बातचीत में कहा कि सरकार को बताना चाहिए कि पिछले साढ़े 9 साल में प्रदेश में कितना निवेश आया और कितने नए औद्योगिक क्षेत्र बने। उन्होंने कहा कि सरकारी पैसा खर्च होने के बावजूद निवेश और रोजगार के मोर्चे पर सरकार की उपलब्धियां सवालों के घेरे में हैं। आजाद ने सरकारी नौकरियों में बैकलॉग का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछड़े और दलित वर्ग के लोगों के प्रति कुंठा के कारण सरकारी नौकरियों में खाली पदों का बैकलॉग अब तक नहीं भरा गया है।

'हर दिन 4-5 हत्याएं हो रही हैं'

चंद्रशेखर आजाद ने प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि सरकार ने कानून का राज स्थापित करने का वादा किया था, लेकिन जमीनी हकीकत कुछ और है। उन्होंने कहा, 'लखनऊ में अभी 15 दिन पहले ट्रिपल मर्डर हुआ था। उत्तर प्रदेश के किसी भी जिले का अखबार उठा लीजिए, हर दिन 4-5 हत्याएं हो रही हैं। अयोध्या में राम लगन मौर्य की ऐलानिया हत्या की गई। विनोद सहनी का भी ऐलानिया कत्ल हुआ। ऐसे में प्रदेश में कानून का राज कहां है?'

 

यह भी पढ़ें: एक मंच, एक सोफा और तीन सियासी चेहरे, बिहार की राजनीति में क्यों मची चर्चा?

'हर भर्ती में पेपर लीक'

आजाद ने सरकारी भर्तियों और कर्मचारियों की समस्याओं को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में ऐसी कोई भर्ती नहीं हुई, जिसमें पेपर लीक या आरक्षण घोटाला नहीं हुआ हो। आंगनबाड़ी कर्मचारियों के आंदोलन का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा, 'आंगनबाड़ी बहनें आंदोलन कर रही थीं। वे नारा लगा रही थीं कि ‘एक कचौड़ी, दो समोसा, योगी तेरा क्या भरोसा’। आप ही बताइए, जिस प्रदेश में कर्मचारियों और जनता को मुख्यमंत्री पर भरोसा नहीं है, उस प्रदेश

में सत्ता परिवर्तन होना चाहिए या नहीं होना चाहिए?'

 

यह भी पढ़ें: ‘माता सीता के साथ गलत हुआ, मैं राम मंदिर कभी नहीं जाऊंगा’- TMC सांसद कीर्ति आजाद

‘NDA से जुड़े दलों के फोन आ रहे हैं,’

चंद्रशेखर आजाद ने दावा किया कि प्रदेश में बड़ी संख्या में लोग सत्ता परिवर्तन चाहते हैं। उन्होंने कहा कि सामाजिक परिवर्तन मोर्चा बीजेपी और NDA की सत्ता को उखाड़ फेंकेगा। गठबंधन को लेकर उन्होंने कहा, 'कल ही NDA के घटक दलों के फोन आ रहे हैं। उनका कहना है कि अगर आप हमें पर्याप्त हिस्सेदारी देंगे और हमारे मूल्यों पर सहमति जताएंगे, तो हम साथ मिलकर चुनाव लड़ना चाहेंगे। हम गठबंधन के साथियों से बात करके बताएंगे।'