मोक्षदायिनी काशी के 84 अर्धचंद्राकार घाटों की श्रृंखला में पंचगंगा घाट का स्थान अत्यंत विशिष्ट और पौराणिक है। यह वही पावन भूमि है, जहाँ से आज पूरी दुनिया को अपनी आभा से मंत्रमुग्ध करने वाले 'देव दीपावली' महापर्व की शुरुआत हुई थी। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इस घाट पर गंगा समेत पांच पवित्र नदियों का गुप्त संगम होता है। जिसके कारण कार्तिक मास में यहाँ स्नान और दीपदान का फल कई गुना बढ़ जाता है। पौराणिक ग्रंथों और काशी खंड के अनुसार, पंचगंगा घाट केवल गंगा नदी का तट नहीं है, बल्कि यहाँ पाँच नदियाँ आपस में मिलती हैं। इनमें गंगा प्रत्यक्ष रूप से प्रवाहित होती हैं, जबकि शेष चार नदियाँ यमुना, सरस्वती, किरणा और धूतपापा गुप्त रूप से आकर इसमें समाहित होती हैं।

 

पौराणिक मान्यताओं के अनुसार, भगवान विष्णु के चरणों से निकली पांच धाराओं के मिलन के कारण ही इस स्थान का नाम 'पंचगंगा' पड़ा। धार्मिक शास्त्रों में यह भी वर्णित है कि पंचगंगा घाट पर एक बार स्नान करने से तीर्थराज प्रयाग में स्नान करने के समान पुण्य की प्राप्ति होती है। मान्यता है कि आज काशी के सभी घाटों पर लाखों दीपों के साथ मनाई जाने वाली भव्य देव दीपावली की नींव पंचगंगा घाट पर ही रखी गई थी। इस घाट पर स्थित ऐतिहासिक पत्थर के दीपस्तंभ को 'हजारा' कहा जाता है। कार्तिक पूर्णिमा के दिन इस दीपस्तंभ पर एक साथ एक हजार दीप प्रज्वलित करने की परंपरा सदियों पुरानी है।

लोक उत्सव से वैश्विक पहचान 

1980 के दशक में पंचगंगा घाट के स्थानीय निवासियों और मल्लाहों ने कार्तिक पूर्णिमा पर अपने पूर्वजों और शहीदों की स्मृति में घाट की सीढ़ियों पर दीये जलाने की शुरुआत की थी। धीरे-धीरे यह परंपरा दशाश्वमेध, अस्सी और अन्य घाटों तक फैली और आज यह काशी के सबसे बड़े सांस्कृतिक व आध्यात्मिक महोत्सव का रूप ले चुकी है।

 

हिंदू पंचांग के अनुसार, कार्तिक का महीना भगवान विष्णु और माता लक्ष्मी को अत्यंत प्रिय माना जाता है। इस दौरान पंचगंगा घाट पर पूरे महीने श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रहती है। मान्यता है कि कार्तिक मास में प्रतिदिन ब्रह्म मुहूर्त में पंचगंगा घाट पर स्नान करने से समस्त पापों का नाश होता है और जन्म-मरण के बंधन से मुक्ति मिलती है। इस महीने घाट पर बांस की ऊंची टोकरी में आकाशदीप जलाकर टांगने की परंपरा भी है। इसे पितरों और देश के वीर शहीदों को मार्ग दिखाने और उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करने का प्रतीक माना जाता है। घाट के ठीक ऊपर भगवान विष्णु का प्रसिद्ध बिंदु माधव मंदिर स्थित है। मान्यता है कि कार्तिक स्नान के बाद बिंदु माधव के दर्शन किए बिना यात्रा अधूरी रहती है।

संत परंपरा और ऐतिहासिक विरासत

पंचगंगा घाट केवल कर्मकांड का केंद्र नहीं, बल्कि भारतीय भक्ति आंदोलन की भी प्रमुख स्थली रहा है। महान संत रामानंद यहीं निवास करते थे और यहीं की सीढ़ियों पर उन्हें संत कबीरदास ने अपना गुरु बनाया था। इसके अतिरिक्त, गोस्वामी तुलसीदास ने भी इसी घाट पर निवास करते हुए अपनी कालजयी रचना 'विनय पत्रिका' के कई प्रमुख पदों की रचना की थी। यह घाट प्राचीन भारतीय स्थापत्य और साधना का भी साक्षी रहा है, जहाँ आज भी प्राचीन मठ, आश्रम और पत्थर की सीढ़ियाँ सदियों पुरानी काशी की जीवंत परंपरा को संजोए हुए हैं।

 

यह भी पढ़ें: शिव के आंसू और रुद्राक्ष की उत्पत्ति, त्रिपुरासुर वध से जुड़ी देव दीपावली की कथा

आस्था, इतिहास और प्रकाश का संगम

आज भले ही देव दीपावली की भव्यता दशाश्वमेध और नमो घाट जैसे बड़े घाटों पर अधिक दिखाई देती हो, लेकिन इस महापर्व की आत्मा आज भी पंचगंगा घाट की सीढ़ियों और 'हजारा दीपस्तंभ' में बसती है। कार्तिक मास में यहाँ आने वाला प्रत्येक श्रद्धालु न केवल पांच नदियों के अदृश्य संगम में आस्था की डुबकी लगाता है, बल्कि काशी की उस सनातन परंपरा से भी जुड़ता है, जो अंधकार से प्रकाश की ओर ले जाती है।
 

यह भी पढ़ें: अयोध्या के दीपोत्सव के बाद खाली बचे तेल का क्या हुआ? तस्वीरें भावुक कर देंगी

कैसे पहुँचें और दर्शन का सही समय

पंचगंगा घाट वाराणसी के पक्का महाल (पुराने शहर) क्षेत्र में स्थित है। सड़क मार्ग से यहाँ पहुँचने के लिए मैदागिन चौराहा या काल भैरव मंदिर के रास्ते आना पड़ता है। संकरी गलियों के कारण ई-रिक्शा और ऑटो मैदागिन या भैरवनाथ तक ही जाते हैं। यहां से घाट तक लगभग 5-10 मिनट पैदल चलना पड़ता है। वहीं, जल मार्ग से दशाश्वमेध घाट, अस्सी घाट या नमो घाट से नाव के जरिए सीधे पंचगंगा घाट की सीढ़ियों तक पहुंचा जा सकता है। 

 

कार्तिक मास और देव दीपावली के दौरान यह रास्ता काफी सुगम और मनोरम माना जाता है। वाराणसी कैंट रेलवे स्टेशन से पंचगंगा घाट की दूरी लगभग 5 किलोमीटर और लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट (बाबतपुर) से करीब 26 किलोमीटर है।

 

पंचगंगा घाट पर जाने के लिए ब्रह्म मुहूर्त यानी सुबह 4:30 से 6:30 बजे का समय सबसे अच्छा माना जाता है। इस दौरान श्रद्धालु कार्तिक स्नान के साथ बिंदु माधव मंदिर में मंगला आरती के दर्शन कर सकते हैं। वहीं, शाम 5:30 से 8:00 बजे के बीच घाट पर पहुंचकर आकाशदीप और हजारा दीपस्तंभ पर जलने वाले हजारों दीयों की भव्य छटा देख सकते हैं।