शिवसेना (UBT) के नेता संजय राउत ने दावा किया है कि एकनाथ शिंदे की शिवसेना में शामिल कुछ नेता ऐसे हैं जो मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को उनके पद से हटाना चाहते हैं। उन्होंने धमकी दी है कि एकनाथ शिंदे के रास्ते में कोई आएगा तो उनका सफाया किया जाएगा। फडणवीस कैबिनेट में शामिल एक मंत्री यह कह रहा है। संजय राउत ने कहा है कि ये लोग लॉरेंस बिश्नोई गैंग के सदस्य हैं।
संजय राउत ने कहा है कि शिवसेना के मंत्री कह रहे हैं कि देवेंद्र फडणवीस को खत्म करके एकनाथ शिंदे मुख्यमंत्री बनेंगे। बुधवार को उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा कि अगर विरोध किया तो खत्म कर दिया गया। उन्होंने देवेंद्र फडणवीस से सवाल किया है कि आप किस तरह से राज्य संभाल रहे हैं। यह गुलाबराव पाटिल की धमकी है।
यह भी पढ़ें: संजय राउत ने जिस अल्बानिया का जिक्र किया वहां सुप्रीम कोर्ट को क्यों फूंका गया?
संजय राउत, नेता, शिवसेना (UBT):-
एकनाथ शिंदे को सीएम बनाने के लिए उनके मंत्री ने धमकी दी है, जिसका नाम है गुलाबराव पाटिल। उसने धमकी दी है कि एकनाथ शिंदे के मुख्यमंत्री बनने में उनके रास्ते में अगर कोई आएगा तो उनका सफाया किया जाएगा। यह एक मंत्री बोल रहा है जो देवेंद्र फडणवीस जी के कैबिनेट में है। यह सब लॉरेंस बिश्नोई गैंग के मेंबर हैं फडणवीस के कैबिनेट में। सफाया किसका करेगा देवेंद्र जी का? मुख्यमंत्री का? ये तो धमकी है ना। देवेंद्र जी को खत्म करके शिंदे मुख्यमंत्री बनेंगे?
गुलाबराव पाटिल, देवेंद्र फडणवीस को धमका रहे हैं?
संजय राउत ने कहा, 'अगर विरोध किया तो खत्म किया जाएगा? यह गुलाबराव पाटिल की अगर धमकी है तो मिस्टर देवेंद्र फडणवीस, आप क्या कर रहे हो? आप भी लॉरेंस बिश्नोई गैंग से डर रहे क्या? आप गृहमंत्री है ना इस राज्य के? देखिए आपके राज्य में और आपके कैबिनेट में क्या चल रहा है।'
संजय राउत, नेता, शिवसेना (UBT):-
लॉरेंस बिश्नोई का अस्तित्व नहीं है। अमित शाह ही लॉरेंस बिश्नोई हैं। देश के गृह मंत्री जिनके कंधे पर कानून और व्यवस्था बनाए रखने की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है, उनका तौर-तरीका किसी माफिया सरगना जैसा प्रतीत होता है।
यह भी पढ़ें: 'बिना टेलीप्रॉम्पटर गाकर दिखाएं', वंदे मातरम पर PM मोदी को संजय राउत की चुनौती
गुलाबराव पाटिल ने कहा क्या था?
शिवसेना (शिंदे गुट) के विजयदशमी कार्यक्रम में गुलबराव पाटिल ने साफ कहा कि अगले साल जब वह भाषण देने आएंगे, तब एकनाथ शिंदे मुख्यमंत्री होंगे। इस राह में जो बाधा आएगी, उसे हटाएंगे। उन्होंने भगवान से यही प्रार्थना की और एकनाथ शिंदे के फिर मुख्यमंत्री बनने की चर्चा को और हवा दे दी। गुलाबराव पाटिल ने यह भी कहा कि आने वाले दिनों में एकनाथ शिंदे को फिर मुख्यमंत्री बनने दें और किसानों को खुश रखें।
शिवसेना नेता रामदास कदम ने भी शिंदे को 'भावी मुख्यमंत्री' कहा। उन्होंने याद दिलाया कि विधानसभा चुनाव एकनाथ शिंदे के नेतृत्व में हुए और महायुति को बड़ी सफलता मिली। कदम के मुताबिक, एकनाथ शिंदे मुख्यमंत्री पद के असली दावेदार थे, लेकिन उसके बाद क्या हुआ, यह सबको पता है। गुलबराव पाटील ने कहा कि एकनाथ शिंदे के फैसलों और योजनाओं की वजह से वे लोग विधायक और मंत्री बन पाए। लोकसभा के बाद विधानसभा चुनाव में भी महायुति को सफलता मिली।
