देशभर में 18 अक्टूबर 2025 के दिन धनतेरस का पर्व पूरे श्रद्धा और आस्था के साथ मनाया जाएगा। दीपावली से दो दिन पहले आने वाला यह त्योहार न केवल धन और वैभव का प्रतीक है, बल्कि स्वास्थ्य और दीर्घायु की भी प्रतीक माना जाता है। इस दिन लोग देवी लक्ष्मी और भगवान धन्वंतरि की पूजा करते हैं। एक ओर जहां देवी लक्ष्मी को समृद्धि की अधिष्ठात्री देवी माना गया है, वहीं दूसरी ओर भगवान धन्वंतरि को आयुर्वेद के जनक और स्वास्थ्य के देवता के रूप में पूजा जाता है।

 

पौराणिक मान्यता के अनुसार, समुद्र मंथन के दौरान कार्तिक कृष्ण पक्ष की तेरहवीं तिथि को सबसे पहले भगवान धन्वंतरि अमृत कलश लेकर प्रकट हुए थे। मान्यता के अनुसार, उसी दिन माता लक्ष्मी भी समुद्र से उदित हुईं थी। तभी से यह दिन धनत्रयोदशी या धनतेरस के नाम से जाना जाता है। माना जाता है कि इस दिन जो भी व्यक्ति नया बर्तन, सोना-चांदी या वस्त्र खरीदता है, उसके घर में स्थायी रूप से लक्ष्मी का निवास होता है। धनतेरस के दिन सोना-चांदी की जगह और भी बहुत सी चीजें खरीदी जा सकती हैं। धनतरेस के दिन धनिया और झाड़ू की तरह बहुत सी ऐसी चीजें है, जिसे खरीदने से घर में वैभव और समृद्धि आती है।

 

यह भी पढ़ें: जिस संत के पांव धो रहे प्रेमानंद वह हैं कौन?

धरतेरस 2025 पूजा मुहूर्त 

धनतेरस पूजा मुहूर्त- द्रिक पंचांग के अनुसार, 18 अक्टूबर 2025 के दिन शाम 07:15 मिनट से 08:18 मिनट तक विशेष पूजा मुहूर्त बताया गया है। 

 

शहरों के अनुसार धनतेरस पूजा मुहूर्त

 

पंचांग के अनुसार, देशभर में धनतेरस 18 अक्टूबर 2025 के दिन मनाया जाएगा।

  • धनतेरस पूजा मुहूर्त- पुणे- शाम 07:46 मिनट से 08:38 मिनट तक 
  • धनतेरस पूजा मुहूर्त- नई दिल्ली- शाम 07:16 मिनट से 08:20 मिनट तक
  • धनतेरस पूजा मुहूर्त- चेन्नई- शाम 07:28 मिनट से 08:15 मिनट तक
  • धनतेरस पूजा मुहूर्त- जयपुर- शाम 07:24 मिनट से 08:26 मिनट तक
  • धनतेरस पूजा मुहूर्त- हैदराबाद- शाम 07:29 मिनट से 08:20 मिनट तक
  • धनतेरस पूजा मुहूर्त- गुरुग्राम- शाम 07:17 मिनट से 08:20 मिनट तक
  • धनतेरस पूजा मुहूर्त- चण्डीगढ़- शाम 07:14 मिनट से 08:20 मिनट तक
  • धनतेरस पूजा मुहूर्त- कोलकाता- शाम 06:41 मिनट से 07:38 मिनट तक
  • धनतेरस पूजा मुहूर्त- मुम्बई- शाम 07:49 मिनट से 08:41 मिनट तक
  • धनतेरस पूजा मुहूर्त- बेंगलूरु- शाम 07:39 मिनट से 08:25 मिनट तक
  • धनतेरस पूजा मुहूर्त- अहमदाबाद- शाम 07:44 मिनट से 08:41 मिनट तक
  • धनतेरस पूजा मुहूर्त- नोएडा- शाम 07:15 मिनट से 08:19 मिनट तक

यह भी पढ़ें: तंत्र साधना का अहम केंद्र है राज राजेश्वरी मंदिर, खूबियां जान लीजिए 

धनतेरस के दिन खरीदें ये चीजें

धनतेरस पर खरीदारी करने की कई खास परंपराएं हैं, जिन्हें शुभ माना जाता है। सबसे प्रचलित और पुरानी परंपरा है नए बर्तन खरीदना। ऐसा माना जाता है कि इस दिन भगवान धन्वंतरि अमृत कलश के साथ प्रकट हुए थे, इसलिए धातु के बर्तन खरीदना घर में समृद्धि और स्वास्थ्य लाने का संकेत माना जाता है।

 

पीतल के बर्तन

 

पीतल के बर्तन विशेष रूप से शुभ माने जाते हैं। मान्यता है कि पीतल के बर्तन लेने से घर में स्वास्थ्य, सौभाग्य और 13 गुना धन लाभ होता है। इसके अलावा, तांबा या कांसे के बर्तन भी धन और सुख-समृद्धि के लिए लाभकारी माने जाते हैं।

 

झाड़ू खरीदें

 

धनतेरस के दिन झाड़ू खरीदना भी शुभ माना जाता है। झाड़ू को देवी लक्ष्मी का प्रतीक माना जाता है। मान्यता के अनुसार, नया झाड़ू घर से दरिद्रता को दूर करता है और समृद्धि लाता है। इसे घर लाकर इस्तेमाल करने से पहले पूजा करना आवश्यक माना जाता है।

 

धनिया खरीदना

 

धनिया के बीज भी इस दिन खरीदकर देवी लक्ष्मी को अर्पित करना शुभ माना जाता है। पूजा के बाद इन्हें तिजोरी या धन रखने की जगह पर रख दें, मान्यता के अनुसार इससे धन लाभ बढ़ाता है।

 

लक्ष्मी और गणेश की मूर्ति

 

देवी लक्ष्मी और गणेश जी की नई मूर्तियों को खरीदकर धनतेरस पर घर लाना और दिवाली के दिन विधिपूर्वक पूजा करना भी बहुत शुभ माना जाता है। इससे धन-वैभव की प्राप्ति होती है और जीवन में बाधाएं दूर होती हैं।

 

सोना-चांदी की जगह खरीद सकते हैं ये चीजें

 

अगर सोना या चांदी नहीं खरीद सकते, तो श्रीयंत्र या कुबेर यंत्र खरीदना लाभकारी माना जाता है। इन्हें घर या दुकान की तिजोरी में रखने से धन की देवी लक्ष्मी और धन के देवता कुबेर की कृपा बनी रहती है।

 

गोमती चक्र खरीदें

 

गोमती चक्र भी बहुत पवित्र माने जाते हैं। धनतेरस के दिन 11 गोमती चक्र खरीदकर लाल कपड़े में बांधकर तिजोरी में रखने से आर्थिक स्थिति मजबूत होती है और धन की कमी दूर होती है।

 

पीली कौड़ी

 

पीली कौड़ी को भी देवी लक्ष्मी से जुड़ा माना जाता है। इसे हल्दी में रंगकर और पूजा के बाद तिजोरी में रखने से घर में धन का प्रवाह बना रहता है।

क्या नहीं खरीदना चाहिए?

धनतेरस पर खरीदारी करते समय कुछ चीजों से बचना चाहिए। इस दिन काले रंग की वस्तुएं या कपड़े खरीदना अशुभ माना जाता है। इसके अलावा, लोहे की नुकीली चीजें जैसे कैंची या चाकू इस दिन नहीं खरीदना चाहिए।