जगजीतन पांडे, वाराणसी: कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की अष्टमी तिथि पर गोपाष्टमी का पर्व मंगलवार को मनाया जाएगा। उदया तिथि की मान्यता के अनुसार यह पर्व इसी दिन पड़ रहा है। यह उत्सव मथुरा, ब्रज, वृंदावन और काशी में खास तौर पर मनाया जाता है।

इस दिन गाय और बछड़े की पूजा करने की परंपरा है। सुबह गायों को स्नान कराकर सजाया जाता है। फिर फूल, अक्षत और गंध से पूजा और आरती की जाती है। मान्यता है कि भगवान श्रीकृष्ण ने इसी दिन से गायों को चराना शुरू किया था।

यह भी पढ़ें: कार्तिक पूर्णिमा के दिन मनाई जाती है देव दीपावली, इस दिन घर में पूजा कैसे करें?

शुभ मुहूर्त कब है?

  • ​​अष्टमी तिथि आरंभ: 16 नवंबर, सोमवार, रात्रि 12:03 बजे से
  • ​अष्टमी तिथि समाप्त: 17 नवंबर, मंगलवार, रात्रि 01:21 बजे तक
  • ​पर्व की तिथि: उदया तिथि की मान्यता के अनुसार, गोपाष्टमी का त्योहार 17 नवंबर, मंगलवार को मनाया जाएगा।
    ​

गोपाष्टमी पर कैसे करें पूजा?

सुबह जल्दी उठकर स्नान करें। इसके बाद गाय और बछड़ों को साफ पानी से नहलाएं और उन्हें सजाएं। गाय को रोली, चंदन, अक्षत, फूल, धूप और दीप अर्पित करें। फिर विधि से पूजा और आरती करें। दोनों हाथ जोड़कर प्रणाम करें। पूजा के बाद गाय की 7 बार परिक्रमा की जाती है। शास्त्रों के अनुसार गाय की परिक्रमा से पूरी पृथ्वी और 33 कोटि देवताओं की परिक्रमा का फल मिलता है। कुछ जगहों पर गाय के पैरों के बीच से निकलने की परंपरा भी है।

पूजा के अंत में गाय को हरा चारा, गुड़, आटे की लोई या फल खिलाएं। इसके बाद कुछ दूर तक गाय के साथ चलने का विधान है। गाय के साथ भगवान श्रीकृष्ण (बाल गोपाल) की पूजा भी की जाती है। स्वयं भगवान श्रीकृष्ण ने श्रीमद्भगवद्गीता में कहा है, 'गवां मध्ये वसाम्यहम्' अर्थात 'मैं सदैव गायों के बीच ही निवास करता हूं।'

गाय की पूजा करते श्रद्धालु। AI इमेज। Photo Credit: ChatGPT

भागवत पुराण में गोपाष्टमी की कथा क्या है?

भागवत पुराण के वर्णन के अनुसार इंद्र के क्रोध से गोप-गोपियों और गायों की रक्षा के लिए श्रीकृष्ण ने गोवर्धन पर्वत को अपनी छोटी अंगुली पर उठाया था। यह प्रतिपदा से सप्तमी तक सात दिन चला। अष्टमी के दिन इंद्र ने हार मान ली और श्रीकृष्ण की शरण में आए। उन्होंने कामधेनु के दूध से श्रीकृष्ण का अभिषेक किया। तभी से श्रीकृष्ण गोविंद नाम से जाने गए और गोपाष्टमी मनाने की परंपरा शुरू हुई। यह भी मान्यता है कि इसी दिन नंद बाबा ने श्रीकृष्ण को अकेले गायों को वन में चराने की अनुमति दी थी।

यह भी पढ़ें: दीपावली के ठीक 15 दिनों बाद क्यों मनाई जाती है देव दीपावली?

हिंदू धर्म में गाय इतनी अहम क्यों है?

पद्मपुराण के अनुसार गाय सर्वदेवमयी है। इसमें गोमूत्र में भवानी और गोबर में लक्ष्मी का वास माना गया है। खुर में नागदेवता, पैरों में देवता, रंभाने में प्रजापति और थनों में समुद्र बताया गया है। मुख में चारों वेद, सींगों में शंकर और विष्णु, पेट में कार्तिकेय, मस्तक में ब्रह्मा, ललाट में रुद्र और आंखों में सूर्य-चंद्र का वास माना गया है।

धर्म संघ शिक्षा मंडल, वाराणसी के सचिव जगजीतन पांडे के अनुसार सनातन धर्म में गाय, गंगा, गायत्री, गीता और गोविंद को पूजनीय माना गया है। उनका कहना है कि निस्वार्थ भाव से गौ पूजा और सेवा करने से कष्ट दूर होते हैं। इस दिन दान और गौ सेवा से परिवार में सुख-शांति, आरोग्य और समृद्धि बनी रहती है।