हिंदू धर्म में दशहरे का त्योहार बड़े धूमधाम से मनाया जाता है। यह पर्व लोगों को कई सीख देकर जाता है। दशहरे के त्योहार में जहां सुबह भगवान राम और माता सीता की पूजा-अर्चना की जाती है, वहीं शाम को रावण दहन की परंपरा है। रावण जलाना सिर्फ एक परंपरा नहीं, बल्कि बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक है। इसके साथ ही हर साल रावण जलाने का अर्थ अपने मन की बुरी आदतों का दहन करना भी है। धार्मिक जानकारों के अनुसार, हर व्यक्ति को रावण दहन करने से पहले अपनी बुरी आदतों को खत्म करने का प्रण लेना चाहिए।

 

धार्मिक मान्यता के अनुसार, रावण के दस सिर थे, जो अलग-अलग बुराइयों के प्रतीक माने जाते हैं। इसी प्रकार हर व्यक्ति के मन में कुछ बुरी आदतें होती हैं, जो उसके भविष्य में विनाश का कारण बन सकती हैं। व्यक्ति को कमजोर बनाने वाली आदतों में क्रोध, लालच, भय, निष्ठुरता, आलस और ईर्ष्या शामिल हैं। व्यक्ति को इन आदतों को खत्म करने का प्रयास करना चाहिए।

 

यह भी पढ़ें: साप्ताहिक राशिफल: 6 राशियों की चमकेगी किस्मत, 4 राशियों को हो सकता है नुकसान

आज के दौर की 10 बुराइयां

 

आज के दौर में हर पीढ़ी और हर पद पर काम करने वाले व्यक्ति में कोई न कोई बुरी आदत हो सकती है। अगर लोग अपनी बुरी आदतों को खत्म कर लें, तो वे बेहतर इंसान बन सकते हैं।

 

 1. भ्रष्टाचार न करें

 

एक नेता का कर्तव्य होता है कि वह राज्य या देश की जनता की भलाई के लिए काम करे, जबकि कई बार नेता धन के लालच में करोड़ों रुपये का घोटाला करते हैं। धोखा देने वाले व्यक्ति को जीवन में किसी का साथ नहीं मिलता, बल्कि वे केवल मोह-माया के जाल में फंस जाते हैं। रुपये के लालच में कई लोग अपराध कर बैठते हैं। इस लालच का परिणाम रावण की मृत्यु जैसा दुखद हो सकता है। इसलिए नेताओं को लालच और भ्रष्टाचार से बचना चाहिए।

 

 2. क्रोध पर काबू रखें

 

किसी भी ऑफिस में बॉस का पद बेहद जिम्मेदारी वाला होता है। उन्हें अपने कर्मचारियों के साथ विनम्र व्यवहार करना चाहिए, ताकि सभी कर्मचारी उनसे बेझिझक होकर काम से जुड़े सवाल पूछ सकें और ज्यादा से ज्यादा काम सीख सकें। इससे ऑफिस का हर कर्मचारी बेहतर तरीके से काम कर पाएगा। इसलिए बॉस के पद पर बैठे व्यक्ति को ज्यादा क्रोध करने की आदत से बचना चाहिए।

 

यह भी पढ़ें: राम मंदिर में दर्शन के लिए हर दिन बंटेंगे 2000 पास, 90 दिन पहले हो सकेगी बुकिंग

 

3. आलस छोड़ें

 

आज के दौर में जेनरेशन जेड के युवाओं की सबसे बड़ी परेशानियों में से एक है कि वे अपने अहम काम टाल देते हैं। इससे काम ठीक तरीके से पूरे नहीं हो पाते और युवा करियर की दौड़ में पीछे रह जाते हैं। इस वजह से जेन जेड के युवाओं को काम टालने और आलस करने की आदत छोड़नी चाहिए।

 

 4. निराशाजनक सोच छोड़ें

 

कई ऐसे लोग हैं, जो हर परिस्थिति में नकारात्मक सोचते हैं। इस वजह से व्यक्ति हर वक्त दुखी रहता है। लोगों को इस आदत को बदलना चाहिए। इसके बजाय कठिन परिस्थितियों में भी सकारात्मक सोच रखनी चाहिए। तभी व्यक्ति चुनौतियों का सामना कर पाएगा।

 

यह भी पढ़ें: महागौरी की पूजा कैसे करें, मंत्र, मुहूर्त से उपासना विधि तक, सब जानिए

 

 5. दूसरों से ईर्ष्या न करें

 

जब व्यक्ति अपनी तुलना दूसरों से करता है, तो कई बार वह उनसे ईर्ष्या करने लगता है। इसलिए व्यक्ति को दूसरों से ईर्ष्या करने के बजाय अपने लक्ष्यों पर ध्यान देना चाहिए और खुद को बेहतर बनाने की कोशिश करनी चाहिए।

 

6. घमंड न करें

 

अगर कोई व्यक्ति किसी बड़े पद पर है, तो उसे उस पद की जिम्मेदारी समझनी और संभालनी चाहिए। इसके बजाय उसे अपने पद का घमंड नहीं करना चाहिए। जब व्यक्ति को खुद पर घमंड होने लगता है, तो वह खुद को बेहतर बनाने की कोशिश नहीं करता। इस वजह से घमंडी व्यक्ति का विकास रुक सकता है। इसलिए लोगों को यह आदत छोड़ देनी चाहिए।

 

यह भी पढ़ें: महाअष्टमी पर आज किन राशियों पर बरसेगी देवी महागौरी की कृपा? अपना राशिफल जानिए

 

 7. घृणा न करें

 

क्रोध और घृणा एक ही सिक्के के दो पहलू हैं। जब व्यक्ति दूसरों के प्रति घृणा का भाव रखता है और उन्हें अपने से कमतर समझने लगता है, तो वह कभी आदर्श व्यक्ति नहीं बन पाता। इस वजह से लोगों को दूसरों के प्रति घृणा रखने की आदत छोड़ देनी चाहिए।

 

8. जंक फूड खाना छोड़ें

 

कई युवा हर दिन जंक फूड खाते हैं, जिससे उनकी सेहत खराब हो सकती है। कई बार लगातार अस्वास्थ्यकर खाना खाने की वजह से लोगों को गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं का सामना करना पड़ता है। इसलिए हर दिन जंक फूड खाना स्वस्थ जीवन के लिए नुकसानदायक हो सकता है। लोगों को इस आदत को कम करके संतुलित भोजन अपनाना चाहिए।

 

यह भी पढ़ें: नवरात्र व्रत का पारण कब करें? पारण के समय से लेकर कन्या पूजन का मुहूर्त जानें

 

9. झूठ न बोलें

 

कई बार लोग जान-बूझकर अपने प्रेमी या दोस्तों से झूठ बोलकर उन्हें धोखा देते हैं। ऐसी परिस्थिति में व्यक्ति अपने कीमती रिश्ते और अच्छे दोस्त खो सकता है। इसलिए व्यक्ति को झूठ बोलने की आदत से बचना चाहिए और रिश्तों में ईमानदारी बनाए रखनी चाहिए।

 

10. दूसरों पर निर्भर न हों

 

व्यक्ति को हर मामले में अपने परिवार, दोस्तों या बड़े भाई-बहनों पर निर्भर नहीं होना चाहिए। खासतौर पर हर व्यक्ति को रुपये कमाने चाहिए, ताकि वह आर्थिक रूप से दूसरों पर निर्भर न हो। जब व्यक्ति आर्थिक रूप से दूसरों पर निर्भर नहीं होता, तब वह आत्मनिर्भर बनता है और अपने जीवन से जुड़े फैसले खुद ले सकता है। इसलिए व्यक्ति को दूसरों पर निर्भर रहने की आदत छोड़ देनी चाहिए।

 

इन बुरी आदतों को खत्म करके व्यक्ति न केवल सफलता प्राप्त कर सकता है, बल्कि अपनी जीवनशैली को बेहतर बनाने और अपने कीमती रिश्तों को बचाने में भी सफल हो सकता है।