बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने राज्य में अपराध की घटनाओं पर अजीब दावा किया है। उन्होंने दावा किया है कि बिहार में क्राइम हो सकता है अपराध नहीं। उनके बयान पर राज्य में सियासत छिड़ गई है। तेजस्वी यादव ने उनकी पढ़ाई लिखाई पर ही सवाल खड़े किए हैं। उनका कहना है कि अगर सम्राट चौधरी पढ़े लिखे होते तो इस तरह की बातें नहीं करते।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के भाषण का एक हिस्सा सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। यह भाषण उन्होंने सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय और बिहार सरकार के बीच नदी जल प्रबंधन पर हुए समझौते के कार्यक्रम में दिया। मंच पर केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी भी मौजूद थे, उन्हीं के सामने सम्राट चौधरी ने यह दावा किया है।
यह भी पढ़ें: 'आइए, बिहार में निवेश करिए', आनंद महिंद्रा ने की तारीफ, CM सम्राट ने दिया न्योता
क्या कहना चाह रहे हैं सम्राट चौधरी?
सम्राट चौधरी बिहार में अपराध की बात करने लगे। उन्होंने कहा कि यहां अपराध नहीं है और अपराध की अवधारणा ही खत्म कर दी गई है। उनके मुताबिक क्राइम हो सकता है, लेकिन 'अपराध' यानी 'अफेंस' नहीं है। लोग इस बयान का मतलब पूछ रहे हैं। लोग यह जानना चाह रहे हैं कि आखिर सम्राट चौधरी कहना क्या चाहते हैं।
सम्राट चौधरी, मुख्यमंत्री, बिहार:-
बिहार में क्राइम हो सकता है, लेकिन अपराध नहीं। अपराध का कॉन्सेप्ट ही खत्म हो गया है।
तेजस्वी यादव ने पूछे कई सवाल
RJD नेता तेजस्वी यादव ने सम्राट चौधरी को इस बयान पर घेरा है। उन्होंने वीडियो X पर पोस्ट करते हुए लिखा कि बिहार में क्राइम हो सकता है पर 'अपराध' नहीं है। यह बात सात हत्याओं के आरोपी एक नमूने ने कही है, जिसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुख्यमंत्री चुना।
यह भी पढ़ें: संजय कुमार या सीके मिश्रा, किसे अपना प्रधान सचिव चुनेंगे सम्राट चौधरी?
तेजस्वी यादव, राष्ट्रीय जनता दल:-
बिहार में क्राइम हो सकता है अपराध नहीं। मेरे प्यारे देशवासियों, ये बात 7 हत्याओं का आरोपी नमूना मोदी जी द्वारा चयनित मुख्यमंत्री कह रहा है। मंच पर बैठे IAS-PCS इनके साथ काम करने पर अपने आपको सम्मानित समझ रहे हैं या अपमानित? क्या नरेन्द्र मोदी जी ने इस आदमी के हाथों बिहार को बर्बाद कराने की सुपारी ले रखी है?
क्या कह रहे हैं NDA के सहयोगी दल?
चिराग पासवान न कहा, 'वह गृहमंत्री भी हैं, मुख्यमंत्री भी। उनके पास आंकड़े होंगे। बिहारी होने के नाते मैं चाहता हूं कि अपराध खत्म हो। बिहार सुरक्षित बने और निवेश आए।'
क्या सवाल उठा रहे हैं लोग?
सोशल मीडिया पर लोग सम्राट चौधरी की पढ़ाई-लिखाई को लेकर सवाल उठा रहे हैं। उनका कहना है कि इस तरह के दावे कैसे कोई कर सकता है। लोगों ने कहा है कि बिहार को शिक्षित मुख्यमंत्री मिलना चाहिए। कुछ लोगों ने चिराग पासवान के बयान पर भी सवाल उठाए हैं। लोगों का कहना है कि चिराग पासवान की क्या मजबूरी है कि सम्राट चौधरी की हां में हां मिला रहे हैं। कुछ लोगों ने सवाल किया है कि क्या बिहार में अपराध की परिभाषा अब 'अवधारणा' पर टिकी है।
