शनिवार का दिन अनुशासन और मेहनत का प्रतीक है। इस दिन लोगों को उनकी मेहनत का फल मिलता है, क्योंकि शनिवार को शनिदेव का खास प्रभाव रहता है। इसी वजह से आज कई लोगों को उनके पुराने कर्मों के फलस्वरूप धन लाभ मिल सकता है। हिंदू पंचांग के मुताबिक, आज कार्तिक महीने की षष्ठी तिथि है। इस दिन का मूलांक 4 बनता है, जो अनुशासन, दृढ़ संकल्प और स्थिरता का प्रतीक है। आज चंद्रदेव उच्च ऊर्जावान राशि में रहेंगे। सूर्य और बुध तुला राशि में विराजमान हैं। चंद्रदेव मिथुन राशि में रहेंगे, जबकि गुरुदेव सिंह राशि में विराजमान रहेंगे, जिससे सिंह राशि के लोगों को समाज में सम्मान मिलेगा। ग्रहों की यह स्थिति बौद्धिक संतुलन, सामाजिक संपर्कों में मजबूती और सोच-समझकर निर्णय लेने को बल दे रही है।

 

शनिवार का दिन होने के कारण कर्मफल दाता शनिदेव का प्रभाव रहेगा। इससे लंबे समय से अटके हुए काम आज के दिन पूरे हो सकते हैं। आज की ऊर्जा लोगों को एक नई व्यावसायिक स्थिरता और व्यक्तिगत संबंधों में मजबूती देगी। यह दिन आलस को त्यागकर सकारात्मक बदलाव लाने और भविष्य की योजनाओं को ठोस रूप देने के लिए शुभ होगा। आइए, मेष से लेकर मीन राशि तक की सभी 12 राशियों के लिए आज का दिन क्या कुछ खास लेकर आया है।

 

यह भी पढ़ें:  करवा चौथ से लेकर संकष्टी तक, इन व्रतों में चंद्रमा देखकर होता है पारण

आज का राशिफल

1. मेष

 

अगर आज आप एक बार में कोई काम न कर पाएं, तो निराश न हों। उस काम को दोबारा जरूर करें, सफलता जरूर मिलेगी। दफ्तर में अनुशासन से काम करेंगे, तो सिनियर अधिकारी आपसे खुश होंगे।

क्या करें: मन की बात सुनें।

क्या न करें: किसी भी प्रकार के वाद-विवाद से बचें।

 

2. वृषभ

 

व्यापार को बढ़ाने के नए अवसर मिलेंगे। निवेश के लिए दिन शुभ है। पारिवारिक जीवन सुखमय रहेगा। पार्टनर के साथ किसी खूबसूरत जगह घूमने की योजना बन सकती है, जिससे आपसी बॉन्डिंग और गहरी होगी।

क्या करें: अपने खान-पान पर विशेष ध्यान दें।

क्या न करें: दूसरों के मामलों में बेवजह टांग न अड़ाएं।

 

3. मिथुन

 

आज आपको मन में उतार-चढ़ाव महसूस होंगे क्योंकि आज चंद्रदेव आपकी राशि में विराजमान रहेंगे। लव पार्टनर का पूरा सहयोग मिलेगा। मल्टीटास्किंग क्षमता के कारण ऑफिस में आपकी तारीफ होगी। 

क्या करें: अपने विचारों को स्पष्ट रूप से रखें।

क्या न करें: एक साथ बहुत सारी जिम्मेदारियां लेने से बचें।

 

यह भी पढ़ें: 12 महीनों में कार्तिक को ही क्यों मानते हैं मोक्षदायी? स्कंद पुराण से समझें वजह

 

4. कर्क

 

नौकरीपेशा लोगों को प्रमोशन या मनचाहा ट्रांसफर मिलने की खुशखबरी मिल सकती है। पुराने निवेश से अच्छा रिटर्न प्राप्त होगा। जीवनसाथी के साथ भावनात्मक जुड़ाव मजबूत होगा।

क्या करें: जरूरतमंदों की सहायता करें।

क्या न करें: पुरानी नकारात्मक बातों को वर्तमान में न दोहराएं।

 

5. सिंह

 

नेतृत्व क्षमता के बल पर आप कठिन लक्ष्यों को भी आसानी से हासिल कर लेंगे। आर्थिक दृष्टि से दिन उत्तम है। लव लाइफ में उत्साह और रोमांस बना रहेगा। पार्टनर के साथ खुलकर अपने दिल की बात शेयर करें।

क्या करें: अपने आत्मविश्वास को उच्च बनाए रखें।

क्या न करें: गुस्से में आकर निर्णय न लें।

 

6. कन्या

 

नौकरी में आपकी क्रिएटिविटी की तारीफ होगी। आर्थिक मामलों में बजट बनाकर चलना आपके लिए फायदेमंद साबित होगा। लव पार्टनर का सहयोग आपके हर कदम पर बना रहेगा।

क्या करें: हर काम को योजनाबद्ध तरीके से पूरा करें।

क्या न करें: अपनी सेहत की उपेक्षा बिल्कुल न करें।

 

7. तुला

 

दफ्तर में सहकर्मियों के साथ मिलकर किए गए कार्य सफल होंगे। साझेदारी के व्यापार में बड़ा मुनाफा हो सकता है। आर्थिक स्थिति संतुलित और संतोषजनक बनी रहेगी। प्रेम संबंधों में चल रही खटास दूर होगी।

क्या करें: क्रिएटिव कामों में रुचि लें।

क्या न करें: निर्णय लेने में अधिक दुविधा या विलंब न करें।

 

यह भी पढ़ें: 16 सोमवार का व्रत सिर्फ पति के लिए नहीं, हर मनोकामना पूरी करने के लिए भी है खास

 

8. वृश्चिक

 

आपके छिपे हुए विरोधी आपके सामने हार जाएंगे। नौकरी में आपके काम में सुधार दिखेगा। धन लाभ के योग हैं, लेकिन खर्चों पर भी नजर रखें। जीवनसाथी के साथ किसी जरूरी मुद्दे पर गंभीर चर्चा हो सकती है।

क्या करें: अपनी गुप्त रणनीतियों को किसी के साथ शेयर न करें।

क्या न करें: किसी की बातों में आकर जल्दबाजी में कोई बड़ा वित्तीय निर्णय न लें।

 

9. धनु

 

नौकरी में नई जिम्मेदारियां मिलेंगी, जो भविष्य में लाभ देंगी। आर्थिक स्थिति में सुधार होगा। दांपत्य जीवन में खुशियां आएंगी। दोस्तों के साथ किसी पार्टी या गेट-टुगेदर में जाने का मौका मिल सकता है।

क्या करें: सकारात्मक सोच रखें।

क्या न करें: उत्साह में आकर कोई भी गैर-जिम्मेदाराना वादा करने से बचें।

 

यह भी पढ़ें: करवा चौथ व्रत रखने से पहले जानें सारे नियम, वरना व्रत रह जाएगा अधूरा

 

10. मकर

 

नौकरी में आपकी मेहनत का परिणाम मिलेगा। पैतृक संपत्ति से लाभ होने की संभावना है। नया व्यवसाय शुरू करने के लिए दिन शुभ है। परिवार के साथ समय बिताने से घर का माहौल सुधरेगा।

क्या करें: अपने लक्ष्यों के प्रति पूरी तरह समर्पित रहें।

क्या न करें: काम के तनाव को अपने ऊपर हावी न होने दें।

 

11. कुंभ

 

नेटवर्किंग और सोशल संपर्कों से आपको बड़ा व्यावसायिक लाभ मिल सकता है। मीडिया क्षेत्र से जुड़े लोगों के लिए दिन विशेष रूप से फलदायी रहेगा। वैवाहिक जीवन में आपसी तालमेल बेहतरीन रहेगा।

क्या करें: नए विचारों को खुले मन से स्वीकार करें।

क्या न करें: अपनी योजनाओं को समय से पहले दूसरों को न बताएं।

 

12. मीन

 

आपको आर्थिक मामलों में भाग्य का पूरा साथ मिलेगा। रुका हुआ धन वापस मिल सकता है। लव पार्टनर के साथ बिताए गए पल यादगार रहेंगे, जिससे आपको मानसिक शांति की प्राप्ति होगी।

क्या करें: प्राणायाम करें, जिससे मानसिक शांति मिलेगी।

क्या न करें: भावनाओं में बहकर कोई भी फैसला न लें।

 

नोट: यह लेख धार्मिक मान्यताओं और ज्योतिषीय गणनाओं पर आधारित है। इसकी पुष्टि हम नहीं करते हैं।