समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव 24 सितंबर को रायबरेली में विधायक राहुल लोधी के घर चाय पीने पहुंचेंगे। खास बात यह है कि इस दौरे के लिए अखिलेश यादव लखनऊ से पूरी दूरी रथ से तय नहीं करेंगे, बल्कि रायबरेली सीमा के चुरुआ से समाजवादी PDA रथ पर सवार होकर विधायक के घर पहुंचेंगे। यह दौरा उस विवाद के बाद हो रहा है, जिसमें राहुल लोधी ने पुलिस पर उनके साथ मारपीट और धक्का-मुक्की का आरोप लगाया था।
17 सितंबर को रायबरेली के फिरोज गांधी डिग्री कॉलेज में समाजवादी छात्र सभा और ABVP कार्यकर्ताओं के बीच सदस्यता अभियान को लेकर विवाद हुआ था। कहासुनी और धक्का-मुक्की के बाद मामला पुलिस तक पहुंचा। सपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को हटाने के दौरान लाठीचार्ज किया और इसी दौरान हरचंदपुर से सपा विधायक राहुल लोधी के साथ भी धक्का-मुक्की और मारपीट हुई। वहीं, पुलिस ने मारपीट के आरोपों से इनकार किया है। पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों में विवाद हो रहा था और स्थिति को शांत कराने के लिए बीच-बचाव किया गया।
यह भी पढ़ें: अतीक और मुख्तार की तस्वीरें, अखिलेश पर निशाना, UP में शुरू पोस्टर की जंग
'राहुल लोधी के घर चाय पीने आऊंगा'
विवाद की जानकारी मिलने के बाद राहुल लोधी समेत रायबरेली के कई सपा नेता अखिलेश यादव से मिले। इसके बाद अखिलेश यादव ने एलान किया कि वह 24 सितंबर को खुद रायबरेली जाएंगे और राहुल लोधी के घर चाय पिएंगे। अब पार्टी ने उनके दौरे का कार्यक्रम भी जारी कर दिया है। इस दौरे की सबसे बड़ी चर्चा PDA रथ को लेकर है। अखिलेश यादव 24 सितंबर को पहली बार इस रथ से रायबरेली के लिए निकलेंगे।
अखिलेश यादव के इस कार्यक्रम को सिर्फ विधायक से मुलाकात तक सीमित नहीं देखा जा रहा है। इसे सपा के PDA यानी पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक सामाजिक समीकरण से जोड़कर भी देखा गया है। राहुल लोधी लोधी समाज से आते हैं और अखिलेश यादव ने पुलिस कार्रवाई के आरोपों को PDA से जोड़कर सरकार पर सवाल उठाए हैं। साथ ही, 2027 विधानसभा चुनाव से पहले सपा ने हर विधानसभा क्षेत्र में संगठन और जनसंपर्क बढ़ाने की रणनीति पर काम शुरू किया है। ऐसे में PDA रथ से रायबरेली पहुंचने का कार्यक्रम पार्टी के चुनावी जनसंपर्क अभियान के संदर्भ में भी महत्वपूर्ण है।
यह भी पढ़ें: पहले रेप, फिर वीडियो से ब्लैकमेल; शादी के बाद पति को भेजा आपत्तिजनक वीडियो
रायबरेली से क्यों शुरू हो रहा PDA रथ?
रायबरेली में लोधी और पासी समाज की मौजूदगी को देखते हुए सपा के इस कार्यक्रम को सामाजिक समीकरण से जोड़कर भी देखा जा रहा है। पार्टी 2027 के चुनाव को ध्यान में रखते हुए PDA रथ के जरिए प्रदेश में जनसंपर्क अभियान आगे बढ़ाएगी। यानी राहुल लोधी के घर चाय का कार्यक्रम एक स्थानीय विवाद के बाद घोषित हुआ, जबकि उसी दौरे से PDA रथ की शुरुआत होना इसे व्यापक राजनीतिक-संगठनात्मक कार्यक्रम का रूप देता है।
