वाराणसी में कार्तिक पूर्णिमा और देव दीपावली के मौके पर श्री काशी विश्वनाथ धाम को फूलों और रंग-बिरंगी इलेक्ट्रिकल झालरों से सजाया गया। इस साल देव दीपावली मंगलवार को धूम-धाम से मनाई गई। मंदिर प्रशासन की ओर से यह सजावट कराई गई है।
धाम के गर्भगृह, मुख्य द्वार, मंदिर चौक और गंगा द्वार तक विशेष सजावट की गई है। देश-विदेश से मंगाए गए अलग-अलग तरह के सुगंधित फूलों की लड़ियों और रंगोली से पूरे परिसर को सजाया गया। शाम होने पर रंग-बिरंगी रोशनी से पूरा धाम जगमगा उठा।
यह भी पढ़ें: काशी में देव दीपावली पर टूटे सारे रिकॉर्ड, 11 लाख दीयों के साथ भव्य ड्रोन शो
दर्शन के लिए उमड़े श्रद्धालु, सुरक्षा के कड़े इंतजाम
सजावट देखने और बाबा विश्वनाथ के दर्शन के लिए सुबह से ही देश के अलग-अलग हिस्सों से श्रद्धालु और पर्यटक पहुंचते रहे। कई लोगों ने दर्शन-पूजन के बाद धाम की सजावट को अपने कैमरों में कैद किया। परिसर में दिनभर हर-हर महादेव के जयकारे और डमरू की आवाज गूंजती रही।
क्या-क्या तैयारियां की गईं?
भारी भीड़ को देखते हुए मंदिर प्रशासन और जिला पुलिस ने सुरक्षा और सुगम दर्शन के इंतजाम किए हैं। गंगा घाटों से लेकर धाम परिसर तक सीसीटीवी कैमरों और सुरक्षा बलों से निगरानी की जा रही है। इसका मकसद यह है कि दर्शन करने आए लोगों को कोई परेशानी न हो।
दीपों से जगमगाई काशी
कार्तिक पूर्णिमा की पावन संध्या पर मोक्षदायिनी गंगा के तट पर आस्था, भक्ति और रोशनी का अद्भुत संगम देखने को मिला। 86 घाटों पर एक साथ प्रज्वलित 11 लाख दीपों की स्वर्णिम आभा से पूरी काशी जगमगा उठी। इस भव्य आयोजन का पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने नमो घाट पर पहला दीप प्रज्वलित कर विधिवत शुभारंभ किया। इस दौरान घाटों को रेड कारपेट और सुगंधित फूलों से भव्य रूप से सजाया गया था, जहां देश-विदेश से पहुंचे श्रद्धालुओं और पर्यटकों ने देव दीपावली की दिव्य छटा का आनंद लिया।
यह भी पढ़ें: पांच नदियों का गुप्त संगम पंचगंगा घाट: यहीं से शुरू हुई थी देव दीपावली की परंपरा
15 घाटों पर दिखा अद्भुत नजारा
इस अवसर पर पर्यटन मंत्री ने रिमोट के माध्यम से 'ऑडियो गाइड' सेवा का लोकार्पण भी किया। इस सुविधा के जरिए देशी-विदेशी पर्यटक अपनी पसंदीदा भाषा में काशी के 15 प्रमुख घाटों का इतिहास, पौराणिक महत्व और गौरवशाली विरासत जान सकेंगे।
जयवीर सिंह ने कहा कि देव दीपावली महज एक पर्व नहीं, बल्कि भारत की सनातन संस्कृति, आध्यात्मिक परंपरा और समृद्ध विरासत का जीवंत प्रतीक है। उन्होंने कहा कि इस तरह के भव्य आयोजन वैश्विक पर्यटन मानचित्र पर उत्तर प्रदेश की पहचान मजबूत करने के साथ प्रदेश की अर्थव्यवस्था को भी नई गति दे रहे हैं।
